Asia Cup 2025: 23 सितंबर को एशिया कप 2025 में श्रीलंका और पाकिस्तान के बीच मुकाबला खेला गया. पाकिस्तान ने 5 विकेट से मुकाबला जीतकर फाइनल के लिए अपनी दावेदारी को मजबूत कर लिया. इससे पहले पाकिस्तान को भारत के खिलाफ 21 सितंबर को खेले गए सुपर 4 के मुकाबले में हार का सामना करना पड़ा था. श्रीलंका की हार के बाद अब एशिया कप फाइनल की जंग और भी दिलचस्प हो गई है. हालांकि 28 सितंबर को एशिया कप फाइनल में भारत और पाकिस्तान की भिड़ंत हो सकती है. आइए जानते हैं कैसे?
28 सितंबर को भारत और पाकिस्तान के बीच मुकाबला?
भारत को फाइनल में अपनी जगह पक्की करने के लिए 24 सितंबर को बांग्लादेश के खिलाफ मुकाबला हर हाल में जीतना है. इसके बाद 25 सितंबर को बांग्लादेश और पाकिस्तान के बीच मुकाबला होगा. अगर पाकिस्तान इस मैच में बांग्लादेश को हरा देती है तो एक बार फिर भारत और पाकिस्तान का मुकाबला फाइनल में हो सकता है. हालांकि अगर बांग्लादेश पाकिस्तान को रौंद देती है तो समीकरण बदल सकते हैं.
वहीं दूसरी ओर श्रीलंका का फाइनल खेलना मुश्किल हो गया है, क्योंकि श्रीलंका सुपर 4 में अपना 2 मैच गंवा चुकी है. पहले बांग्लादेश ने श्रीलंका को हराया फिर पाकिस्तान ने 5 विकेट से मात देकर फाइनल में पहुंचने की अपनी उम्मीदों को जिंदा रखा है. यानी अब फाइनल में पहुंचने के लिए भारत, बांग्लादेश और पाकिस्तान रेस में सबसे आगे हैं.
बांग्लादेश के पास भी सुनहरा मौका
बांग्लादेश अगर भारत या पाकिस्तान को हरा देती है तो उसका फाइनल में पहुंचने का सपना पूरा हो सकता है. क्योंकि भारत एशिया कप में अब तक तक की सबसे मजबूत टीम है तो ऐसे में बांग्लादेश या फिर श्रीलंका का मेन इन ब्लू को हराना काफी कठिन है. अंक तालिका में भारत पहले स्थान पर है, जबकि पाकिस्तान दूसरे स्थान पर आ चुका है। वहीं बांग्लादेश और श्रीलंका क्रमश 3 और 4 पर हैं.