How To Style Old Saree: त्याहारों के दिनों में साड़ी पहनना बेहद अच्छा लगता है. लेकिन, हर एक दिन के लिए एक नई साड़ी खरीदना मुश्किल होता है. वहीं, पुरानी साड़ियां असल में पुरानी दिखती नहीं हैं, साड़ी को सही तरह से स्टोर करके रखा जाए तो वे सालों-साल नई जैसी रहती हैं. फिर भी साड़ी रिपीट करने की बात आती है तो थोड़ी झिझक होती है कि पुरानी रखी साड़ी को दोबारा किस तरह पहनें कि इसका लुक किसी नई साड़ी जैसा आए. अगर आपकी भी यही उलझन है तो यहां जानिए पुरानी साड़ी को स्टाइल करने के कुछ टिप्स. यहां साड़ी स्टाइल करने के ऐसे आइडिया दिए गए हैं जिन्हें फॉलो करके आप पुरानी साड़ी को स्टाइल कर सकती हैं.
पुरानी साड़ी को कैसे करें स्टाइल | Old Saree Styling Tips
पहनें स्टेटमेंट जूलरी
पुरानी साड़ी के साथ ऐसी स्टेटमेंट जूलरी कैरी करें जो आपके पूरे लुक को एन्हैंस कर दे. साड़ी अगर हल्की है तो आप भारी जूलरी पहन सकती हैं, साड़ी भारी है तो हल्की जूलरी कैरी करें, अगर साड़ी का रंग फीका सा लग रहा है तो उसपर चटक रंग की जूलरी पहन लें या फिर जूलरी को लेयर करके पहनें. इस तरह जूलरी पहनेंगी तो किसी का ध्यान आपकी पुरानी साड़ी पर नहीं जाएगा.
साथ में कैरी करें स्टाइलिश शॉल
दिवाली के समय पर भीनी-भीनी ठंड आ ही जाती है और रात के समय खासतौर से ठंड बढ़ जाती है. ऐसे में आप चाहे पुरानी ही साड़ी पहन रही हों, लेकिन शॉल नई ले सकती हैं. शॉल को एक कंधे पर या फिर दोनों कंधों पर स्टाइलिश तरीके से ले लें. इससे साड़ी का लुक एकदम बदला हुआ सा लगता है.
साड़ी को रिवैम्प करने के लिए उसपर सुंदर सी बेल्ट लगाई जा सकती है. आप मोतियों वाली चेन पहन सकती हैं, मोटा कमरबंध बांध सकती हैं, मोटी या पतली जैसी चाहे वैसी बेल्ट पहन सकती हैं. बेल्ट साड़ी को एक अलग लुक दे देती हैं.
दूसरे ब्लाउज के साथ पहनें
साड़ी को उसके ब्लाउज के साथ ना पहनकर किसी और ब्लाउज के साथ पहना जा सकता है. आप चाहे तो अलग से सिल्वर या गोल्डन या फिर मोतियों वाला ब्लाउज पहन सकती हैं. इस तरह नए ब्लाउज के साथ साड़ी का लुक एकदम बदला हुआ लगता है.