National Lok Adalat in Delhi: दिल्ली में रहने वाले लोगों और वाहन चालकों के लिए एक बहुत ही काम की खबर है. कल यानी रविवार, 25 अक्टूबर 2026 को दिल्ली में राष्ट्रीय लोक अदालत (National Lok Adalat) का आयोजन किया जा रहा है. इसमें करीब 2.5 लाख लंबित मामलों का निपटारा किया जाएगा, जिसमें लगभग 2 लाख ट्रैफिक चालान शामिल हैं. अगर आपका भी कोई चालान या कोर्ट-कचहरी से जुड़ा कोई समझौता योग्य मामला पेंडिंग है, तो जानिये कि यह लोक अदालत कहां लगेगी और इसमें किन-किन मामलों का समाधान होगा.
पहले 10 अक्टूबर को होनी थी लोक अदालत
दिल्ली स्टेट लीगल सर्विस अथॉरिटी (DSLSA) ने पहले इस लोक अदालत की तारीख 10 अक्टूबर तय की थी. हालांकि, दिल्ली हाई कोर्ट ने उस दिन निचली अदालतों (Subordinate Courts) के लिए कामकाजी दिन घोषित करने के बाद DSLSA के मेंबर सेक्रेटरी ने नई अधिसूचना जारी कर तारीख बदलकर 25 अक्टूबर तय की थी.
लगभग 340 बेंचों पर होगी सुनवाई
लोक अदालत के सुचारू संचालन के लिए लगभग 337 से 340 बेंचें बैठेंगी. ट्रैफिक चालान अपलोड करने के लिए 19 अक्टूबर को एक विशेष लिंक जारी किया गया था. इस लिंक पर रोजाना अधिकतम 50 हजार चालान अपलोड किए जा सकते थे. इस लोक अदालत का आयोजन दिल्ली के सभी प्रमुख जिला अदालत परिसरों में होगा:
तीस हजारी
कड़कड़डूमा
पटियाला हाउस
रोहिणी
साकेत
द्वारका
राऊज एवेन्यू
इसके अलावा दिल्ली हाई कोर्ट, ऋण वसूली न्यायाधिकरण (DRT), स्थायी लोक अदालत और दिल्ली राज्य व जिला उपभोक्ता आयोगों में भी मामलों का निपटारा किया जाएगा.
किन मामलों का होगा निपटारा और किनका नहीं?
लोक अदालत में ऐसे दीवानी (Civil) और आपराधिक (Criminal) मामलों की सुनवाई होगी, जिनमें कानूनी रूप से आपस में समझौता किया जा सकता है. इसके अलावा ट्रैफिक चालान, चेक बाउंस और रिकवरी से जुड़े मामलों को प्राथमिकता दी जाएगी. लेकिन तलाक से जुड़े वैवाहिक विवाद (Divorce Cases) इसमें शामिल नहीं होंगे.