Kajal Side Effects: महिलाएं अपनी आंखों की खूबसूरती बढ़ाने के लिए काजल लगाना लगभग हर रोज पसंद करती हैं. लेकिन क्या आपने सोचा है कि सिर्फ काजल लगाने का यह छोटा सा काम अगर ठीक तरह से ना किया जाए तो आंखों में ऐसी समस्या का कारण बन सकता है जिसकी वजह से आपको आंखों का ऑपरेशन तक कराना पड़ सकता है. हाल ही में डर्मेटोलॉजिस्ट डॉक्टर आंचल पंथ ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल से एक वीडियो शेयर करके बताया है कि अगर काजल सही तरीके से न लगाया जाए तो ये खतरे का भी कारण बन सकता है. जानिए डॉक्टर किन खतरों की बात कर रही हैं.
समस्या की असली जड़
हमारी आंखों की पलकों के किनारे एक छोटी सी ग्रंथि होती है जिसे हम ‘मीबोमियन ग्रंथियां’ कहते हैं. इसका मुख्य काम होता है कि ये एक अलग तरह का ऑयल बनाती है जो हमारी आंखों की नमी को बनाए रखने का काम करता है. इसके साथ ही ये आंखों के आंसुओं को भी जल्दी सूखने से बचाता है. इसलिए इन ग्रंथियों का सही रहना बहुत जरूरी है.
वॉटर लाइन पर काजल लगाना क्यों है खतरनाक
जब आप अपनी वॉटर लाइन पर काजल लगाती हैं तो इससे इन ग्रंथियों के छिद्र बंद हो जाते हैं. अगर काजल का प्रयोग लंबे समय तक रोज किया जाए तो समय के साथ इन ग्रंथियों पर वैक्स, ऑयल और गंदगी जमा हो जाती है. इसकी वजह से ग्रंथियों से बनने वाला ऑयल सामान्य रूप से नहीं बह पाता.
कौन-कौन सी आंखों की समस्याएं हो सकती हैं?
स्टाई – काजल अच्छे से साफ न करने के कारण स्टाई होने का खतरा बढ़ जाता है. ये एक तरह का बैक्टीरियल इन्फेक्शन होता है जो आपकी पलकों के बालों की जड़ में या फिर ग्रंथि में हो सकता है.
कैलाजियन – मीबोमियन ग्रंथि के बंद होने से उसके आस-पास एक सूजन वाली गांठ बन सकती है, जिसे कैलाजियन कहा जाता है.
डॉक्टर ने बताए ये आसान बचाव के तरीके
डॉक्टर आंचल ने अपने वीडियो में कुछ ऐसे तरीके भी बताए जिन्हें अपनाकर हम आंखों को सुरक्षित रख सकते हैं. अगर आप हर रोज मेकअप करती हैं तो हर रात सोने से पहले अपनी आंखों का मेकअप जरूर हटा लें. काजल को बहुत लंबे समय तक अपनी आंखों पर लगाए रखने से बचें. इसके साथ ही कोशिश करें कि आप वॉटर लाइन पर काजल (Kajal On Waterline) न लगाएं. अपने मेकअप प्रोडक्ट्स को हर 3–6 महीने में जरूर बदल लें और ध्यान रहे कि आप अपना काजल किसी और के साथ शेयर न करें.
अस्वीकरण – इस खबर को सामान्य जानकारी के तौर पर लिखा गया है. अधिक जानकारी के लिए विशेषज्ञ की सलाह लें या चिकित्सक से परामर्श करें. न्यूज 24 किसी तरह का दावा नहीं करता है.