Hartalika Teej 2025 Upay: आज 26 अगस्त 2025 को देशभर में हरतालिका तीज मनाई जा रही है, जिसे सुहाग का पर्व माना जाता है। इस दिन विवाहित महिलाएं जहां अपने पति की लंबी आयु और खुशहाल वैवाहिक जीवन के लिए व्रत रखती हैं, वहीं अविवाहिक कन्याएं योग्य जीवनसाथी के लिए उपवास रखती हैं। मान्यता है कि सबसे पहले देवी पार्वती ने शिव जी को पाने के लिए ये व्रत रखा था, जिसके बाद उपवास रखने की परंपरा शुरू हो गई है। इस दिन देवी पार्वती और शिव जी की पूजा भी की जाती है।
द्रिक पंचांग के अनुसार, हर साल हरतालिका तीज का व्रत भाद्रपद माह की शुक्ल पक्ष की तृतीया तिथि को रखा जाता है। पूजा के अलावा हरतालिका तीज की रात महिलाओं द्वारा कुछ विशेष उपाय करने भी शुभ रहते हैं, जिनके प्रभाव से जीवन में खुशहाली आती है और कपल के बीच प्रेम बढ़ता है। आइए जानते हैं सौभाग्य और समृद्धि में वृद्धि के लिए तीज के दिन करने वाले तीन प्रभावशाली उपायों के बारे में।
अखंड सौभाग्य का आशीर्वाद पाने का उपाय
आज हरतालिका तीज की रात व्रत का पारण करने से पहले देवी पार्वती की पूजा करें और उनके सामने देसी घी के 5 दीपक जलाएं। साथ ही उन्हें एक लाल गुलाब, 16 श्रृंगार का सामान और पेड़े अर्पित करें। इस दौरान पार्वती चालीसा का एक बार पाठ करें। अंत में अपने खुशहाल जीवन की कामना करें और जाने-अनजाने में की गई गलतियों के लिए माफी मांगें। इससे आपको मां पार्वती की विशेष कृपा प्राप्त होगी। साथ ही मनोकामना पूर्ति का आशीर्वाद मिल सकता है।
सुखी दांपत्य जीवन के लिए करें ये उपाय
सुखमय दांपत्य जीवन के लिए आज रात देवी पार्वती की मूर्ति या तस्वीर के सामने 11 घी के दीपक जलाएं। साथ ही उन्हें पीले रंग की चुनरी चढ़ाएं। इस दौरान पार्वती चालीसा का एक बार पाठ करें।
गृह क्लेश से मुक्ति पाने का उपाय
यदि आपके घर में आए-दिन क्लेश होते हैं या बच्चे आपकी बात नहीं सुनते हैं तो आज रात मां पार्वती के साथ धन की देवी मां लक्ष्मी की पूजा करें। साथ ही उन्हें लाल रंग की चूड़ियां, इत्र, दूध, फूल और खीर अर्पित करें। इससे आपको दोनों देवियों की कृपा प्राप्त होगी और जीवन में आ रहे कष्ट कम होने लगेंगे।
डिस्क्लेमर: यहां दी गई जानकारी धार्मिक मान्यताओं पर आधारित है तथा केवल सूचना के लिए दी जा रही है। News24 इसकी पुष्टि नहीं करता है।