Jalebi Rabri Recipe: त्योहारों के सीजन में यूं तो बाजारों में मिठाइयों का ढेर लग जाता है, लेकिन कौन सी मिठाई कितनी शुद्धता से बनाई गई है या कितनी बिना मिलावट के तैयार हुई है इसका अंदाजा लगाना मुश्किल होता है. वहीं, घर पर बनी मिठाइयों और पकवानों की बात ही कुछ और होती है. बहुत से लोग घर पर बनी मिठाइयों को बाजार से आई मिठाईयों के मुकाबले ज्यादा पसंद करते हैं. घर पर मिठाईयां बनाने पर अपने हिसाब से मीठा बैलेंस भी किया जा सकता है. ऐसे में यहां जानिए किस तरह घर पर जलेबी और रबड़ी तैयार की जा सकती है. स्वाद में लाजवाब बनती है यह मिठाई.
घर पर जलेबी रबड़ी बनाने की रेसिपी
जलेबी और रबड़ी को अलग-अलग भी खाया जा सकता है और आप चाहे तो जलेबी पर रबड़ी डालकर भी खा सकते हैं. दोनों ही तरह से इन मिठाइयों का स्वाद बढ़िया लगता है.
मैदा – 1 कप
घी – 1 चम्मच
इनो – एक चम्मच
पानी – जरूरत के अनुसार
तेल – तलने के लिए
चीनी – एक कप
पानी – ढाई कप
केसर – 13-14
इलायची का पाउडर – आधा चम्मच
फुल फैट दूध – 2 कप
मिल्क पाउडर – आधा कप
चीनी – एक चौथाई चम्मच
बादाम और पिस्ता – आधा कप
केसर – गार्निश के लिए
चाशनी अगर अच्छी हो तो जलेबी परफेक्ट बनती है. ऐसे में सबसे पहले आंच पर कढ़ाही चढ़ाएं और उसमें पानी और चीनी डालकर पकाएं. इसमें केसर और इलायची का पाउडर भी डाल लें.
जब चीनी पूरी तरह से घुल जाए तो चाशनी को उबाल लें. अंगूठे में इस मिश्रण को लेकर चेक करें कि एक तार की चाशनी बनी है या नहीं. जब एक तार की चाशनी बन जाए चो आंच बंद कर दें.
जलेबी का घोल तैयार करने के लिए मैदा, घी और इनो को मिलाकर उसमें धीरे-धीरे पानी मिलाएं और गाढ़ा घोल तैयार कर लें. घोल दानेदार ना रहे, इसमें गांठ ना पड़े और मिश्रण मुलायम हो इस बात का ध्यान रखें. अब आंच पर कढ़ाही में जलेबी डालें और मध्यम आंच पर गर्म करें.
जलेबी के मिश्रण को पाइपिंग बैग में डालें या कपड़े में छेद करके बांध लें. इसे तेल में हाथ घुमाते हुए स्पाइरल शेप में डालें. जलेबी को बाहर से क्रिस्पी होने तक पका लें. जब जलेबी दोनों तरफ से गोल्डन हो जाए तो इसे चाशनी में डालकर 1-2 मिनट के लिए डूबे रहने दें. जलेबी को ज्यादा पकाने से परहेज करें क्योंकि यह ज्यादा चाशनी सोख लेगी.
रबड़ी बनाने के लिए एक गहरे पैन में दूध और मिल्क पाउडर को डालकर पकाएं. इसे हिलाते रहें. जब दूध हल्का उबलने लगे तो इसमें चीनी डालकर मिलाएं. इसे हर थोड़ी देर में हिलाते रहें ताकि दूध पैन से चिपके नहीं. 15 से 20 मिनट के लिए इस मिश्रण को पकाएं जिससे इसका टेक्सचर क्रीमी हो जाए. जब रबड़ी ओथेंटिक दिखने लगे, गाढ़ी हो जाए और अच्छे से पक जाए तो इसमें कटे हुए बादाम और पिस्ता डालें और केसर से गार्निशिंग करें.
तैयार है आपकी जलेबी और रबड़ी. गर्म-गर्म जलेबी पर रबड़ी डालकर खाएं और पूरे परिवार को भी खिलाएं.