Swapna Shastra: सोते समय प्रत्येक व्यक्ति को अलग-अलग तरह के सपने दिखाई देते हैं। स्वप्न शास्त्र के अनुसार, हर एक सपने का अच्छा और बुरा प्रभाव व्यक्ति के जीवन पर पड़ता है। जहां कुछ सपने व्यक्ति को भविष्य में घटने वाली अशुभ घटना का संकेत देते हैं। वहीं कुछ सपने जीवन में सुख-शांति, समृद्धि और धन-दौलत आदि के आने से पहले दिखाई देते हैं। आज हम आपको सपने में पैसे, धन-दौलत और नोट आदि के दिखाई देने के अच्छे और बुरे संकेतों के बारे में बताने जा रहे हैं।
करारे नोट का दिखाई देना
स्वप्न शास्त्र के अनुसार, सपने में करारे और नोटों के भंडार का दिखाई देना शुभ होता है। इस सपने का मतलब है कि जल्द ही आपको धन लाभ हो सकता है। आय में भी वृद्धि हो सकती है। वहीं सपने में आपको ये दिखाई देता है कि आप किसी को नोट दे रहे हैं, तो इसे अशुभ माना जाता है। इसका अर्थ है कि आपको पैसों की कमी का सामना करना पड़ सकता है।
सिक्के की आवाज सुनाई देना
सपने में यदि आप खुद को सिक्कों के बीचों बीच देखते हैं, तो ये अशुभ संकेत है। इस सपने का अर्थ है कि आपको धन हानि हो सकती है। वहीं सपने में आपको सिक्के के खड़कने की आवाज सुनाई देती है, तो इसके भी अशुभ माना जाता है।
जमीन से पैसे उठाते हुए देखना
सपने में यदि आप खुद को जमीन पर गिरे सिक्के या नोट को उठाते हुए देखते हैं, तो ये संकेत है कि आपको धन हानि हो सकती है। आने वाले दिनों में आपकी आर्थिक स्थिति कमजोर हो सकती है।
पैसे खोना या फटे नोट का दिखाई देना
सपने में पैसे खोना, फटे नोट या पैसों को लेकर खुद को परेशान दिखाई देना अशुभ होता है। स्वप्न शास्त्र के अनुसार, इस सपने का अर्थ है कि भविष्य में आप पैसों को लेकर परेशान रहेंगे।
सपने में खुद की तरक्की दिखाई देना
स्वप्न शास्त्र के अनुसार, सपने में खुद को पहाड़, किसी ऊंचाई या सफल इंसान देखना शुभ होता है। इस सपने का अर्थ है कि आपको जल्द ही जीवन में सफलता मिल सकती है। वहीं सपने में आप अपने विरोधी को जीवन में सफलता पाते हुए देखते हैं, तो ये आपके लिए संकेत है कि अब आपको जीवन में कड़ी मेहनत करनी है। नहीं तो आप उनसे पीछे रह जाएंगे।
खुद को गिरते हुए देखना
सपने में आप खुद को पहाड़ से गिरते हुए देखते हैं, तो उसे अशुभ माना जाता है। इस सपने का अर्थ है कि आपको जीवन में तरक्की की जगह परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है।
डिस्क्लेमर: यहां दी गई जानकारी शास्त्रों पर आधारित है और केवल जानकारी के लिए दी जा रही है। News24 इसकी पुष्टि नहीं करता है।