पीली और धुंधली हो गई कार की हेडलाइट कैसे साफ करें? ये आसान तरीका अपनाएं, नई जैसी चमकेगी लाइट!
कार की हेडलाइट अगर पीली और धुंधली पड़ गई है तो इसे बदलने पर हजारों रुपये खर्च करने की जरूरत नहीं है. घर पर ही कुछ आसान स्टेप्स की मदद से पुरानी हेडलाइट को फिर से चमकाया जा सकता है. जानिए इसका आसान तरीका.

समय के साथ कार की हेडलाइट्स का लेंस पीला या धुंधला पड़ने लगता है. इससे कार की चमक तो कम होती ही है, रात में हेडलाइट की रोशनी भी पहले जैसी साफ नहीं रहती. अगर आपकी कार की हेडलाइट भी ऐसी हो गई है, तो इसे बदलने की जरूरत नहीं है. कुछ आसान स्टेप्स की मदद से घर पर ही इसे काफी हद तक नई जैसी बनाया जा सकता है.
आखिर हेडलाइट क्यों हो जाती है पीली?
2 / 7आजकल ज्यादातर कारों में हेडलाइट का बाहरी लेंस कांच की जगह पॉलीकार्बोनेट प्लास्टिक का होता है. यह हल्का और मजबूत होता है, लेकिन लगातार धूप और यूवी किरणों के संपर्क में आने से इसकी ऊपरी सुरक्षा परत धीरे-धीरे खराब होने लगती है. इसके बाद लेंस पर ऑक्सिडेशन की परत जम जाती है और वह पीला या धुंधला दिखाई देने लगता है. (Image Credit-Magnific)
पहले साबुन-पानी से करें सफाई
3 / 7अगर हेडलाइट सिर्फ धूल-मिट्टी या सड़क की गंदगी की वजह से गंदी दिख रही है, तो सबसे पहले इसे पानी और डिटर्जेन्ट से अच्छी तरह साफ करें. साफ करने के बाद इसे सूखे कपड़े से पोंछ लें. कई बार सिर्फ बाहरी गंदगी हटाने से ही हेडलाइट काफी साफ दिखने लगती है. लेकिन अगर पीली परत बनी रहती है, तो रीस्टोरेशन की जरूरत पड़ेगी. (Image Credit-Magnific)
पेंट को बचाने के लिए लगाएं टेप
4 / 7हेडलाइट रीस्टोर करने से पहले उसके आसपास की कार की बॉडी को सुरक्षित करना जरूरी है. इसके लिए हेडलाइट के चारों तरफ पेंटर्स टेप चिपका दें. इससे सैंडपेपर या पॉलिश का असर कार के पेंट पर नहीं पड़ेगा और काम करते समय बॉडी पर खरोंच आने का खतरा कम रहेगा. (Image Credit-Magnific)
सैंडपेपर से हटाएं पीली परत
5 / 7अब हेडलाइट रीस्टोरेशन किट में दिए गए सैंडपेपर का इस्तेमाल करें. पहले थोड़े मोटे सैंडपेपर से लेंस की ऊपर जमी पीली और खराब परत को धीरे-धीरे हटाएं. इसके बाद बारीक सैंडपेपर को पानी में गीला करके लेंस पर इस्तेमाल करें. इससे पहले सैंडिंग से बने निशान भी धीरे-धीरे कम होने लगेंगे. इस दौरान जल्दबाजी न करें और हल्के हाथ से काम करें. (Image Credit-Magnific)
अब पॉलिश करने की बारी
6 / 7सैंडिंग के बाद हेडलाइट का लेंस साफ और एकसार दिखने लगेगा, लेकिन उस पर हल्के निशान रह सकते हैं. इन्हें हटाने के लिए किट में दी गई पॉलिश लगाएं और मुलायम कपड़े से धीरे-धीरे रगड़ें. पॉलिश के बाद लेंस की चमक काफी बेहतर हो जाएगी और हेडलाइट पहले से ज्यादा साफ दिखाई देने लगेगी. (Image Credit-Magnific)
UV कोटिंग लगाना न भूलें
7 / 7हेडलाइट को नई जैसी चमक देने के बाद काम यहीं खत्म नहीं होता. उस पर UV प्रोटेक्टिव कोटिंग लगाना बेहद जरूरी है. यह लेंस को दोबारा धूप और यूवी किरणों से होने वाले नुकसान से बचाने में मदद करती है. अगर कोटिंग नहीं लगाई गई, तो कुछ समय बाद हेडलाइट फिर से पीली पड़ सकती है. वहीं, अगर धुंधलापन या नमी हेडलाइट के अंदर से आ रही है, तो घर पर बाहरी सफाई से समस्या दूर नहीं होगी. ऐसे में मैकेनिक की मदद लेना बेहतर है. (Image Credit-Magnific)