Paytm Pocket Money: अब बिना बैंक अकाउंट के भी टीनेजर्स कर सकेंगे UPI पेमेंट! माता-पिता तय करेंगे लिमिट; जानें कैसे करेगा काम
पेटीएम ने Pocket Money फीचर लॉन्च किया है। अब बिना बैंक अकाउंट के भी टीनेजर्स अपने फोन से सुरक्षित UPI पेमेंट कर सकेंगे। जानिए NPCI के UPI Circle पर आधारित इस फीचर के नियम और एक्टिवेट करने का पूरा तरीका।

क्या आपका बच्चा भी स्कूल-कॉलेज की कैंटीन, ऑटो के किराए या मोबाइल रीचार्ज के लिए आपसे बार-बार फोन मांगता है या ओटीपी (OTP) पूछता है? अब इस झंझट से हमेशा के लिए मुक्ति मिलने वाली है। डिजिटल पेमेंट दिग्गज पेटीएम (Paytm) ने देश के किशोरों (Teenagers) के लिए एक कमाल का फीचर 'पेटीएम पॉकेट मनी' (Paytm Pocket Money) लॉन्च किया है। इसके जरिए बिना बैंक खाते के भी बच्चे अपने खुद के फोन से यूपीआई (UPI) पेमेंट कर सकेंगे, वो भी माता-पिता की पूरी निगरानी में। आइए, जानते हैं कि यह नया सिस्टम कैसे काम करता है।
बिना बैंक खाते के भी चलेगा UPI का जादू!
2 / 6अब तक यूपीआई (UPI) पेमेंट करने के लिए बैंक खाता होना अनिवार्य था, जिससे टीनेजर्स इसका इस्तेमाल नहीं कर पाते थे। पेटीएम पॉकेट मनी के आने से अब स्टूडेंट्स को कैंटीन, कैब या शॉपिंग के लिए कैश रखने या माता-पिता पर निर्भर रहने की जरूरत नहीं होगी। वे स्वतंत्र रूप से भुगतान कर सकेंगे।
कैसे काम करता है यह सिस्टम
3 / 6इस फीचर को नेशनल पेमेंट्स कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया (NPCI) के 'यूपीआई सर्कल' (UPI Circle) तकनीक के जरिए तैयार किया गया है। इसमें माता-पिता (जिनका बैंक खाता लिंक्ड है) 'प्राइमरी यूजर' होंगे। वे अपने ही यूपीआई अकाउंट से अपने बच्चों (सेकेंडरी यूजर) को इस फीचर का इस्तेमाल करने के लिए इनवाइट भेजेंगे।
नो मोर ओटीपी! वॉट्सएप पर क्यूआर भेजने का झंझट खत्म
4 / 6पेटीएम के मुताबिक, अब बच्चों को पेमेंट करने के लिए माता-पिता से उनका फोन मांगने, ओटीपी (OTP) के लिए इंतजार करने या व्हाट्सएप पर क्यूआर कोड का स्क्रीनशॉट भेजने की कोई जरूरत नहीं होगी। वे अपने ही एंड्रॉयड या आईओएस (iOS) डिवाइस से सुरक्षित भुगतान कर पाएंगे।
माता-पिता के हाथ में रहेगा कंट्रोल, तय कर सकेंगे खर्च की लिमिट
5 / 6बच्चों को पैसे की सही आदत सिखाने के लिए माता-पिता इस ऐप के जरिए हर महीने की खर्च सीमा (Spending Limits) तय कर सकते हैं। बच्चे कहां और कितना खर्च कर रहे हैं, इसकी रियल-टाइम जानकारी माता-पिता को अपने पेटीएम ऐप पर मिलती रहेगी।
पेटीएम स्पेंड समरी
6 / 6इस फीचर में मिलने वाली पेटीएम स्पेंड समरी की मदद से पूरा परिवार बच्चों के खर्च करने के पैटर्न की समीक्षा कर सकता है। इससे माता-पिता अपने बच्चों को शुरुआती उम्र से ही सुरक्षित, जिम्मेदार और समझदारी से पैसे खर्च करने की आदत सिखा सकेंगे।