Durga Ashtami 2026 Date: आज शारदीय नवरात्रि की सप्तमी तिथि का व्रत रखा जा रहा है. कई लोग सूर्योदय के बाद तक षष्ठी तिथि होने से छठी तिथि का व्रत कर रहे हैं. ऐसे में तिथियों को लेकर कन्फ्यूजन हो रहा है. आज नवरात्रि का सातवां दिन है. हालांकि, तिथियों में फेरबदल होने के कारण अष्टमी तिथि 18 अक्टूबर को है या 19 अक्टूबर को है इसको लेकर भ्रम बना हुआ है. आइये इसकी सटीक तारीख के बारे में जानते हैं.
अष्टमी कल या परसों कब है?
द्रिक पंचांग के अनुसार, आश्विन माह के शुक्ल पक्ष की अष्टमी तिथि की शुरुआत 18 अक्टूबर को सूर्योदय के बाद सुबह 8 बजकर 27 मिनट पर होगी. इसका समापन अगले दिन 19 अक्टूबर को सुबह 10 बजकर 51 मिनट पर होगा. अष्टमी तिथि का सूर्योदय 19 अक्टूबर को होगा. हिंदू धर्म में तिथि की मान्यता के लिए सूर्योदय तिथि को महत्व दिया जाता है. ऐसे में अष्टमी तिथि 19 अक्टूबर को मान्य होगी. द्रिक पंचांग के मुताबिक, दुर्गा अष्टमी का व्रत और कन्या पूजन 19 अक्टूबर को है.
क्या एक ही दिन है अष्टमी और नवमी?
अष्टमी और नवमी तिथि को लेकर सोशल मीडिया पर काफी चर्चा हो रही है. कई लोग दोनों तिथियों के एक होने का दावा कर रहे हैं. बता दें कि, नवमी तिथि 19 अक्टूबर को सुबह 10 बजकर 51 मिनट से लेकर 20 अक्टूबर की दोपहर को 12 बजकर 50 मिनट तक रहेगी. पंचांग के अनुसार महा अष्टमी का व्रत और महा नवमी का व्रत एक ही दिन 19 अक्टूबर को किया जाएगा. अष्टमी और नवमी तिथि का कन्या पूजन 19 अक्टूबर को होगा.
कब है दशहरा 2026?
आश्विन शुक्ल पक्ष की दशमी तिथि को दशहरा मनाया जाता है. दशहरा के लिए इस तिथि का आरंभ 20 अक्टूबर 2026 को दोपहर 12 बजकर 50 मिनट पर होगा. दशमी तिथि का समापन 21 अक्टूबर 2026 को दोपहर को 2 बजकर 11 मिनट पर होगा. विजयादशमी का पर्व 20 अक्टूबर को मनाया जाएगा. इस दिन देशभर में रावण दहन का आयोजन किया जाएगा.
डिस्क्लेमर: यहां दी गई जानकारी धार्मिक मान्यताओं पर आधारित है और केवल सूचना के लिए दी जा रही है. News24 इसकी पुष्टि नहीं करता है.