IND A vs SA A: आईपीएल 2025 का खिताब इस बार रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने जीता। आरसीबी का ये पहला आईपीएल खिताब भी था, हालांकि खिताब का जश्न मनाने के दौरान समारोह में भगदड़ मच गई थी। बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम के बाहर हुई इस भगदड़ में 11 लोगों की मौत हो गई थी। अब इसको देखते हुए बीसीसीआई ने इंडिया ए और साउथ अफ्रीका के बीच होने वाली वनडे सीरीज के वेन्यू में बदलाव करने का फैसला किया है। पहले ये सीरीज चिन्नास्वामी स्टेडियम में ही होने वाली थी।
बीसीसीआई ने नहीं बताया कोई ठोस कारण
हालांकि बीसीसीआई ने सीरीज में बदलाव करने का कोई आधिकारिक कारण नहीं बताया है। इसको लेकर केएससीए के अध्यक्ष रघुराम भट्ट का कहना है कि वनडे सीरीज के लिए बदले गए वेन्यू का 5 जून को बेगंलुरु में हुई भगदड़ से कोई लेना देना नहीं है।
राजकोट में खेली जाएगी वनडे सीरीज
अक्टूबर में साउथ अफ्रीका ए की टीम भारत का दौरा करने वाली है। इस दौरे पर इंडिया ए और साउथ अफ्रीका ए की टीमो के बीच 2 टेस्ट और 3 वनडे मैच खेले जाएंगे। पहले दोनों टीमों के बीच 2 मैचों की टेस्ट सीरीज खेली जाएगी। सीरीज का पहला मैच 30 अक्टूबर ने 2 नवंबर तक खेला जाएगा। इसके बाद दूसरा टेस्ट मैच 6 नवंबर से 9 नवंबर तक खेला जाएगा। ये दोनों मैच भारतीय समयानुसार सुबह 9:30 बजे खेले जाएंगे।
इसके बाद दोनों टीमों के बीच 3 मैचों की वनडे सीरीज खेली जाएगी। जिसका पहला मैच 13 नवंबर को राजकोट में खेला जाएगा। इसके बाद दूसरा वनडे 16 और तीसरा वनडे मैच 19 नवंबर को राजकोट में खेला जाएगा।