दिल्ली कैपिटल्स के स्टार खिलाड़ी अभिषेक पोरेल की मुसीबत कम होने का नाम नहीं ले रही है. पहले उन्हें यौन संबंध के आरोप में गिरफ्तार किया गया. अब कोर्ट से उन्हें बड़ा झटका लगा है. उनकी जमानत याचिका खारिज कर दी गई है. कोर्ट ने 14 अगस्त को जमानत देने से उन्हें इनकार कर दिया है. उन्हें 14 दिनों की हिरासत में भेज दिया गया है, जिससे उन्हें तगड़ा झटका लगा है.
क्या था मामला?
पोरेल बंगाल के लिए घरेलू खेलते हैं. पोरेल पर एक मेडिकल छात्रा ने शादी का वादा करके यौन संबंध बनाने का आरोप लगाया है, जिसके बाद पुलिस ने उत्तर 24 परगना जिले के दम दम स्थित उनके घर से गिरफ्तार कर लिया. इसके बाद उन्हें 11 अगस्त को पेश किया गया था और 3 दिन की पुलिस हिरासत में भेजा गया था. इससे पहले कलकत्ता हाईकोर्ट ने इस मामले में शिकायतकर्ता की तस्वीर के प्रसार को रोकने के लिए उनके इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जब्त करने का आदेश दिया था.
23 जून को मेडिकल छात्रा ने मोगरा पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई थी. जिसमें उन्होंने पोरेल पर आरोप लगाते हुए कहा था कि दोनों 3 सालों से रिलेशनशिप में थे और शादी करने का प्लान बना रहे थे. महिला ने ये भी आरोप लगाया कि दोनों ने एक साथ विदेश की भी सैर की थी लेकिन बाद में पोरेल करने से मना कर दिया था. शिकायत के मुताबिक करीब 1.5 साल से दोनों के बीच विवाद बढ़ा था.
पोरेल के करियर पर एक नजर
23 साल के पोरेल ने अब तक बंगाल के लिए 32 फर्स्ट क्लास मैच में 31.28 की औसत के साथ 1408 रन बनाए हैं. इसके अलावा लिस्ट A के 23 मैचों में उन्होंने 43.84 की औसत के साथ 833 रन बनाए हैं. वहीं, 61 टी-20 मैच में उन्होंने 30 की औसत के साथ 1590 रन बनाए हैं. आईपीएल में अब तक उन्होंने 35 मैच में 769 रन बनाए हैं. उन्होंने 3 अर्धशतक भी अपने नाम किए हैं. आईपीएल 2026 में उन्होंने 4 मैच में 108 रन बनाए थे.