हमारे साथ जुड़ें X IG YT FB
Trending: CJP ProtestGyanesh KumarSIRBigg Boss 20

Asian Games 2026: भारतीय महिला 4×400m रिले टीम ने जीता गोल्ड मेडल, 6 गोल्ड के साथ 10वें नंबर पर पहुंचा भारत

Asian Games 2026: एशियन गेम्स 2026 के 10वें दिन एथलेटिक्स में भारतीय खिलाड़ियों का जलवा देखने को मिला. भारतीय महिला 4×400 मीटर रिले टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए गोल्ड मेडल अपने नाम किया, जबकि पुरुष 4×400 मीटर रिले टीम ने ब्रॉन्ज मेडल जीता. इसके अलावा, भारत ने 4×100 मीटर मिश्रित रिले में ब्रॉन्ज मेडल जीता और पूजा ने महिला हाई जंप में ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम किया.

विज्ञापन
एशियन गेम्स 2026 में भारत को मिला 6 गोल्ड मेडल (PIC Credit- X)

Live Updates

18:46 (IST) 29 Sept 2026

Asian Games LIVE: 10वें दिन भारत का शानदार प्रदर्शन

एशियन गेम्स 2026 के 10वें दिन भारत ने निशानेबाजी, एथलेटिक्स और मुक्केबाजी में शानदार प्रदर्शन किया. भारतीय खिलाड़ियों ने कई मेडल पक्के किए और मेडल टैली में देश की स्थिति मजबूत की.

निशानेबाजी: नीरू ढांडा ने महिला ट्रैप स्पर्धा में गोल्ड मेडल जीता.
निशानेबाजी: भारतीय टीम ने महिला ट्रैप टीम स्पर्धा में सिल्वर मेडल अपने नाम किया.
एथलेटिक्स: गुलवीर सिंह ने पुरुषों की 5000 मीटर दौड़ में ब्राॉन्ज मेडल जीता.
एथलेटिक्स: भारत ने 4×100 मीटर मिश्रित रिले में ब्रॉन्ज मेडल हासिल किया.
एथलेटिक्स: पूजा ने महिला हाई जंप में ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम किया.
एथलेटिक्स: भारतीय महिला टीम ने 4×400 मीटर रिले में शानदार प्रदर्शन करते हुए गोल्ड मेडल जीता.
एथलेटिक्स: भारत ने पुरुषों की 4×400 मीटर रिले में ब्रॉन्ज मेडल हासिल किया.
मुक्केबाजी: नरेंद्र बरवाल को +90 किग्रा सेमीफाइनल में आइबेक ओरलबे के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा. इसके साथ उन्हें ब्रॉन्ज मेडल से संतोष करना पड़ा.
मुक्केबाजी: परवीन ने महिला 65 किग्रा सेमीफाइनल में ली शू को हराकर फाइनल में जगह बनाई. इसके साथ उनका कम से कम रजत पदक पक्का हो गया.
मुक्केबाजी: अंकुश ने फजलिद्दीन एरकिनबोएव को हराकर पुरुष 80 किग्रा वर्ग के फाइनल में प्रवेश किया. उनका भी कम से कम सिल्वर मेडल पक्का हो गया.

18:18 (IST) 29 Sept 2026

Asian Games LIVE: भारतीय मेंस 4x400 मीटर रिले में जीता ब्रॉन्ज मेडल

4x400 मीटर महिला रिले में जीता गोल्ड जीतने के बाद भारत ने मेंस 4×400 मीटर रिले में ब्रॉन्ज मेडल जीता है. भारत को ब्रॉन्ज मेडल दिलाने में दूसरे और चौथे नंबर पर टी मनु और टीके विशाल ने शानदार दौड़ लगाई. हालांकि, वे जापान (गोल्ड) और कतर (सिल्वर) से आगे नहीं निकल पाए और उन्हें ब्रॉन्ज से ही संतोष करना पड़ा.

18:10 (IST) 29 Sept 2026

Asian Games LIVE: भारत ने 4x400 मीटर महिला रिले में जीता गोल्ड मेडल

एशियन गेम्स 2026 में भारत को एक और गोल्ड मेडल मिल गया है. भारतीय महिला टीम ने 4×400 मीटर रिले रेस में गोल्ड मेडल अपने नाम किया. किरण, एम पूवम्मा, प्राची और विद्या रामराज ने शानदार दौड़ लगाते हुए महिलाओं की 4×400 मीटर रिले में पहला स्थान हासिल किया और मौजूदा एशियन गेम्स में भारत के लिए पहला एथलेटिक्स गोल्ड मेडल जीता. वहीं, बहरीन ने सिल्वर और चीन ने ब्रॉन्ज मेडल जीता.

18:01 (IST) 29 Sept 2026

Asian Games LIVE: पूजा ने हाई जंप में जीता ब्रॉन्ज मेडल

पूजा ने महिलाओं की हाई जंप में ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम कर लिया है. पूजा 1.87 मीटर की ऊंचाई पर तीन बार असफल रही, जिसके कारण वह तीसरे स्थान से ऊपर नहीं जा पाईं. लेकिन उनके आस-पास के अन्य खिलाड़ियों की असफलता के चलते उन्हें 1.84 मीटर के सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के साथ ‘काउंटबैक’ नियम के आधार पर उन्हें ब्रॉन्ज मेडल मिला.

17:25 (IST) 29 Sept 2026

Asian Games LIVE: 4x100 रिले में भारत को मिला ब्रॉन्ज

4x100 रिले रेस में भारतीय टीम ने ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम किया है. गुरिंदरवीर सिंह, अनिमेष कुजूर, स्नेहा शानुवली और हरिता भद्रा ने मिक्स्ड रिले में ब्रॉन्ज दिलाया है. अब भारत के पदकों की संख्या 49 पहुंच गई है. 

17:07 (IST) 29 Sept 2026

Asian Games LIVE: गुलवीर सिंह ने जीता ब्रॉन्ज

गुलवीर सिंह ने 13:32.75 मिनट का समय निकालते हुए 5000 मीटर में ब्रॉन्ज अपने नाम किया. उन्होंने एशियन गेम्स में तीसरा मेडल जीतकर इतिहास रच दिया है.

16:49 (IST) 29 Sept 2026

Asian Games LIVE: मेडल नहीं जीत पाए मोहम्मद अफसल

मोहम्मद अफसल का मेंस के 800 मीटर फाइनल मुकाबले में मेडल जीतने का सपना टूट गया है. वो अंतिम स्थान पर रहे. जापान के एथलीट ने गोल्ड पर कब्जा किया है. वहीं ईरान के अली अमीरियन ने सिल्वर जीता और कतर के अबूबकर अब्दल्ला ने ब्रॉन्ज अपने नाम किया.

16:34 (IST) 29 Sept 2026

Asian Games LIVE: पूजा ने किया निराश

वुमेंस की 800 मीटर फाइनल मुकाबले में 2:06.72 मिनट का समय निकालकर पूजा 7वें नंबर पर रही हैं. चीन की होंगजियाओ ने गोल्ड जीता. वहीं बहरीन की नेली कोरिर ने सिल्वर और जापान की जॉय आइरिस मैकार्थर ने ब्रॉन्ज अपने नाम किया.

16:19 (IST) 29 Sept 2026

Asian Games LIVE: हैमर थ्रो फाइनल मैच हुआ शुरू

वुमेंस की हैमर थ्रो में भी मेडल की उम्मीद है. फाइनल मैच अनुष्का यादव और तन्या चौधरी मैदान में आ गई हैं. दोनों से बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद की जा रही है.

16:04 (IST) 29 Sept 2026

Asian Games LIVE: पोल वॉल्ट स्पर्धा में मिली निराशा

मेंस की पोल वॉल्ट स्पर्धा में देव कुमार मीणा और कुलदीप कुमार से मेडल की उम्मीद की जा रही थी लेकिन मामला गड़बड़ा गया है. दोनों टॉप-2 से बाहर चल रहे हैं. मेडल जीतने की उम्मीदें अब धीरे-धीरे खत्म हो रही हैं.

15:50 (IST) 29 Sept 2026

Asian Games LIVE: भारत ने कतर को दी मात

कतर और भारत के बीच रोमांचक वॉलीवॉल मैच खत्म हो गया है. भारत पहले दो सेट हार गया था. इसके बाद लगातार तीन सेट जीतकर भारत ने मैच अपने नाम कर लिया है. भारत ने निर्णायक सेट को 24-22 से अपने नाम किया.

15:38 (IST) 29 Sept 2026

Asian Games LIVE: ऊंची कूद में कुलदीप का बढ़िया प्रदर्शन

ऊंची कूद में अब कुलदीप कुमार ब्रॉन्ज मेडल जीत सकते हैं. वो तीसरे नंबर पर आ गए हैं. जापान के तोमोया करासावा पहले और चीन के यान-हान दूसरे नंबर पर चल रहे हैं.

15:03 (IST) 29 Sept 2026

Asian Games LIVE: वॉलीवॉल में भारत का कमाल

कतर के खिलाफ पहले दो सेटों में भारतीय टीम को हार का सामना करना पड़ा था. भारत ने इसके बाद लगातार दो सेट जीतकर स्कोर 2-2 से बराबर कर लिया है. टीम ने चौथा सेट 25-20 से जीता. अब पांचवें सेट में मैच का नतीजा निकलेगा.

14:59 (IST) 29 Sept 2026

Asian Games LIVE: अब सभी की नजरें एथलेटिक्स इवेंट्स पर

अब भारतीय दल का फोकस एथलेटिक्स इवेंट्स पर होगा. भारत के देव कुमार मीणा और कुलदीप कुमार मेंस के पोल वॉल्ट फाइनल में परफॉर्म करेंगे.

14:41 (IST) 29 Sept 2026

Asian Games LIVE: वॉलीबॉल टीम की वापसी

भारत ने तीसरे सेट में वापसी की. टीम इंडिया ने 25-23 से सेट अपने नाम किया. कतर का सीधे सेटों में मैच जीतने का सपना टूट गया है. भारत ने दूसरा सेट अपनी गलती से गंवाया. 

14:16 (IST) 29 Sept 2026

Asian Games LIVE: वॉलीबॉल में भारत की दूसरे राउंड में हार

कतर के खिलाफ वॉलीवॉल में दूसरे राउंड में शुरुआत में भारत ने बढ़त बनाई लेकिन इसे बरकरार नहीं रख पाए. भारत दूसरा सेट भी 25-27 से हार गया है. अब भारत को किसी भी हाल में तीसरा सेट जीतना पड़ेगा.

14:12 (IST) 29 Sept 2026

Asian Games LIVE: साइकिलिंग में मिल सकता है ब्रॉन्ज

साइकिलिंग में ब्रॉन्ज की उम्मीदें बढ़ गई हैं. भारत की वुमेंस टीम ने परस्यूट हीट्स में 4:46.950 का समय निकाल कर ब्रॉन्ज मेडल रेस के लिए क्वालिफाई कर लिया है.

13:44 (IST) 29 Sept 2026

Asian Games LIVE: टेनिस मेंस डबल्स में खिलाड़ियों का कमाल

अनिरुद्ध चंद्रशेखर और एन श्रीराम बालाजी को भी सफलता मिली है. दोनों ने नेपाल के अभिषेक बास्तोला और प्रदीप खड़का को 6-2, 6-1 से हराकर मेंस डबल के क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली है.

13:32 (IST) 29 Sept 2026

Asian Games LIVE: कतर ने भारत को पहले राउंड में हराया

भारत और कतर के बीच मेंस वॉलीबॉल पूल C का मैच देखने को मिला. कतर ने पहले सेट में 28-26 से जीत दर्ज की. टीम इंडिया ने कड़ी टक्कर दी लेकिन सिर्फ दो पॉइंट से वह पीछे रह गए. अभी मैच में समय है और भारतीय खिलाड़ी वापसी कर सकते हैं.

13:02 (IST) 29 Sept 2026

Asian Games LIVE: सुमित नागल ने सेओंगचैन होंग को हराया

मेंस टेनिस के दूसरे राउंड के मैच में सुमित नागल ने साउथ कोरिया के सेओंगचैन होंग को हरा दिया. भारतीय एथलीट ने 6-4 और 6-0 से जीत दर्ज की और अब वह तीसरे राउंड में कदम रखेंगे.

12:35 (IST) 29 Sept 2026

Asian Games LIVE: शपथ भारद्वाज ट्रैप फाइनल से बाहर

शपथ भारद्वाज के लिए मेंस ट्रैप का व्यक्तिगत फाइनल निराशाजनक साबित हुआ. वह आठवें स्थान पर रहे. शपथ 10 में से सिर्फ 7 शॉट्स लगाने में सफल रहे और प्रतियोगिता से बाहर हो गए.

12:14 (IST) 29 Sept 2026

Asian Games LIVE: नरेंद्र बेरवाल ने जीता ब्रॉन्ज मेडल

भारत के नरेंद्र बेरवाल की मेंस 90 किलोग्राम बॉक्सिंग इवेंट में कजाकिस्तान के बॉक्सर ऐबक ओरलबे से भिड़ंत हुई. इस सेमीफाइनल मैच में नरेंदर को हार का सामना करना पड़ा. इस हार के चलते नरेंदर को ब्रॉन्ज मेडल से संतुष्ट होना पड़ेगा.

11:55 (IST) 29 Sept 2026

Asian Games LIVE: अंकुश पंघाल ने फाइनल में जगह बनाई

अंकुश पंघाल ने मेंस 80 किलोग्राम के सेमीफाइनल मैच में फाजलिद्दीन एर्किनबोइव का सामना किया. उन्होंने लगातार तीन ग्राउंड जीते और मेंस 80 किलोग्राम गोल्ड मेडल फाइनल में जगह बनाई. उन्होंने भारत के लिए कम से कम सिल्वर मेडल तो पक्का कर लिया है.

11:20 (IST) 29 Sept 2026

Asian Games LIVE: नीरू ढांडा ने जीता गोल्ड मेडल

नीरू ढांडा ने इतिहास रच दिया. उन्होंने वुमेंस ट्रैप व्यक्तिगत इवेंट में गोल्ड मेडल अपने नाम किया. यह भारत का इस एशियन गेम्स में शूटिंग में पहला व्यक्तिगत गोल्ड है. उनका फाइनल स्कोर 28 था, वहीं दूसरे स्थान पर चीन की सुन युनोंग रहीं, जिन्होंने 26 शॉट्स अर्जित किए.

10:57 (IST) 29 Sept 2026

Asian Games LIVE: परवीन हूडा ने पक्का किया भारत का सिल्वर मेडल

भारत की परवीन हूडा ने वुमेंस 65 किलोग्राम वर्ग के फाइनल के लिए क्वालीफाई कर लिया है. उन्होंने तीसरे राउंड में 4-1 से जीत दर्ज की. फाइनल में एंट्री के साथ भारत का एक मेडल पक्का हो गया है.

10:26 (IST) 29 Sept 2026

Asian Games LIVE: रिकर्व के राउंड ऑफ 16 में पहुंचीं भारतीय महिलाऐं

कीर्ति और कुमकुम मोहोद ने वुमेंस रिकर्व के राउंड ऑफ 32 में जीत दर्ज की. कीर्ति की भिड़ंत अब साउथ कोरिया की कांग चेई-यंग से होगी, वहीं कुमकुम मोहोद का मुकाबला राउंड ऑफ 16 में बांग्लादेश की साइमा सलाहुद्दीन से होगा.

10:00 (IST) 29 Sept 2026

Asian Games LIVE: सुरेश ने जीता पहला सेट

भारत के सुरेश दक्षिणेश्वर ने पहले सेट में धमाल मचाया. उन्होंने इंडोनेशिया के गुणवान त्रिसमुवन्तरा को 7-5 से हरा दिया. पहले सेट में जीत से सुरेश का आत्मविश्वास काफी बढ़ा होगा.

09:31 (IST) 29 Sept 2026

Asian Games LIVE: टेनिस इवेंट का दूसरा राउंड शुरू

भारत के सुरेश दक्षिणेश्वर की भिड़ंत इंडोनेशिया के गुणवान त्रिसमुवन्तरा से हो रही है. यह मेंस टेनिस सिंगल्स इवेंट के दूसरे राउंड का मैच है.

09:02 (IST) 29 Sept 2026

Asian Games LIVE: मेंस ट्रैप टीम मेडल की रेस से बाहर

भारतीय मेंस ट्रैप टीम फाइनल में छठे स्थान पर रही. 339 अंकों के साथ उनका सफर खत्म हो गया है. कुवैत टीम 355 अंकों के साथ पहले पायदान पर रही. वुमेंस ट्रैप इवेंट में भारत ने मेडल जरूर जीते, लेकिन मेंस इवेंट में उनकी किस्मत खराब रही.

08:33 (IST) 29 Sept 2026

Asian Games LIVE: साइकिलिंग में भारतीय टीम ने किया निराश

साइकिलिंग में भारत सात टीमों के बीच हुए स्प्रिंग क्वालीफाइंग इवेंट में सातवें स्थान पर रहा. महिला टीम भी 4P इवेंट के क्वालीफाइंग राउंड में अंतिम स्थान पर थी. साइकिलिंग में मेंस और वुमेंस, दोनों टीमों ने निराश किया है.

07:52 (IST) 29 Sept 2026

Asian Games LIVE: भारत ने जीता सिल्वर मेडल

भारतीय महिला ट्रैप टीम इवेंट में नीरू ढांडा, आशिमा अहलावत और मनीषा कीर ने सिल्वर मेडल पर कब्जा किया. नीरू इस प्रतियोगिता में संयुक्त रूप से पहले स्थान पर रहीं.

07:23 (IST) 29 Sept 2026

Asian Games LIVE: अनाहत सिंह और तन्वी खन्ना की शानदार जीत

वुमेंस स्क्वाश टीम इवेंट में अनाहत सिंह और तन्वी खन्ना की जोड़ी ने ईरान को हरा दिया. उन्होंने पूल C के इस मैच में 2-0 से जीत हासिल की. 

07:03 (IST) 29 Sept 2026

Asian Games LIVE: भारत-श्रीलंका के बीच होगा सेमीफाइनल

एशियन गेम्स के क्रिकेट इवेंट में भारत के सेमीफाइनल मैच का ऐलान हो गया है. श्रीलंका और नेपाल के बीच क्वार्टरफाइनल होना था, जो बारिश के कारण रद्द हो गया. श्रीलंका को बेहतर ICC रैंकिंग के चलते सीधे सेमीफाइनल में जगह मिल गई. 1 अक्टूबर को अब भारत-श्रीलंका की भिड़ंत होगी.

06:46 (IST) 29 Sept 2026

Asian Games LIVE: तीरंदाजी में भारत की शानदार शुरुआत

- एशियन गेम्स में भारत का सर्फिंग में सफर खत्म हो गया है. किशोर कुमार अंबरासु को फिलीपींस के टोबी इसपेजॉन के खिलाफ मेंस शॉर्टबोर्ड के क्वार्टरफाइनल में हार का सामना करना पड़ा. 

- धीरज बोमादेवरा ने फिलीपींस के गिर्विन गार्सिया को 6-0 से हराया और राउंड ऑफ 16 में जगह बनाई. इसके अलावा नीरज चौहान ने भी राउंड ऑफ 16 में जगह बना ली.

- विपिन कुमार को मेंस 66 किलोग्राम कुराश इवेंट में साउथ कोरिया के Hyeonsu Yoon ने हरा दिया. 0-3 से हार मिलने के बाद वह क्वार्टरफाइनल के लिए क्वालीफाई करने में असफल रहे.

Asian Games 2026: एशियन गेम्स 2026 के 10वें दिन भारतीय खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कई मेडल अपने नाम किए. 10वें दिन भारत को शूटिंग, एथलेटिक्स और बॉक्सिंग में सफलता मिली. शूटिंग में नीरू ढांडा ने महिला ट्रैप स्पर्धा में गोल्ड मेडल अपने नाम किया, जबकि भारत ने महिला ट्रैप टीम स्पर्धा में सिल्वर मेडल जीता. एथलेटिक्स में भी भारतीय खिलाड़ियों का जलवा देखने को मिला. गुलवीर सिंह ने पुरुषों की 5000 मीटर दौड़ में ब्रॉन्ज मेडल हासिल किया. वहीं, भारतीय महिला 4×400 मीटर रिले टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए गोल्ड मेडल अपने नाम किया, जबकि पुरुष 4×400 मीटर रिले टीम ने ब्रॉन्ज मेडल जीता. इसके अलावा, भारत ने 4×100 मीटर मिश्रित रिले में ब्रॉन्ज मेडल जीता और पूजा ने महिला हाई जंप में ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम किया.

मुक्केबाजी में भी भारत के लिए दिन शानदार रहा. नरेंद्र बरवाल को पुरुषों के 90+ किग्रा वर्ग के सेमीफाइनल में आइबेक ओरलबे के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा, जिसके बाद उन्हें कांस्य पदक मिला. वहीं, परवीन ने महिला 65 किग्रा वर्ग के सेमीफाइनल में ली शू को हराकर फाइनल में जगह बना ली और अपना सिल्वर मेडल पक्का कर लिया. अंकुश ने भी पुरुषों के 80 किग्रा वर्ग के सेमीफाइनल में फजलिद्दीन एरकिनबोएव को हराकर फाइनल में प्रवेश किया. इस जीत के साथ अंकुश ने भी कम से कम सिल्वर मेडल पक्का कर लिया है. इसी के साथ भारत के खाते में अब कुल 52 मेडल हो गए हैं, जिसमें 6 गोल्ड, 21 सिल्वर और 25 ब्रॉन्ज मेडल शामिल है. भारत फिलहाल मेडल टैली में 10वें स्थान पर है.

संबंधित खबरें

न्यूज 24 पर पढ़ें देश, राष्ट्रीय समाचार (National News), खेल, मनोरंजन, धर्म, लाइफ़स्टाइल, हेल्थ, शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।

First published on:

Know More: Editorial Guidelines

लेख समाप्त

लेखक के बारे में

Ujjaval Palanpure

उज्जवल पालनपुरे एक अनुभवी हिंदी कंटेंट राइटर और स्पोर्ट्स जर्नलिस्ट हैं, जिन्हें डिजिटल मीडिया में 7 वर्षों से अधिक का अनुभव है. वह वर्तमान में News24 Hindi में Senior Sub Editor के पद पर कार्यरत हैं, जहां वह मुख्य रूप से क्रिकेट और WWE से जुड़ी खबरों, मैच रिपोर्ट्स और अपडेट्स पर काम करते हैं. अपने लेखन में वह जटिल जानकारी को आसान और स्पष्ट भाषा में समझाने पर विशेष ध्यान देते हैं. उज्जवल ने अपने सफर की शुरुआत Sportskeeda Hindi के साथ की, जहां उन्होंने छह वर्षों तक काम किया. इसके अलावा, उन्होंने ONE Championship के लिए भी अपनी सेवाएं दीं. जुलाई 2025 से उज्जवल News24 Hindi के साथ जुड़े हुए हैं. उज्जवल ने अपने 7 साल से अधिक लंबे पत्रकारिता करियर में वनडे वर्ल्ड कप, T20 वर्ल्ड कप, IPL, FIFA वर्ल्ड कप, एशियन गेम्स, कॉमनवेल्थ गेम्स और WrestleMania समेत कई प्रमुख टूर्नामेंट्स और इवेंट्स कवर किए हैं. खेल पत्रकार के तौर पर अनुभव: 7+ वर्ष डिग्री एवं पढ़ाई: उज्जवल ने सुशीला देवी बंसल कॉलेज ऑफ टेक्नोलॉजी से सॉफ्टवेयर इंजीनियरिंग की पढ़ाई की, जिसके बाद उन्होंने पत्रकारिता में अपना करियर बनाने का फैसला किया. विशेषज्ञता: क्रिकेट, WWE, MMA, कबड्डी, ई-स्पोर्ट्स और गेमिंग
... और पढ़ें

ताज़ा खबरें

Sponsored Links by Taboola