Shailendra Pandey
Read More
Assembly Election 2023: पांच राज्यों में हो रहे विधानसभा चुनाव के लिए इन राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने अपना नामांकन पत्र भर दिया है, जिसके बाद उनकी संपत्ति का भी खुलासा हुआ है। इन चुनावी राज्यों के मुख्यमंत्रियों में सबसे ज्यादा संपत्ति तेलंगाना के सीएम के.चंद्रशेखर राव के पास है। वहीं, सबसे कम मिजोरम के सीएम जोरमथांगा के पास है। चुनाव नामांकन के समय दिए गए हलफनामें से इन सभी मुख्यमंत्रियों की चल-अचल संपत्ति का ब्यौरा सामने आया है।
तेलंगाना राज्य बनने के बाद से ही लगातार नौ साल से अधिक सीएम की गद्दी पर बैठने वाले भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) के प्रमुख के.चंद्रशेखर राव व उनकी पत्नी के पास कुल 34.12 करोड़ की चल-अचल संपत्ति है। इसके अतिरिक्त राव की हफ (संयुक्त हिंदु परिवार) की 24.81 करोड़ रुपए की संपत्ति अलग है। तेलंगाना मुख्यमंत्री से पहले केंद्रीय मंत्री भी रहे चंद्रशेखर राव के पास कोई गाड़ी नहीं है। राव दंपती के पास करीब तीन किलो सोना और 45 किलो चांदी है।

यह भी पढ़ें-Rajasthan Election: मतदान शुरू होने से पहले ही, 12,000 बुजुर्ग और दिव्यांग मतदाताओं ने घर से डाले वोट
छत्तीसगढ़ के सीएम भूपेश बघेल और उनकी पत्नी के नाम 33.38 करोड़ रुपए की चल-अचल संपत्ति है। भूपेश बघेल करीब 21 करोड़ और उनकी पत्नी करीब 11 करोड़ रुपए की संपत्ति के मालिक हैं। उनकी पत्नी के पास 40 तोला सोना है। वहीं, बघेल के पास एक एसयूवी कार और ट्रैक्टर है, जबकि उनकी पत्नी के नाम तीन ट्रैक्टर और एक मारूति कार भी है।

राजस्थान के सीएम अशोक गहलोत और उनकी पत्नी के पास करीब 11 करोड़ 68 लाख रुपए की चल-अचल संपत्ति है। वहीं, चल संपत्ति की कीमत दो करोड़ रुपए से ज्यादा है, जबकि अचल संपत्ति की कीमत 8 करोड़ के पार है। सीएम गहलोत के नाम इस बार के चुनाव में चल सम्पत्ति 1.95 करोड़ बताई गई है, जो कि पिछली बार 95 लाख थी। वहीं, अचल संपत्ति 4.59 करोड़ से बढ़कर 8.32 करोड़ हुई है। अशोक गहलोत की पत्नी सुनीता गहलोत के पास करीब 900 ग्राम चांदी और 23 तोला सोना है। गहलोत और उनकी पत्नी के खुद के नाम पर कोई कार नहीं है।

यह भी पढ़ें- MP के दंगल में हो रही ताबड़तोड़ रैलियां; पीएम मोदी, राहुल गांधी समेत अन्य नेताओं के बीच तेज हुई जुबानी जंग
मध्य प्रदेश के सीएम शिवराज सिंह के पास कुल 8.62 करोड़ रुपये की चल-अचल संपत्ति है। शिवराज सिंह और उनकी पत्नी के पास दो करोड़ बीस लाख रुपये की चल संपत्ति है, वहीं करीब 6.40 करोड़ रुपये की अचल संपत्ति है। वहीं, शिवराज सिंह के खुद के नाम पर तो कोई वाहन नहीं है, लेकिन उनकी पत्नी के नाम एक पुरानी एंबेसेडर कार और 535 ग्राम सोना है। शिवराज सिंह के पास एक रिवॉल्वर भी है।

उत्तर पूर्वी राज्य मिजोरम के सीएम जोरमथांगा व उनकी पत्नी के पास 4 करोड़ रुपये की चल-अचल संपत्ति है। उनके पास तीन कारें भी हैं। तीन कार्यकाल में करीब 15 साल मुख्यमंत्री रहे जोरामथांगा के आश्रित संतानों के पास भी करीब एक करोड़ रुपए की चल-अचल संपत्ति है।

न्यूज 24 पर पढ़ें राजनीति, राष्ट्रीय समाचार (National News), खेल, मनोरंजन, धर्म, लाइफ़स्टाइल, हेल्थ, शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।