Ashwin Month 2026: आज 27 सितंबर दिन रविवार को आश्विन माह की कृष्ण पक्ष की प्रतिपदा तिथि है. आज से आश्विन माह का आरंभ हो रहा है. आश्विन कृष्ण पक्ष प्रतिपदा का आरंभ 26 सितंबर की देर रात 10 बजकर 18 मिनट पर हो गया था. इस तिथि का समापन 27 सितंबर की रात को 8 बजकर 58 मिनट पर होगा. उदयातिथि को महत्व देते हुए आज से आश्विन माह आरंभ है. आश्विन माह के साथ ही पितृ पक्ष का आरंभ हो गया है. इसके साथ ही इस महीने नवरात्रि का पर्व मनाया जाएगा.
कब समाप्त होगा आश्विन महीना?
आश्विन माह की पूर्णिमा तिथि के साथ ही इस महीने का समापन हो जाएगा. 25 अक्टूबर 2026 की दोपहर 11 बजकर 55 मिनट पर पूर्णिमा तिथि का आरंभ होगा. इसका समापन अगले दिन यानी 26 अक्टूबर को सुबह 9 बजकर 41 मिनट पर होगा. सूर्य उदयातिथि को महत्व देते हुए पूर्णिमा तिथि 26 अक्टूबर को मान्य होगी. इस दिन आश्विन माह का समापन होगा. आश्विन माह में पितृ पक्ष और नवरात्रि का पर्व मनाया जाएगा. इन दोनों की तारीखों के बारे में जानते हैं.
पितृ पक्ष 2026 (Pitru Paksha 2026)
भाद्रपद पूर्णिमा के साथ ही पितृ पक्ष का आरंभ हो गया है. आज आश्विन माह की कृष्ण पक्ष प्रतिपदा तिथि पर प्रतिपदा का श्राद्ध किया जाएगा. 26 सिंतबर से लेकर 10 अक्टूबर तक श्राद्ध कर सकते हैं. इन दिनों पितरों का श्राद्ध, तर्पण और पिंडदान करने से पितरों का आशीर्वाद मिलता है. पितृ दोष से राहत और पितरों को प्रसन्न करने के लिए यह समय बहुत ही अच्छा माना जाता है. 10 अक्टूबर 2026 को सर्वपितृ अमावस्या का दिन श्राद्ध के लिए बेहद शुभ होगा.
नवरात्रि 2026 (Ashwin Navratri 2026)
आश्विन माह की नवरात्रि को शारदीय नवरात्रि के नाम से जानते हैं. शारदीय नवरात्रि का आरंभ 11 अक्टूबर 2026 को होगा. इस दिन घटस्थापना कर सकते हैं. 19 अक्टूबर 2026 को अष्टमी तिथि पर कन्या पूजन किया जाएगा. इसी दिन महानवमी का कन्या पूजन किया जाएगा. इसके बाद 20 अक्टूबर 2026 को विजयादशमी का पर्व मनाया जाएगा.
डिस्क्लेमर: यहां दी गई जानकारी धार्मिक मान्यताओं पर आधारित है और केवल सूचना के लिए दी जा रही है. News24 इसकी पुष्टि नहीं करता है.