March April Travel Places India: अगर आप गर्मियों के आने से पहले कहीं घूमने का प्लान बना रहे हैं, लेकिन तय नहीं कर पा रहे कि क्या जाएं, को आपके लिए हम 5 ऐसी जगहों की लिस्ट लाए हैं, जहां जाकर आपको लगेगा कि आब जन्नत में आ गए हैं. वहां के बेहद खूबसूरत नजारे आपको अपना ऐसा दीवाना बना देंगे कि आप जिंदगी भर उन्हें भूल नहीं पाएंगे. यहां आप बच्चों, दोस्तों व अकेले भी जा सकते हैं, फोटोग्राफी के लिहाज से भी यह जगहें काफी अच्छी है. आइए जानते हैं इनके बारे में.
अगर आप इतिहास और समुद्र दोनों का आनंद लेना चाहते हैं, तो महाबलिपुरम (Mahabalipuram) एक बेहतरीन विकल्प हो सकता है. यह शहर अपने प्राचीन मंदिरों और पत्थरों पर बनी कलाकृतियों के लिए जाना जाता है. शोर टेंपल और पंच रथ जैसे ऐतिहासिक स्थल यहां की पहचान हैं, जिसे देखने दूर-दूर से पर्यटक आते हैं. समुद्र किनारे बैठकर अपनों के साथ ठंडी हवा का आनंद लेना एक अलग ही अनुभव दिलाता है.
गुजरात का कच्छ (Kachchh) अपनी अनोखी प्राकृतिक सुंदरता और संस्कृति के लिए मशहूर है. यहां का सफेद रण, यानी नमक का विशाल मैदान, सूरज की रोशनी में चमकता हुआ बेहद खास लगता है. गर्मी से पहले यहां का मौसम घूमने के लिए सबसे अच्छा माना जाता है. धोरडो गांव और आसपास के हस्तशिल्प बाजार पर्यटकों को स्थानीय संस्कृति से जोड़ते हैं. यहां का सूर्योदय और सूर्यास्त देखने लायक होता है, आप गर्मी शुरू होने से पहले यहां का प्लान बना सकते हैं.
नैनीताल के पास स्थित भीमताल (Bhimtal) उन लोगों के लिए बेस्ट है जो भीड़ से दूर शांति चाहते हैं. यहां की झील पहाड़ियों से घिरी हुई है और सुबह का नजारा बेहद सुकून देता है. आप बोटिंग, पक्षी-दर्शन या झील किनारे टहलने का आनंद ले सकते हैं. छोटे-छोटे कैफे और शांत माहौल इस जगह को खास बनाते हैं.
कर्नाटक का खूबसूरत हिल स्टेशन कूर्ग (Kodagu), जिसे कोडागु भी कहा जाता है, प्रकृति प्रेमियों के लिए किसी जन्नत से कम नहीं है. यहां दूर-दूर तक फैले कॉफी के बागान, घने जंगल और झरने मन मोह लेते हैं, गर्मी से पहले यहां का मौसम बेहद सुहावना रहता है. अब्बी फॉल्स, दुबारे एलीफेंट कैंप और राजा की सीट जैसे स्थान पर्यटकों को खास आकर्षित करते हैं. एडवेंचर और शांति दोनों का मजा यहां एक साथ मिलता है, यहां आप अपने परिवार व दोस्तों के साथ अच्छा वक्त बिता सकते हैं.
राजस्थान का उदयपुर (Udaipur), जिसे झीलों का शहर कहा जाता है, अपनी शाही विरासत और सुंदर झीलों के लिए मशहूर है. यहां के महल, पुरानी हवेलियां और शांत झीलें हर पर्यटक को आकर्षित करती हैं. गर्मी से पहले का मौसम यहां घूमने के लिए सबसे बेहतर रहता है. स्थानीय संस्कृति और शहर का सुकून भरा माहौल आपकी यात्रा को और भी खास बना देगा.