साबुन छोड़कर बॉडी वॉश लेना चाहिए? नहाने की इन दोनों चीजों में समझें बड़ा फर्क
Body Wash vs Soap for Skin: नहाने के बाद त्वचा खिंची-खिंची, रूखी या जरूरत से ज्यादा ऑयली महसूस होती है? कहीं, आप अपनी स्किन के हिसाब से सही क्लीनिंग प्रोडक्ट इस्तेमाल नहीं कर रहे हों. जानिए साबुन और बॉडी वॉश में क्या अंतर है और अपनी त्वचा के लिए सही विकल्प कैसे चुनें.
बॉडी वॉश या साबुन दोनों में कौन बेहतर? (Image: AI/Pexels)
नहाते समय अक्सर लोग बस वही साबुन उठा लेते हैं जो उनके घर में इस्तेमाल हो रहा होता है जबकि अब बाजार में साबुन और यहां तक कि बॉडी वॉश की इतनी ज्यादा वैरायटी मौजूद है. बॉडी वॉश अधिकतर लोगों को बस साबुन का ही एक एडवांस ऑप्शन लगता है, पर ऐसा नहीं है. दोनों का मेन काम शरीर की गंदगी और तेल को हटाना ही होता है, लेकिन दोनों का ही त्वचा पर असर अलग-अलग होता है. खासकर अगर नहाने के बाद आपको अपनी त्वचा खिंची हुई, रूखी, खुजलीदार या बहुत ऑयली महसूस होती है तो आपके नहाने के प्रोडक्ट के चयन में गलती हो सकती है. आइए जानते हैं कि साबुन और बॉडी वॉश में क्या फर्क है और आपके हिसाब से आपको क्या इस्तेमाल करना चाहिए.
साबुन और बॉडी वॉश में सबसे बड़ा फर्क ये है कि साबुन सॉलिड रूप में होता है और बॉडी वॉश लिक्विड रूप में होता है. एक चीज जो दोनों में समान होती है वो है कि दोनों में ही सफाई करने वाले पदार्थ होते हैं, तो स्किन से पसीना, गंदगी और तेल को हटाने में मदद करते हैं. साबुन का पीएच लेवल ज्यादा होता है जिसके कारण वो ज्यादा हैवी ऑयल को हटाने में मदद करता है, वहीं दूसरी तरफ बॉडी वॉश काफी माइल्ड होता है और त्वचा पर भी वो ज्यादा सॉफ्ट रहता है.
नहाने के बाद त्वचा खिंचती है तो इस बात पर ध्यान दें
अगर आप साबुन इस्तेमाल करते हैं और उसके यूज के बाद आपको अपनी त्वचा बहुत सूखी या खिंची-खिंची महसूस होती है तो ये इस बात की ओर संकेत है कि आपका साबुन ज्यादा हार्श है. इससे बचने के लिए आप अपना साबुन बदल सकते हैं, साबुन की जगह आप ऐसे भी प्रोडक्ट यूज कर सकते हैं जो आपकी स्किन को मॉइस्चराइज करें. इसके लिए बॉडी वॉश एक अच्छा विकल्प हो सकता है.
विज्ञापन
ऑयली स्किन वालों के लिए क्या चुनना सही
लोग ऑयली स्किन होने का मतलब ये समझ लेते हैं कि उसे बहुत ज्यादा रगड़कर साफ करना चाहिए बल्कि इस बात का ध्यान रखना ज्यादा जरूरी होता है कि कहीं आप बहुत हार्ड प्रोडक्ट का तो इस्तेमाल नहीं कर रहे. अगर साबुन और बॉडी वॉश में से चुनने की बात हो तो आपको हमेशा साबुन ही चुनना चाहिए, क्योंकि ये ऑयली स्किन के लिए बेस्ट होता है; ऐसा इसलिए क्योंकि साबुन त्वचा की गंदगी और ऑयल को डीप क्लीन करने में ज्यादा कारगर होते हैं.
बॉडी वॉश इस्तेमाल करते हैं तो ये गलती न करें
अगर आप चाहें तो बॉडी वॉश का भी इस्तेमाल कर सकते हैं, पर कुछ सावधानियां हैं जो आपको ध्यान में रखनी चाहिए, जैसे बॉडी वॉश को यूज करते समय आपको बहुत ज्यादा मात्रा में उसे बॉडी पर डालने की जरूरत नहीं है. आप इससे नहाने के लिए अपने हाथों या फिर नहाने वाले स्पन्ज का इस्तेमाल कर सकते हैं. अगर आप लूफा का इस्तेमाल करते हैं तो इसे इस्तेमाल करने के बाद अच्छे से सुखा जरूर लें, वरना बैक्टीरिया पैदा होने का डर बढ़ सकता है. बॉडी वॉश का इस्तेमाल करते समय इस बात का ध्यान रखें कि वो आंखों पर न लगे.
विज्ञापन
तो साबुन अपनाएं या बॉडी वॉश अपनाएं?
आपको साबुन अपनाना चाहिए या फिर बॉडी वॉश, इसका जवाब इस बात पर निर्भर करता है कि आपकी जरूरत किस चीज की है. आप साबुन को चुन सकते हैं अगर आपकी स्किन बहुत जल्दी ऑयली हो जाती है और उस पर ऑयल की वजह से गंदगी जम जाती है, लेकिन अगर आपको रूखी त्वचा और बॉडी एक्ने की समस्या है तो आपको बॉडी वॉश की तरफ जाना चाहिए.