पंजाब नेशनल बैंक (PNB) स्कैम केस में करोड़ों के घोटाले की जांच कर रही CBI को बड़ी कामयाबी मिली है. भगोड़े बिजनेसमैन नीरव मोदी के पार्टनर संदीप मिस्त्री को संयुक्त अरब अमीरात (UAE) से सरेंडर कराने के बाद CBI ने गिरफ्तार कर लिया है. जानकारी के मुताबिक, संदीप मिस्त्री ने सोमवार को सरेंडर किया था, जिसके बाद मंगलवार को CBI की टीम ने उसे मुंबई से अरेस्ट किया. इसके बाद एजेंसी ने उसे CBI के खास कोर्ट में पेश किया. अदालत ने मिस्त्री को 6 अक्टूबर तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया है.
PNB घोटाले में नीरव मोदी का दिया साथ
नवंबर 2025 में एक विशेष अदालत ने एक गैर-जमानती वारंट जारी किया था, जिसका पालन करते हुए CBI ने संदीप मिस्त्री को गिरफ्तार किया. संदीप मिस्त्री ने नीरव मोदी की हांगकांग वाली कंपनी ‘फैंसी क्रिएशन्स लिमिटेड’ के डायरेक्टर के तौर पर काम किया है. सीबीआई का आरोप है कि मिस्त्री ने नीरव और बाकी आरोपियों के साथ मिलकर आपराधिक साजिश रचने में अहम भूमिका निभाई थी, जिसके तहत PNB के साथ लगभग 6,498.20 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी की गई.
क्या साजिश रच रहा था मिस्त्री?
CBI ने ये भी दावा किया कि भारत में मामला दर्ज होने के बाद संदीप मिस्त्री ने नीरव के भाई नेहल, और एक दूसरे वॉन्टेड क्रिमिनल के साथ मिलकर प्लानिंग की थी, उन्होंने दुबई में नीरव मोदी से जुड़ी अलग-अलग कंपनियों के डमी निदेशकों को धमकाया था. आरोप है कि इन लोगों को गिरफ्तार किए जाने की धमकी देकर काहिरा जाने के लिए मजबूर किया गया. CBI का आरोप है कि आरोपियों ने सबूत मिटाने के लिए अपने मोबाइल फोन भी नष्ट कर दिए थे.
क्या है मामला?
भगोड़े नीरव मोदी, उसके मामा मेहुल चोकसी और बाकी लोगों के खिलाफ 2018 से ही मनी लॉन्ड्रिंग के आरोपों में प्रवर्तन निदेशालय (ED) जांच कर रहा है. उनके खिलाफ सीबीआई जांच भी हो रही है. सभी पर आरोप है कि उन्होंने बैंक अधिकारियों की मिलीभगत से और मुंबई में पीएनबी की ब्रैडी हाउस शाखा में फर्जी ‘लेटर ऑफ अंडरटेकिंग’ जारी करके 2 अरब अमेरिकी डॉलर (करीब 13,000 करोड़ रुपये) से ज्यादा की बैंक धोखाधड़ी की.