BBL 2025-26 Full Schedule: इन दिनों क्रिकेट का रोमांचक चरम पर है. एक तरफ जहां भारत-इंग्लैंड के बीच टेस्ट सीरीज चल रही है. वहीं ऑस्ट्रेलिया की टीम वेस्टइंडीज के खिलाफ उसी के घर में टेस्ट सीरीज खेलने गई है. इस बीच एक बड़ी टी20 लीग के नए सीजन का शेड्यूल जारी हो गया है. 3 जुलाई 2025 को क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने बिग बैश लीग 2025-26 का आधिकारिक शेड्यूल जारी कर दिया. 15वें सीजन का आगाज 14 दिसंबर से होगा, जबकि खिताबी मुकाबला 25 जनवरी 2025 को खेला जाएगा.
कई बड़े खिलाड़ी पूरे सीजन नहीं खेल पाएंगे
बिग बैश लीग का 15वां सीजन इस बार 14 दिसंबर से शुरू हो रहा है. इस समय कंगारू टीम इंग्लैंड के खिलाफ एशेज सीरीज खेल रही होगी. यही वजह है कि इस बार बड़े खिलाड़ियों के लिए बिग बैश लीग में खेलने के लिए सिर्फ 2 हफ्तों की विंडो मिलेगी. एशेज का आखिरी टेस्ट मैच 8 जनवरी को खत्म होगा, जिसके बाद ऑस्ट्रेलियाई टीम के स्टार खिलाड़ी इस सीजन का हिस्सा बनेंगे. आखिरी 10 दिन यानी नॉकआउट गेम्स में स्टार खिलाड़ी उपलब्ध हो पाएंगे.
पिछले सीजन कौन बना था चैंपियन, इस बार पहला मैच किसके बीच?
आगामी बीबीएल के 15वें सीजन का पहला मुकाबला पर्थ स्कॉर्चर्स और सिडनी सिक्सर्स के बीच में खेला जाएगा. पिछले सीजन का फाइनल होबार्ट हरिकेन्स बनाम सिडनी थंडर के बीच हुआ था, जिसमें होबार्ट की टीम चैंपियन बनी थी. फाइलन में जीत के हीरो मिचेल ओवन थे, जिन्होंने तूफानी अंदाज में शतक ठोका था. उन्होंने होबार्ट के लिए ओपनिंग करते हुए 42 गेंदों पर 11 छक्के और 6 चौकों के दम पर 108 रन बनाए थे. उनकी इस पारी के दम पर होबार्ट ने 183 रनों का टारगेट महज 14.1 ओवर में हासिल कर लिया था.
कुल कितने मैच खेले जाएंगे?
बीबीएल 2025-26 सीजन में फाइनल को मिलाकर 44 मैच होंगे. कुल 8 टीमें हिस्सा ले रही हैं. शेड्यूल के अनुसार, हर एक टीम पहले 10 दिन के खेल में अपने घर पर कम से कम एक मुकाबला जरूर खेलेगी. सीजन का क्वालीफायर मुकाबला 20 जनवरी को होगा. चैलेंजर मैच 21 जनवरी, जबकि 23 जनवरी को नॉकआउट मुकाबला तय किया गया है. फाइनल 25 जनवरी को होगा. फिलहाल चार बड़े नॉकआउट मुकाबलों के वेन्यू का ऐलान नहीं किया गया है.
बिग बैश लीग 2025-26 का पूरा शेड्यूल यहां देखें