शरीर में ये 7 बदलाव हो सकते हैं कैंसर का पहला संकेत, ऑन्कोलॉजिस्ट डॉ. पुनीत गुप्ता ने बताए लक्षण
Cancer Symptoms: कैंसर की समय रहते पहचान कर ली जाए तो इलाज शुरू हो सकता है और कैंसर की सेल्स को शरीर के अलग-अलग हिस्सों तक पहुंचने से रोका जा सकता है. एशियन अस्पताल के ऑन्कोलॉजिस्ट डॉ. पुनीत गुप्ता बता रहे हैं कैंसर के 7 वॉर्निंग साइन कैसे पहचान सकते हैं.

Cancer Signs: कैंसर एक गंभीर बीमारी है जिसे समय रहते ना पहचाना जाए और इलाज शुरू ना किया जाए तो मरीज की जान भी जा सकती है. इसी बारे में बताते हुए प्रोफेसर डॉ. पुनीत गुप्ता, चेयरपर्सन ऑन्कोलॉजी, एशियन अस्पताल कहते हैं, हर असामान्य लक्षण कैंसर नहीं होता लेकिन कोई लक्षण लगातार बना रहे या बिना किसी स्पष्ट कारण के दिखाई दे तो उसकी जांच जरूर करानी चाहिए. कैंसर का जल्द पता लगने पर इलाज आसान और अधिक प्रभावी हो सकता है. ऐसे में यहां जानिए कैंसर की शुरुआत में ही शरीर किस तरह के संकेत (Cancer Warning Signs) देने लगता है और इन लक्षणों की पहचान कैसे होती है. डॉक्टर का कहना है कि इन लक्षणों को समय रहता पहचानना और इलाज शुरू करना बेहद जरूरी है.
बिना वजह तेजी से वजन घटना
2 / 9अगर बिना एक्सरसाइज के भी वजन तेजी से कम होने लगा है या कहें 5से 10 प्रतिशत तक कम होता नजर आ रहा है तो यह फेफड़ों, पेट, पैंक्रियाज या किसी और तरह के कैंसर का लक्षण हो सकता है.
थकान और कमजोरी
3 / 9नींद की कमी ना होने पर भी अगर हर समय थकान महसूस होती है और बिना किसी कारण के शरीर कमजोर महसूस करता है तो यह कैंसर का संकेत हो सकता है.
लंबे समय तक बुखार
4 / 9अगर कई दिनों या हफ्तों तक बार-बार बुखार आता रहे और बुखार आने का कोई स्पष्ट कारण समझ ना आए तो डॉक्टर की सलाह लेने में देरी नहीं करनी चाहिए. ब्लड कैंसर में खासतौर से ऐसा हो सकता है.
शरीर में किसी गांठ का बनना
5 / 9स्तन, गर्दन, बगल, अंडकोष या शरीर के किसी भी हिस्से में नई गांठ बन रही है तो इसकी जांच जरूर कराएं. शरीर में इस तरह अचानक गांठ का बनना कैंसर का लक्षण हो सकता है.
मल या पेशाब में बदलाव दिखना
6 / 9अगर लंबे समय तक कब्ज से परेशान हैं, बार-बार दस्त लग रहे हैं, मल में खून आ रहा है, पेशाब में खून आ रहा है या बार-बार पेशाब लगने या पेशाब करने में परेशानी जैसी दिक्कतें हो रही हैं तो यह सामान्य समस्या नहीं है. ये लक्षण बड़ी आंत, मूत्राशय या प्रोस्टेट से जुड़ी गंभीर बीमारी का संकेत हो सकते हैं.
ब्लीडिंग होना
7 / 9खांसी में खून आना, मल या पेशाब में खून आना, महिलाओं में मेनोपॉज के बाद पीरियड्स जैसी ब्लीडिंग होना या किसी भी अंग से बिना कारण खून निकलना कैंसर का लक्षण हो सकता है.
न भरने वाला घाव या मुंह का अल्सर
8 / 9मुंह का छाला, जीभ का घाव या शरीर का कोई घाव 3 हफ्तों से ज्यादा समय तक ठीक न हो तो यह मुंह के कैंसर सहित अन्य गंभीर बीमारियों का संकेत हो सकता है. जो लोग गुटखा या तंबाकू खाते हैं उन्हें खासतौर से इन लक्षणों को इग्नोर नहीं करना चाहिए.
कब तुरंत डॉक्टर से मिलना चाहिए?
9 / 9डॉ. पुनीत गुप्ता के अनुसार, अगर कोई भी असामान्य लक्षण 2 से 3 हफ्तों से अधिक समय तक बना रहे, लगातार बढ़ रहा हो या उसके साथ वजन घटना, खून आना, सांस लेने में तकलीफ या तेज दर्द जैसे लक्षण भी हों तो बिना देरी किए विशेषज्ञ से मिलना चाहिए. यह भी पढ़ें - बारिश के पानी में पैर डुबाना बन सकता है खतरा! लेप्टोस्पायरोसिस के शिकार हो सकते हैं आप, यहां जानिए लक्षण