West Bengal News: कोलकाता हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस से साइबर ठगी, शातिरों ने इस तरह निकाले थे ढाई लाख रुपये
Edited By Rakesh Choudhary

Edited By Rakesh Choudhary

कोलकाता से अमरदेव पासवान की रिपोर्टः कोलकाता हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस से साइबर ठगी का मामला सामने आया है। इसको लेकर जामताड़ा में कोलकाता पुलिस ने कार्रवाई करते हुए करमाटांड़ थाना क्षेत्र में चार साइबर अपराधी गिरफ्तार किए। इन अपराधियों ने चीफ जस्टिस के बैंक खाते से ढ़ाई लाख रुपये उड़ा लिए थे।
इस जाइंट ऑपरेशन में पुलिस ने जामताड़ा के झिलुआ इलाके से शिवशंकर मंडल व मटटांड़ से मिथुन मंडल और तपन कुमार मंडल को गिरफ्तार किया है। इन तीनों आरोपियों पर कोलकाता के टालीगंज थाने में केस दर्ज किया गया है। चारों गिरफ्तार आरोपियों को ट्रांजिट रिमांड पर जामताड़ा न्यायालय में पेश किया गया और ट्रांजिट रिमांड पर कोलकाता पुलिस अपने साथ ले गई।
इन आरोपियों के पास से आधा दर्जन मोबाइल और दर्जनभर से ज्यादा सिमकार्ड भी बरामद किए गए हैं। कोलकाता पुलिस के एएसआई जितेंद्र कुमार ने बताया कि इन आरोपियों ने हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस समेत कई अन्य लोगों को भी अपनी ठगी का शिकार बनाया है। बता दें कि जामताड़ा के साईबर ठग कभी टेलीकॉलर कभी बैंक इम्प्लांई तो कभी लकी ड्रॉ कंपनी के अधिकारी सहित ठगी के कई तरह के हथकंडे अपनाकर लोगों को अपना शिकार बनाते हैं।
इसके अलावा ठगों ने मुंबई हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस की बहु एवं मुंबई हाईकोर्ट के एक वकील के खाते से भी एक लाख रुपए उड़ा लिए। इस मामले में मुंबई के नवापाड़ा थाने में ठगी की शिकायत दर्ज कराई गई है। फिलहाल कोलकाता पुलिस मुंबई में इन ठगों की तलाश कर रही हैं।
न्यूज 24 पर पढ़ें देश,राष्ट्रीय समाचार (National News),खेल,मनोरंजन,धर्म,लाइफ़स्टाइल,हेल्थ,शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।
First published on: