Aaj Ki Taaza Khabar: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज राजस्थान और गुजरात के दौरे पर हैं, जहां वे देश को कई ऐतिहासिक परियोजनाओं की सौगात देंगे. पीएम मोदी जोधपुर में ₹480 करोड़ की लागत से बने नए टर्मिनल भवन का उद्घाटन करेंगे और साथ ही संशोधित उड़ान योजना का शुभारंभ करेंगे. दोपहर में पीएम बालोतरा पहुंचेंगे. यहां वे करीब ₹1.06 लाख करोड़ की विशाल विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे. इसमें देश का पहला ग्रीनफील्ड रिफाइनरी-सह-पेट्रोकेमिकल परिसर भी शामिल है. इसके बाद वे एक जनसभा को भी संबोधित करेंगे.
शाम को पीएम गुजरात के साणंद जाएंगे, जहां वे अत्याधुनिक सेमीकंडक्टर असेंबली एंड टेस्ट (OSAT) संयंत्र का उद्घाटन करेंगे. भारत को टेक-ग्लोबल हब बनाने की दिशा में इसे एक बड़ा कदम माना जा रहा है.
दिल्ली में नेशनल ड्रोन समिट 2026 का आयोजन
देश में पहली बार सहकारिता के जरिए ड्रोन उद्यमिता को बढ़ावा देने के लिए नई दिल्ली के ‘द लीला पैलेस’ में नेशनल ड्रोन समिट 2026 का आयोजन हो रहा है. इस समिट में ग्रामीण अर्थव्यवस्था को बदलने के लिए “1 पंचायत – 1 ड्रोन उद्यमी” मिशन को लॉन्च किया जा रहा है.
यूपी की राजनीति: मिशन 2027 को लेकर नितिन नवीन का दौरा
उत्तर प्रदेश में ‘मिशन 2027’ की तैयारियां तेज हो गई हैं. भाजपा के नए प्रदेश अध्यक्ष नितिन नवीन आज से यूपी के दो दिवसीय दौरे पर रहेंगे. इस दौरान वे संगठन के पेंच कसेंगे और आगामी चुनावों की रणनीति की समीक्षा करेंगे.
अयोध्या राम मंदिर: SIT जांच में वित्तीय अनियमितताओं के संकेत
अयोध्या राम मंदिर चढ़ावे के मामले में चल रही SIT जांच से बड़ी खबर आ रही है. शुरुआती जांच में वित्तीय अनियमितताओं (पैसे के हेरफेर) के संकेत मिले हैं, जिसके बाद उत्तर प्रदेश की सियासत में हलचल तेज हो गई है.
अंतरराष्ट्रीय खबर: ईरान के पूर्व सर्वोच्च नेता खामेनेई की अंतिम विदाई
मिडिल-ईस्ट से इस वक्त की बड़ी खबर है कि पूर्व सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई के अंतिम विदाई समारोह की प्रक्रिया तेहरान में शुरू हो गई है. इस जनाजे में लाखों लोगों के जुटने की उम्मीद है. इस बदलाव के बाद वैश्विक नेताओं की नजरें मिडिल-ईस्ट के बदलते समीकरणों पर टिकी हैं.
इसके अलावा आज दिनभर की देश-दुनिया की हर छोटी-बड़ी खबर से जुड़े अपडेट्स के लिए बने रहें News 24 के साथ…