How To Pick Sweet Watermelon: गर्मियों के मौसम में आम अगर फलों का राजा है तो तरबूज भी किसी राजकुमार से कम नहीं है. तरबूज रस से भरा होता है, सुर्ख लाल और स्वाद में मीठा होता है जो ना सिर्फ गर्मी की मार से बचाता है बल्कि शरीर को हाइड्रेशन भी देता है और हेल्दी भी रखता है. इस लो कैलोरी फल को लोग वेट लॉस की डाइट में भी खूब शामिल करते हैं. ऐसे में लाल और मीठा तरबूज (Sweet Watermelon) खरीदकर लाना किसी लॉटरी से कम नहीं है. लेकिन, अक्सर ही बाजार में तो तरबूज अच्छा दिखता है लेकिन घर लाते ही अंदर से फीका निकलता है. ऐसे में आपको अब टेंशन लेने की जरूरत नहीं है बल्कि हम ऐसी ट्रिक बता रहे हैं जिससे हर बार ही आप मीठा और लाल तरबूज घर लाएंगे.
मीठा तरबूज खरीदने की ट्रिक
पीला धब्बा देखें
तरबूज के निचले हिस्से में पीले रंग का धब्बा (Yellow Spot) होने का मतलब है कि वह जमीन पर टिका हुआ, बेल पर पूरी तरह से पक चुका और मीठा तरबूज है. अगर तरबूज का निचला हिस्सा सफेद है या उसपर हरा धब्बा दिखता है तो इसका मतलब है कि इस तरबूज को पकने से पहले ही तोड़ लिया गया था और इसीलिए यह स्वाद में फीका हो सकता है.
तरबूज पर उंगलियों और हथेलियों से थपथपाकर देखें और आवाज सुनें. अगर तरबूज में से गहरी और गूंजती हुई आवाज आ रही है तो यह तरबूज पका हुआ और मीठा (Meetha Tarbooj) होगा. अगर पतली और तीखी आवाज निकलती है तो इसका मतलब हुआ कि तरबूज अभी कच्चा है.
वजन से भी रसभरे मीठे और फीके तरबूज का पता लगाया जा सकता है. तरबूज को उठाकर देखें. अगर तरबूज भारी होगा तो इसका मतलब है कि तरबूज रस से भरा हुआ है और इसीलिए मीठा भी होगा. अगर तरबूज हल्का होगा तो यह तरबूज के सूखे होने की निशानी है.
तरबूज के छिलके पर बने डिजाइन या पैटर्न को देखें. अगर भूरे रंग के खुरदुरे जालों जैसे निशान नजर आएं तो इसका मतलब है कि इस तरबूज को मधुमक्खियों ने कई बार छुआ है और इसीलिए यह तरबूज मीठा होगा.
तरबूज का आकार पूरी तरह एकजैसा हो तभी तरबूज खरीदें. अजीब से आकार के तरबूज का मतलब है कि उसे पानी या धूप सही तरह से नहीं मिली है.
तरबूज की चमक बताएगी अंदर का हाल
तरबूज बहुत ज्यादा चमकदार होगा तो वह कच्चा हो सकता है. पकने के बाद तरबूज की रंगत धुंधली होने लगती है. इसीलिए सिर्फ सूरत पर ना जाएं बल्कि सीरत का ध्यान रखें.
अस्वीकरण – इस खबर को सामान्य जानकारी के तौर पर लिखा गया है. अधिक जानकारी के लिए विशेषज्ञ की सलाह लें या चिकित्सक से परामर्श करें. न्यूज 24 किसी तरह का दावा नहीं करता है.