NASA Alert: सूरज से उठा महातूफान धरती की ओर, आसमान में दिखेगा दुर्लभ नजारा; भारत पर क्या होगा असर?

NASA Alert: सूरज से उठे शक्तिशाली जी3 श्रेणी के सौर तूफान के आज धरती से टकराने की संभावना है, जिससे सैटेलाइट सिग्नल प्रभावित हो सकते हैं और लद्दाख में अरोरा का दुर्लभ नजारा दिख सकता है.

NASA Alert Powerful Solar Storm Heads Toward Earth

धरती से कब टकराएगा सूर्य का महातूफान?

NASA Alert: ब्रह्मांड में दिलचस्पी रखने वाले लोगों के लिए आज रात एक बेहद अनोखा और दुर्लभ नजारा देखने का मौका मिलने वाला है. अमेरिकी स्पेस एजेंसियों नासा (NASA) और नोआ (NOAA) स्पेस वेदर प्रेडिक्शन सेंटर ने सूरज से उठे एक शक्तिशाली सौर तूफान (सोलर स्टॉर्म) को लेकर बड़ी चेतावनी जारी की है. वैज्ञानिकों के मुताबिक 6 जून को सूरज की सतह पर मौजूद ‘एक्टिव रीजन 4461’ नाम के हिस्से में एक बड़ा विस्फोट हुआ था, जिससे एम1.8 (M1.8) श्रेणी की सौर लपटें उठी थीं. इसके साथ ही अंतरिक्ष में तैरता हुआ एक विशाल प्लाज्मा बादल जिसे कोरोनल मास इजेक्शन (CME) कहा जाता है, बहुत तेज रफ्तार से हमारी धरती की ओर बढ़ रहा है और आज रात इसके टकराने की पूरी संभावना है.

विज्ञापन

1400 किमी प्रति सेकंड की रफ्तार

स्पेस वैज्ञानिकों के अनुसार सूरज से निकला यह प्लाज्मा बादल करीब 1400 किलोमीटर प्रति सेकंड की तूफानी रफ्तार से सफर कर रहा है. जब यह आज रात धरती के चुंबकीय क्षेत्र (मैग्नेटिक फील्ड) से टकराएगा, तो एक बड़ा भूचुंबकीय तूफान पैदा होगा. इस सौर तूफान को ‘जी3’ (G3) यानी मजबूत श्रेणी में रखा गया है. विज्ञान की भाषा में सौर तूफानों को जी1 से जी5 तक मापा जाता है, जिसमें जी5 सबसे खतरनाक होता है. इस जी3 स्तर के तूफान के कारण अंतरिक्ष में चक्कर काट रहे सैटेलाइट सिग्नल्स प्रभावित हो सकते हैं, जिससे मोबाइल जीपीएस (GPS) में गड़बड़ी, रेडियो कम्युनिकेशन में रुकावट और कुछ देशों में पावर ग्रिड पर असर पड़ सकता है.

विज्ञापन

लद्दाख के हान्ले में दिखेगी अद्भुत रोशनी

इस सौर तूफान का सबसे खूबसूरत और दिलचस्प पहलू आसमान में दिखने वाला जादुई नजारा होगा जिसे ‘अरोरा’ या नॉर्दन लाइट्स कहा जाता है. आज रात करीब 11:30 बजे से लेकर 9 जून की रात 2:30 बजे के बीच भारत के लद्दाख में स्थित हान्ले जैसी ऊंचे और बेहद अंधेरे वाले इलाकों में आसमान रंग-बिरंगी रोशनी से चमक सकता है. हान्ले समुद्र तल से करीब 4500 मीटर की ऊंचाई पर बसा है और वहां ‘इंडियन एस्ट्रोनॉमिकल ऑब्जर्वेटरी’ भी मौजूद है. इससे पहले इसी साल जनवरी 2026 और साल 2024 में आए सबसे खतरनाक जी5 श्रेणी के तूफान के दौरान भी लद्दाख के आसमान में यह दुर्लभ नजारा रिकॉर्ड किया गया था.

विज्ञापन

आसमान में हल्की लाल या गुलाबी चमक

लद्दाख के अलावा नुब्रा वैली, पैंगोंग त्सो, कश्मीर के ऊंचे पहाड़ी हिस्सों और उत्तराखंड की ऊंची चोटियों पर भी आसमान में हल्की लाल या गुलाबी चमक दिखाई दे सकती है, बशर्ते वहां मौसम पूरी तरह साफ हो. वहीं दूसरी तरफ दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरु और चेन्नई जैसे देश के बड़े महानगरों में रहने वाले लोग इस अद्भुत नजारे को नहीं देख पाएंगे क्योंकि इन शहरों में लाइट पॉल्यूशन (कृत्रिम रोशनी का प्रदूषण) बहुत ज्यादा है. दुनिया के अन्य देशों जैसे कनाडा, अमेरिका, स्कॉटलैंड और आइसलैंड में यह नजारा ज्यादा साफ दिखेगा. वैज्ञानिकों का कहना है कि सौर तूफान की तीव्रता आखिरी समय में बदल भी सकती है, इसलिए अरोरा दिखने की संभावना जरूर है लेकिन इसकी शत-प्रतिशत गारंटी नहीं है.

न्यूज 24 पर पढ़ें देश,राष्ट्रीय समाचार (National News),खेल,मनोरंजन,धर्म,लाइफ़स्टाइल,हेल्थ,शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।

First published on:

और पढ़ें: हमारे संपादकीय दिशानिर्देश और मानक यहाँ देखें।

लेख समाप्त

लेखक के बारे में

Raja Alam

Raja Alam

राजा आलम वर्तमान में News 24 हिंदी (B.A.G. Network) में सीनियर सब एडिटर के पद पर कार्यरत हैं. हिंदी पत्रकारिता में चार वर्षों के अनुभव के साथ नेशनल और वर्ल्ड न्यूज पर बारीकी से लेखन कर रहे हैं. पत्रकारिता की नींव देश की प्रतिष्ठित यूनिवर्सिटी अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी (AMU), अलीगढ़ से रखी, जहां से राजा आलम ने पत्रकारिता की पढ़ाई पूरी की. इसके बाद, हिंदी लेखन में गहराई को और विस्तार दिया जब राजा ने जामिया मिलिया इस्लामिया, नई दिल्ली से हिंदी साहित्य में एम.ए. की डिग्री प्राप्त की. हर रोज़ कुछ नया सीखना और पाठकों तक सही, निष्पक्ष और भरोसेमंद खबर पहुंचाना उनका मुख्य उद्देश्य रहा है. राजा के लेखन में आपको पत्रकारिता की गंभीरता के साथ-साथ पाठकों से जुड़ने वाली सरल भाषा और कंटेंट की विविधता दोनों मिलेंगे.
... और पढ़ें
विज्ञापन
होम पेज पर वापस जाएँ