Mohammad Shami: भारत और इंग्लैंड के बीच अभी टेस्ट सीरीज चल रही है। इसी बीच भारतीय टीम और प्रशंसकों को बड़ा झटका लगा है। कुछ समय पहले खबर आई थी कि अर्शदीप सिंह को प्रैक्टिस सेशन के दौरान चोट लग गई थी। उनके आने वाले मैचों में उपलब्ध रहने को लेकर सवालिया निशान हैं। इसी बीच तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी को लेकर बड़ा अपडेट सामने आ रहा है।
मोहम्मद शमी जल्द मैदान पर कर सकते हैं वापसी
मोहम्मद शमी चोट के चलते आईपीएल 2025 से बाहर हो गए थे और वो मौजूदा इंग्लैंड टूर में भी भारत के साथ नहीं हैं। हालांकि, उनकी वापसी के संकेत मिले हैं। क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ बंगाल ने आगामी घरेलू सत्र के लिए मोहम्मद शमी का नाम 50 संभावित खिलाड़ियों में रखा है। यह संकेत दे रहा है कि शामी फिट हो चुके हैं, या वो पूरी तरह फिट होने के बेहद करीब हैं। मोहम्मद शमी के दुलीप ट्रॉफी में ईस्ट ज़ोन से खेलने की भी संभावना नजर आ रही है।
जरूरत पड़ने पर मोहम्मद शमी को लेकर हो सकता है विचार
भारतीय क्रिकेट टीम के सामने अभी बड़ा चैलेंज है। अर्शदीप चोटिल हो चुके हैं और उनके खेलने पर सवाल हैं। इसी के साथ जसप्रीत बुमराह ने पहले ही कह दिया है कि वो इंग्लैंड के खिलाफ सिर्फ तीन ही टेस्ट मैच खेलने वाले हैं। जसप्रीत ने पहले और तीसरे टेस्ट में भारत के लिए शानदार प्रदर्शन किया। अगर चौथे टेस्ट में बुमराह खेलते हैं, तो यह बात लगभग पक्की हो जाएगी कि पांचवें टेस्ट में वो नहीं खेलेंगे। अगर बुमराह उपलब्ध नहीं रहेंगे और अर्शदीप की चोट गहरी रही, तो फिर बीसीसीआई और चयनकर्ता मोहम्मद शमी को शामिल करने पर विचार कर सकते हैं। हालांकि, इसकी संभावना बेहद कम है।
मोहम्मद शमी को वेस्ट इंडीज के खिलाफ सीरीज में मिल सकता है मौका
मोहम्मद शमी अगर अभी फिट नहीं होते हैं और इंग्लैंड के खिलाफ नजर नहीं आते हैं, तो वेस्ट इंडीज के खिलाफ आगामी श्रृंखला में उन्हें शामिल किया जा सकता है। घरेलू सत्र में खेलकर शमी खुद को साबित कर सकते हैं। इसके बाद अक्टूबर 2025 में वेस्ट इंडीज के खिलाफ होने वाली दो मैचों की टेस्ट सीरीज में शमी को शामिल करने पर विचार हो सकता है। खैर, यह सभी चीजें मोहम्मद शमी की फिटनेस पर निर्भर करती हैं।