हमारे साथ जुड़ें X IG YT FB
Trending: Tiger ShroffCJP ProtestGyanesh KumarBigg Boss 20

कम बजट में घूमने के लिए भारत की 4 शानदार जगहें, मनाली से गोवा तक, ये हैं बेहतरीन विकल्प

छुट्टियों में कम खर्च के साथ कुछ नया घूमना चाहते हैं? भारत में मनाली की जगह तीर्थन वैली और जिभी, गोवा की जगह गोकर्ण, उदयपुर की जगह बूंदी और जिम कॉर्बेट की जगह राजाजी नेशनल पार्क जैसे ऑप्शन चुन सकते हैं.

विज्ञापन
भारत में कम बजट में घूमने के लिए तीर्थन वैली, गोकर्ण, बूंदी और राजाजी नेशनल पार्क जैसे पर्यटन स्थल. (Image- AI Generated)

अगर आप छुट्टियों में घूमने का प्लैन बना रहे हैं, लेकिन मशहूर पर्यटन स्थलों की भीड़ और ज्यादा खर्च से बचना चाहते हैं, तो भारत में कई ऐसी जगहें हैं जो आपको अलग अनुभव दे सकती हैं. हिमाचल की शांत वादियों से लेकर कर्नाटक के समुद्र तटों और राजस्थान के ऐतिहासिक शहरों तक, कई विकल्प ऐसे हैं जहां आप अपनी पसंद के अनुसार घूमने का प्लैन बना सकते हैं.

मनाली की जगह तीर्थन वैली और जिभी

हिमाचल प्रदेश की तीर्थन वैली और जिभी उन लोगों के लिए अच्छा ऑप्शन हैं, जो पहाड़ों में शांति और नेचुरल खूबसूरती का मज़ा लेना चाहते हैं. यहां जंगल, नदियां, छोटे गांव और होमस्टे मिलते हैं. ट्रेकिंग और ग्रेट हिमालयन नेशनल पार्क के आसपास घूमने का मौका भी मिलता है. दिल्ली से दो लोगों की 2 रात और 3 दिन की यात्रा में मनाली का लगभग खर्च 18,000 से 26,000 रुपये, जबकि तीर्थन वैली और जिभी का खर्च 11,500 से 17,000 रुपये हो सकता है. बचत करीब 35% है. मनाली पहुंचने में बस से 12–14 घंटे और ऑट से जिभी या तीर्थन वैली पहुंचने में करीब एक घंटा अतिरिक्त लगता है. घूमने का अच्छा समय मार्च से जून और सितंबर से नवंबर है.

गोवा की जगह गोकर्ण

कर्नाटक का गोकर्ण उन लोगों के लिए अच्छा ऑप्शन है, जो समुद्र किनारे सुकून चाहते हैं. यहां ओम बीच, कुडले बीच और हाफ मून बीच के अलावा बीच कैफे और धार्मिक स्थल भी हैं. बेंगलुरु से दो लोगों की 2 रात और 3 दिन की यात्रा में गोवा का खर्च 25,000 से 39,000 रुपये, जबकि गोकर्ण का खर्च 9,500 से 16,500 रुपये हो सकता है. बचत करीब 59% है. अक्टूबर से मार्च यहां घूमने का अच्छा समय है.

विज्ञापन

उदयपुर की जगह बूंदी

राजस्थान का बूंदी अपने किलों, ऐतिहासिक इमारतों, चित्रकारी और बावड़ियों के लिए जाना जाता है. तारागढ़ किला, बूंदी पैलेस और रानीजी की बावड़ी यहां के प्रमुख जगह हैं. दिल्ली से दो लोगों की यात्रा का लगभग खर्च उदयपुर में 23,000 से 37,000 रुपये और बूंदी में 13,000 से 20,000 रुपये हो सकता है. बचत करीब 45% है. बूंदी जाने के लिए कोटा तक ट्रेन और फिर सड़क का ऑप्शन है. अक्टूबर से मार्च यहां घूमने के लिए बेहतर समय है.

जिम कॉर्बेट की जगह राजाजी नेशनल पार्क

उत्तराखंड में हरिद्वार और ऋषिकेश के पास स्थित राजाजी नेशनल पार्क हाथियों, पक्षियों और जंगल के प्राकृतिक नजारों के लिए जाना जाता है. यहां वन्यजीवों के साथ धार्मिक और सांस्कृतिक स्थलों को देखने का मौका भी मिलता है. दो लोगों की 2 रात और 3 दिन की यात्रा में जिम कॉर्बेट का खर्च 30,000 से 48,000 रुपये, जबकि राजाजी का खर्च 17,500 से 27,500 रुपये हो सकता है. बचत करीब 42% है. दिल्ली से हरिद्वार ट्रेन से पहुंचकर चिल्ला गेट जाया जा सकता है. राजाजी का चिल्ला सफारी जोन आम तौर पर 15 नवंबर के आसपास खुलता है.

विज्ञापन

यात्रा से पहले इन बातों का रखें ध्यान

ये खर्च अनुमान दो लोगों की यात्रा के लिए हैं. इनमें आने-जाने का किराया, रुकने और स्थानीय यात्रा का खर्च शामिल है, लेकिन खाना और खरीदारी शामिल नहीं हैं. बुकिंग लगभग तीन से चार हफ्ते पहले और बिना पीक सीजन के की गई है. त्योहारों और छुट्टियों के दौरान खर्च बढ़ सकता है. रोमियो के संस्थापक सुमंत डोंथी के मुताबिक, यात्री अब सिर्फ सस्ती जगह नहीं, बल्कि अपनी दिलचस्पी और पसंद के मुताबिक अनुभव तलाश रहे हैं. इसलिए यात्रा चुनते समय केवल बजट नहीं, बल्कि माहौल और अपनी जरूरतों को भी ध्यान में रखना चाहिए.

संबंधित खबरें

न्यूज 24 पर पढ़ें देश, राष्ट्रीय समाचार (National News), खेल, मनोरंजन, धर्म, लाइफ़स्टाइल, हेल्थ, शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।

First published on:

Know More: Editorial Guidelines

लेख समाप्त

लेखक के बारे में

ताज़ा खबरें

Sponsored Links by Taboola