Kaalchakra News24 Today, Pandit Suresh Pandey: सनातन धर्म में प्रत्येक मंत्र के जाप का अपना अलग महत्व होता है। माना जाता है कि मंत्रों में विशेष शक्ति होती है, जिसके सही उच्चारण से व्यक्ति के जीवन में सकारात्मक बदलाव आता है। गायत्री मंत्र में 24 अक्षर होते हैं, जो शरीर की अलग-अलग ग्रंथियों को प्रभावित करते हैं। जो लोग नियमित रूप से गायत्री मंत्र का जाप करते हैं, उनके शरीर के 7 चक्रों और 72,000 नाड़ियों पर शुभ प्रभाव पड़ता है। गायत्री मंत्र के 24 अक्षरों में 24 बीज मंत्र हैं, जिनका अलग-अलग परेशानियों में अलग-अलग बीज मंत्र का जाप किया जाता है।
आज के कालचक्र में पंडित सुरेश पांडेय आपको मंत्रों के महामंत्र कहे जाने वाले गायत्री मंत्र के जाप करने के नियम, महत्व और लाभ के बारे में बताएंगे।
गायत्री मंत्र के जाप से मिलेगा महालाभ
- पंडित सुरेश पांडेय के अनुसार, गायत्री मंत्र के जाप से दिमाग पर सकारात्मक प्रभाव पड़ता है। साथ ही प्रतिरोधक क्षमता बढ़ती है। इसके अलावा मन और मस्तिष्क दोनों शांत रहते हैं, जिससे एकाग्रता और याददाश्त मजबूत होती है।
- जो लोग नियमित रूप से गायत्री मंत्र का जाप करते हैं, शरीर में उनका ब्लड सर्कुलेशन तेज हो जाता है। बॉडी में ऑक्सीजन की मात्रा बढ़ती है और फेफड़े भी मजबूत होते हैं।
- जिन लोगों को संतान सुख नहीं मिल रहा है, वो अगर सुबह-शाम गायत्री मंत्र का जाप करते हैं, तो उन्हें जल्द ही संतान सुख मिल सकता है।
- यदि आप पैसों की कमी का सामना कर रहे हैं, तो इसके लिए गायत्री मंत्र का जाप करने से पहले धन की देवी मां लक्ष्मी के नाम का भी जाप करें। अगर ऐसा आप नियमित रूप से करते हैं, तो जल्द ही आपकी आर्थिक स्थिति मजबूत हो सकती है।
गायत्री मंत्र के जाप के नियम
- गायत्री मंत्र का जाप करने से पहले मां सरस्वती, मां भुवनेश्वरी और माता लक्ष्मी का ध्यान लगाएं और फिर मंत्र का उच्चारण करें।
- ब्रह्म मुहूर्त में गायत्री मंत्र का जाप करने से विशेष लाभ मिलता है। इससे एकाग्रता शक्ति बढ़ती है, जिससे व्यक्ति मन लगाकर अपना काम करता है।
- गायत्री मंत्र का जाप प्रातः: काल पूर्व दिशा की ओर मुख करके करना चाहिए।
- शाम में गायत्री मंत्र का जाप करते समय पश्चिम दिशा की ओर मुख होना चाहिए।
- गायत्री मंत्र का जाप हमेशा सीधे बैठकर और आंख बंद करके करना चाहिए।
गायत्री मंत्र के जाप से जुड़े अन्य नियमों के बारे में जानने के लिए आप ये वीडियो देख सकते हैं।
डिस्क्लेमर: यहां दी गई जानकारी ज्योतिष शास्त्र पर आधारित हैं और केवल जानकारी के लिए दी जा रही है। News24 इसकी पुष्टि नहीं करता है।