Live Updates
Weather Updates Live: वायनाड में भूस्खलन के बाद मलबे को हटाने में भारी बारिश बनी बाधा, टनल निर्माण की जांच के आदेश
केरल के वायनाड में लगातार हो रही बारिश के कारण भूस्खलन स्थल से मलबा हटाना चुनौतीपूर्ण और खतरनाक हो गया है. इस हादसे में चार लोगों की मौत हो चुकी है.
Weather Updates Live: उत्तराखंड के 7 जिलों में 'रेड अलर्ट'! काशीपुर में रिकॉर्ड तोड़ बारिश, अगले 48 घंटों तक जारी रहेगा आफत का दौर
उत्तराखंड में मानसून पूरी तरह सक्रिय हो चुका है, जिससे कई इलाकों में भारी तबाही देखने को मिल रही है. मौसम विभाग के अनुसार, पिछले 24 घंटों में ऊधम सिंह नगर जिले के काशीपुर में 200 मिमी से अधिक बारिश दर्ज की गई है, जिसे 'अत्यंत भारी बारिश' की श्रेणी में रखा गया है. देहरादून मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक सी. एस. तोमर ने बताया कि ऊधम सिंह नगर, पौड़ी और हरिद्वार में बहुत भारी और देहरादून सहित कई जिलों में भारी बारिश हुई है. मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के लिए देहरादून, टिहरी, पौड़ी, हरिद्वार, ऊधम सिंह नगर, नैनीताल और चंपावत के लिए 'रेड अलर्ट' जारी किया है. राज्य में अगले 48 घंटों तक मूसलाधार बारिश का यह दौर जारी रहने का अनुमान है.
Weather Updates Live: देश में मूसलाधार बारिश से हाहाकार! पुणे के पास बड़ा हादसा, मलबे से एक शव बरामद, 8 लोग अब भी लापता
गुरुवार को देश के कई हिस्सों में हुई मूसलाधार मानसूनी बारिश ने भारी तबाही मचाई है, जिससे आम जनजीवन पूरी तरह पटरी से उतर गया है. भारी बारिश और तेज हवाओं के कारण सड़कें और रिहायशी इलाके जलमग्न हो गए हैं, पेड़ उखड़ गए हैं और कई घरों को नुकसान पहुंचा है. दिल्ली में इस सीजन की सबसे भारी बारिश दर्ज की गई, जिससे चारों तरफ जलभराव और महाजाम की स्थिति बन गई. वहीं, महाराष्ट्र के पुणे के पास पिंपरी चिंचवड़ में भारी बारिश के कारण कचरे का ढेर ढहने से एक वेस्ट-टू-एनर्जी प्लांट की इमारत गिर गई थी, जहां गुरुवार को मलबे से एक शव बरामद किया गया है. इस हादसे में अब तक 9 लोगों को बचाया जा चुका है, जबकि करीब 8 लोगों के अभी भी मलबे में दबे होने की आशंका है.
Weather Updates Live: पूरे देश में छा गया दक्षिण-पश्चिम मानसून; राजस्थान, पंजाब और हरियाणा के बचे हिस्सों में भी हुई एंट्री
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने गुरुवार को घोषणा की है कि दक्षिण-पश्चिम मानसून राजस्थान, हरियाणा और पंजाब के बचे हुए हिस्सों में आगे बढ़ते हुए अब पूरे देश में पहुंच चुका है. मौसम विभाग के मुताबिक, आमतौर पर मानसून 8 जुलाई तक पूरे देश को कवर कर लेता है, लेकिन इस बार इसमें केवल एक दिन की मामूली देरी दर्ज की गई है.
Weather Updates Live: केरल में बारिश से भारी तबाही! 3 जिलों में ऑरेंज और 6 में येलो अलर्ट जारी, कई जगह गिरे पेड़
केरल के कई हिस्सों में गुरुवार को जारी मूसलाधार बारिश के चलते भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने मलप्पुरम, कोझिकोड और वायनाड जिलों के लिए 'ऑरेंज अलर्ट' जारी किया है. इसके साथ ही एर्नाकुलम, इडुक्की, त्रिशूर, पलक्कड़, कन्नूर और कासरगोड समेत 6 अन्य जिलों में 'येलो अलर्ट' लागू किया गया है. राज्य में हो रही इस भारी बारिश के कारण कई जगहों पर पेड़ और उनकी शाखाएं टूटने से संपत्तियों को भारी नुकसान पहुंचा है. मौसम विभाग के अनुसार, ऑरेंज अलर्ट वाले इलाकों में 115 मिमी से 204 मिमी तक अत्यंत भारी बारिश होने की आशंका है.
Weather Updates Live: रुद्रप्रयाग में लगातार बारिश से अलकनंदा-मंदाकिनी के जलस्तर में उतार-चढ़ाव, प्रशासन अलर्ट
उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग में जारी बारिश से अलकनंदा और मंदाकिनी नदियों का जलस्तर घट-बढ़ रहा है, हालांकि सभी नदियां खतरे के निशान से नीचे हैं. प्रशासन स्थिति पर नजर रखते हुए लोगों से नदी किनारों से दूर रहने की अपील कर रहा है.
Weather Updates Live: गाजियाबाद के वसुंधरा में भारी बारिश के बाद धंसी सड़क, गड्ढे में समाई कार और स्कूटी; मची अफरा-तफरी
गाजियाबाद के वसुंधरा में अटल चौक के पास भारी बारिश के बाद अचानक सड़क धंस गई। इस गहरे गड्ढे में एक कार और स्कूटी अंदर गिर गईं, जिन्हें बाद में क्रेन की मदद से सुरक्षित बाहर निकाला गया।
Weather Updates Live: ऋषिकेश में गंगा नदी उफान पर: निचले इलाकों में बाढ़ का खतरा, घाटों पर चढ़ा पानी, पर्यटकों और स्थानीय लोगों के लिए अलर्ट जारी
उत्तराखंड के ऋषिकेश में पिछले कुछ दिनों से जारी मूसलाधार बारिश के चलते गंगा नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। नदी का रौद्र रूप देखकर तटीय इलाकों में रहने वाले लोगों की चिंताएं बढ़ गई हैं, क्योंकि कई प्रमुख घाटों की सीढ़ियां पानी में डूबने लगी हैं। लगातार बढ़ते जलस्तर के कारण निचले इलाकों में बाढ़ जैसे हालात पैदा होने की आशंका है। खतरे को भांपते हुए स्थानीय प्रशासन ने अलर्ट जारी किया है और सभी पर्यटकों तथा स्थानीय नागरिकों से नदी के किनारों, घाटों और संवेदनशील क्षेत्रों से दूर रहने की सख्त अपील की है।
Weather Updates Live: कालकाजी-गोविंदपुरी मार्ग पर गिरा भारी-भरकम पेड़, सड़क बंद होने से लगा लंबा जाम, रेंगते नजर आए वाहन
राजधानी में जारी मूसलाधार बारिश के बीच कालकाजी से गोविंदपुरी को जोड़ने वाले मुख्य मार्ग पर एक विशाल पेड़ अचानक उखड़कर सड़क के बीचों-बीच गिर गया। इस हादसे के बाद दोनों तरफ से गाड़ियों की आवाजाही पूरी तरह ठप हो गई और सड़क पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। व्यस्त समय होने के कारण दफ्तर और गंतव्य के लिए निकले लोगों को भारी ट्रैफिक जाम का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना प्रशासन और पुलिस को दी है, जिसके बाद मलबे को हटाने और रास्ता साफ करने की कवायद शुरू कर दी गई है।
Weather Updates Live: नोएडा में आसमानी आफत या खूबसूरत मंजर? घने काले बादलों के बीच गायब हुआ सुपरनोवा टॉवर का ऊपरी हिस्सा
नोएडा के सेक्टर 94 में स्थित देश की सबसे ऊंची इमारतों में से एक 'सुपरनोवा, स्पिरा टॉवर' का ऊपरी हिस्सा आज आसमान में छाए घने, काले बादलों के बीच पूरी तरह छुप गया है। मूसलाधार बारिश के मौसम में यह नजारा ऐसा लग रहा है मानो गगनचुंबी इमारत बादलों को चीरकर सीधे आसमान से बातें कर रही हो।
Weather Updates Live: दिल्ली के PWD मंत्री ने मॉनसून का जायजा लेने के लिए कंट्रोल रूम का दौरा किया
दिल्ली के PWD मंत्री प्रवेश साहिब सिंह ने मॉनसून की तैयारियों का जायजा लेने के लिए PWD कंट्रोल रूम का दौरा किया।
Weather Updates Live: दिल्ली में बीते 24 घंटों में रिकॉर्ड तोड़ बारिश, टुकमीरपुर-खजुरी में सबसे ज्यादा, गाजियाबाद में 164mm दर्ज
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) द्वारा 9 जुलाई, 2026 की सुबह जारी आंकड़ों के अनुसार, दिल्ली-एनसीआर में बीते 24 घंटों (8 जुलाई सुबह 08:30 बजे से 9 जुलाई सुबह 08:30 बजे तक) में मूसलाधार बारिश दर्ज की गई है। दिल्ली के टुकमीरपुर, खजुरी इलाके में सबसे ज्यादा 160 मिमी बारिश हुई, जबकि नोएडा-गाजियाबाद के इलाकों में भी भारी बरसात से जनजीवन प्रभावित हुआ है।
Weather Updates Live: दिल्ली में बीते 24 घंटों में रिकॉर्ड तोड़ बारिश, टुकमीरपुर-खजुरी में सबसे ज्यादा, गाजियाबाद में 164mm दर्ज
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) द्वारा 9 जुलाई, 2026 की सुबह जारी आंकड़ों के अनुसार, दिल्ली-एनसीआर में बीते 24 घंटों (8 जुलाई सुबह 08:30 बजे से 9 जुलाई सुबह 08:30 बजे तक) में मूसलाधार बारिश दर्ज की गई है। दिल्ली के टुकमीरपुर, खजुरी इलाके में सबसे ज्यादा 160 मिमी बारिश हुई, जबकि नोएडा-गाजियाबाद के इलाकों में भी भारी बरसात से जनजीवन प्रभावित हुआ है।
Weather Updates Live: देशभर में मानसूनी बारिश का तांडव! अब तक 60 से ज्यादा मौतें, दिल्ली से उत्तराखंड तक हाहाकार
देशभर में जारी मूसलाधार बारिश आफत बन चुकी है। अलग-अलग राज्यों में बाढ़, भूस्खलन (लैंडस्लाइड) और इमारतें गिरने जैसी मानसूनी आपदाओं में अब तक 60 से अधिक लोगों की जान जा चुकी है। दिल्ली-एनसीआर में जहां 'रेड अलर्ट' के बीच भारी जलभराव और महाजाम ने रफ्तार रोक दी है, वहीं महाराष्ट्र, गुजरात, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और पूर्वोत्तर के राज्य भी भयंकर बारिश से जूझ रहे हैं। प्रभावित इलाकों में एनडीआरएफ की टीमें राहत और बचाव कार्य में जुटी हैं, जबकि मौसम विभाग ने कई राज्यों में और भारी बारिश की चेतावनी जारी की है।
Weather Updates Live: ईस्ट ऑफ कैलाश में भारी बारिश से गिरा पेड़, दबी गाड़ी, स्कूल बसों को लेना पड़ा लंबा यू-टर्न
दिल्ली में भारी बारिश के बीच ईस्ट ऑफ कैलाश के राजा धीर सिंह मार्ग पर तड़के करीब 3 बजे एक विशाल पेड़ गिर गया, जिसकी चपेट में आने से एक कमर्शियल गाड़ी पूरी तरह कुचल गई। स्थानीय निवासी करण अग्रवाल ने बताया कि कंक्रीटीकरण (सड़क पक्की करने) और अतिक्रमण के कारण पेड़ कमजोर होकर गिर रहे हैं और इसी सड़क पर पहले भी 2-3 पेड़ गिर चुके हैं। सुबह तक रास्ता साफ न होने के कारण स्कूल बसों को लंबा चक्कर काटना पड़ा, जिससे बच्चों को भारी परेशानी हुई। घटना के कई घंटों बाद भी प्रशासन ने मलबे को नहीं हटाया है।
Weather Updates Live: नोएडा में पहली बारिश से खुली सरकारी दावों की पोल! पानी में डूबीं गाड़ियां, कई किलोमीटर लंबा महाजाम
दिल्ली-एनसीआर में हो रही लगातार बारिश ने नोएडा शहर को पानी-पानी कर दिया है। नोएडा के सेक्टर-16 में भारी जलभराव के चलते गाड़ियां और मोटरसाइकिलें आधी डूबी नजर आईं, जिससे यातायात पूरी तरह ठप हो गया। शहर में फिलहाल 25 से ज्यादा ऐसी जगहें हैं जहां लोग महाजाम से जूझ रहे हैं; सेक्टर-62 से 71 तक करीब 5 किलोमीटर और गौर सिटी से सेक्टर-52 तक 6 किलोमीटर लंबा जाम लग गया है। पहली ही बारिश में बने बाढ़ जैसे इन हालातों ने प्रशासन के उन तमाम मानसून एक्शन प्लान और तैयारियों के दावों की पोल खोल कर रख दी है।
Weather Updates Live: गंगोत्री हाईवे पर लैंडस्लाइड, यमुनोत्री मार्ग खुला, BRO मलबा हटाने में जुटा
उत्तरकाशी में भारी बारिश के बाद गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर आफत आ गई है। इस हाईवे पर नालूपानी, धरासू घाट और नगुण के पास भारी भूस्खलन के कारण सड़क पूरी तरह बंद हो गई है, जिसे खोलने के लिए बीआरओ (BRO) की टीमें मशीनों के साथ जुटी हुई हैं। राहत की बात यह है कि यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्यानाचट्टी के पास और टिहरी के सुवाखोली मार्ग पर रोतु की वैली के पास आए मलबे को साफ कर यातायात को दोबारा सुचारू कर दिया गया है। वहीं, नाकुरी ग्रामीण मोटर मार्ग अब भी बंद है और उसे खोलने का काम जारी है।
Weather Updates Live: उत्तराखंड के उत्तरकाशी में भारी बारिश का 'ऑरेंज अलर्ट', प्रशासन सख्त, ट्रैकिंग पर लगी रोक
मौसम विभाग (IMD) ने उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले में भारी से बहुत भारी बारिश की आशंका जताते हुए 'ऑरेंज अलर्ट' जारी किया है। खतरे को देखते हुए प्रशासन ने पर्वतीय क्षेत्रों में ट्रैकिंग पर पूरी तरह रोक लगा दी है और यात्रियों को सुरक्षित स्थानों पर रोकने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही, लोक निर्माण विभाग (PWD), बीआरओ (BRO) और एनएच (NH) को सड़कें बंद होने पर उन्हें तुरंत खोलने और सभी राजस्व अधिकारियों व आपदा प्रबंधन टीमों (QRT) को वायरलेस के साथ 24 घंटे अलर्ट मोड पर रहने का आदेश दिया गया है। नागरिकों से बेवजह घरों से बाहर न निकलने की अपील की गई है।
Weather Updates Live: राजधानी में भारी बारिश के कारण जलभराव से दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर ट्रैफिक जाम
राष्ट्रीय राजधानी में भारी बारिश के कारण जलभराव से दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर ट्रैफिक जाम लग गया.
Weather Updates Live: सूरत के मगोब में भारी जलभराव, सड़कों पर समंदर! थमी जिंदगी की रफ्तार
गुजरात के सूरत में गुरुवार को हुई मूसलाधार बारिश ने मगोब इलाके में भारी तबाही मचाई है. मगोब के कई हिस्सों में गंभीर जलभराव (Waterlogging) होने से आम जनजीवन पूरी तरह पटरी से उतर गया है. सड़कों पर घुटनों तक पानी भर जाने के कारण स्थानीय लोगों और दफ्तर आने-जाने वालों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है. इलाके से सामने आए दृश्यों में लोग जलमग्न रास्तों को तैरकर या पैदल पार करने को मजबूर दिखे, जबकि पानी के बीच कई वाहन बंद होकर फंसे नजर आए.
Weather Updates Live: कोंकण में आसमानी आफत, कई जिलों में रेड अलर्ट जारी, मध्य महाराष्ट्र और विदर्भ में भी बिजली गिरने की चेतावनी
महाराष्ट्र में मानसून की भारी बारिश ने रौद्र रूप धारण कर लिया है। मौसम विभाग (IMD) ने कोंकण और उससे सटे मध्य महाराष्ट्र के घाट इलाकों में अत्यंत भारी से बहुत भारी बारिश की आशंका जताते हुए कई जिलों के लिए 'रेड' और 'ऑरेंज' अलर्ट जारी किया है। इसके साथ ही मराठवाड़ा, विदर्भ और मध्य महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों में गरज-चमक के साथ मूसलाधार बारिश और बिजली गिरने की भी चेतावनी दी गई है, जिससे स्थानीय प्रशासन को पूरी तरह मुस्तैद रहने के निर्देश मिले हैं।
Weather Updates Live: मूसलाधार बारिश ने बढ़ाई परेशानी, ट्रैफिक जाम के बीच गुरुग्राम में WFH की एडवायजरी
दिल्ली, नोएडा और गुरुग्राम में रातभर हुई मूसलाधार बारिश के बाद मौसम विभाग (IMD) ने रेड अलर्ट जारी कर दिया है। कई इलाकों में भारी जलभराव के कारण सुबह का ट्रैफिक रेंगता नजर आया। गुरुग्राम पुलिस ने भारी जाम और जलभराव को देखते हुए कॉर्पोरेट कंपनियों को वर्क फ्रॉम होम (WFH) देने की सलाह दी है। जहां तक स्कूलों का सवाल है, कई जगहों पर जलभराव के कारण रूटीन प्रभावित हुआ है, हालांकि फिलहाल प्रशासन की ओर से आधिकारिक छुट्टी का आदेश नहीं है, लेकिन स्थिति को देखते हुए नजर रखी जा रही है।
Weather Updates Live: दिल्ली के मयूर विहार-लोधी रोड में रिकॉर्ड तोड़ बारिश, मौसम विभाग ने जारी किया अगला अलर्ट
दिल्ली-एनसीआर में मूसलाधार बारिश का सिलसिला जारी है, जिससे मौसम सुहावना तो हुआ है लेकिन सड़कों पर जलभराव की स्थिति बन गई है। मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, पिछले 24 घंटों में पूर्वी दिल्ली के मयूूूर विहार में सबसे ज्यादा 102.5 मिमी बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा लोधी रोड में 80.2 मिमी और सफदरजंग में 72.6 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। मौसम विभाग ने आने वाले समय में और बारिश की चेतावनी जारी की है, जिससे जलभराव और ट्रैफिक जाम की समस्या और बढ़ सकती है।
Today Weather Updates: दिल्ली-एनसीआर के लोगों के लिए गुरुवार की सुबह सुहानी सौगात लेकर आई. राजधानी और उसके आस-पास के इलाकों में सुबह-सुबह हुई तेज बारिश ने पिछले कई दिनों से जारी उमस और चुभने वाली गर्मी से बड़ी राहत दी है. हालांकि, इस आंधी-पानी के कारण सड़कों पर जलभराव और सुबह के वक्त ऑफिस जाने वाले लोगों को ट्रैफिक जाम का सामना भी करना पड़ा है. मौसम विभाग (IMD) ने स्थिति को देखते हुए दिल्ली, गुरुग्राम और फरीदाबाद के लिए ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया है, जबकि नोएडा और गाजियाबाद को ‘येलो अलर्ट’ पर रखा गया है. मौसम वैज्ञानिकों का अनुमान है कि आज दिन भर रुक-रुक कर भारी बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है.
इन राज्यों में भी अलर्ट
मौसम विभाग के ताजा बुलेटिन के अनुसार, मानसून की यह सक्रियता अभी कम नहीं होने वाली है. दिल्ली के साथ-साथ हरियाणा, चंडीगढ़ और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 10 जुलाई तक व्यापक रूप से भारी बारिश होने की पूरी संभावना है. इसके अलावा, पूर्वी राजस्थान में आज यानी 9 जुलाई को बादलों की आवाजाही और पानी बरसने की रफ्तार तेज रहेगी. उत्तर प्रदेश के पूर्वोत्तर हिस्सों में रहने वाले लोगों को भी सावधान रहने की जरूरत है, क्योंकि वहां 13 जुलाई तक बारिश का एक नया और मजबूत दौर जारी रहने का अनुमान जताया गया है.
मुंबई और ठाणे में बिजली कड़कने के साथ आंधी-पानी का अनुमान
महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई और उसके आस-पास के इलाकों में भी मानसून की मार जारी है. लगातार हो रही बारिश से मुंबई पूरी तरह बेहाल है और मौसम विभाग ने आज के लिए मुंबई और ठाणे में ‘येलो अलर्ट’ घोषित कर दिया है. मौसम वैज्ञानिकों ने चेतावनी दी है कि आज दिन भर गरज-चमक और आसमानी बिजली कड़कने के साथ तेज आंधी चल सकती है. हालांकि, ज्यादातर इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश होगी, लेकिन कुछ चुनिंदा और संवेदनशील जगहों पर अचानक भारी बौछारें पड़ने की भी आशंका है जिससे निचले इलाकों में पानी भर सकता है.
गुजरात के सूरत में भारी तबाही
गुजरात के सूरत शहर में पिछले कुछ दिनों से हो रही मूसलाधार बारिश ने भारी तबाही मचाई है. यहाँ बारिश से जुड़े हादसों में अब तक कम से कम नौ लोगों की जान जा चुकी है, जिसके बाद प्रशासन ने निचले इलाकों में रहने वाले परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाना शुरू कर दिया है. देश के कई राज्यों में बाढ़ और जलभराव के इस गंभीर संकट को देखते हुए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने खुद मोर्चा संभाला है. उन्होंने केरल, महाराष्ट्र, गुजरात और जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्रियों से फोन पर बात करके वहां के ताजा हालात की समीक्षा की और केंद्र सरकार की तरफ से हर संभव मदद का पूरा भरोसा दिया.
देशभर में मौसम से जुड़ी ताजा जानकारी के लिए न्यूज24 से जुड़े रहें…
संबंधित खबरें
'राहुल गांधी ने मुझे धक्का नहीं दिया', BJP के आरोप पर बोले DK शिवकुमार
2 hrs agoजंतर-मंतर को प्रोटेस्ट साइट के तौर पर हटाने का आदेश किसने दिया?: दिल्ली HC
3 hrs agoसौरव दास और आशुतोष रांका को जंतर-मंतर में घुसना पड़ा भारी, FIR दर्ज
5 hrs ago'देश की जनता PM के साथ', SIR विवाद पर अमित शाह ने राहुल गांधी को दिया जवाब
7 hrs ago'ज्ञानेश कुमार का इस्तीफा हमारा मिशन', मीटिंग के बाद राहुल गांधी का ऐलान
8 hrs ago'लद्दाख भारत का अभिन्न हिस्सा', चीन के दावे पर MEA का करारा जवाब
8 hrs agoएल मुरुगन ने केंद्रीय मंत्री पद और राज्यसभा से दिया इस्तीफा, सामने आई वजह
8 hrs agoहाई टी में शामिल होने पहुंचे कांग्रेस सांसद राजीव शुक्ला का बड़ा बयान
9 hrs agoसऊदी अरब के 4 एयरपोर्ट्स के लिए एयर इंडिया-इंडिगो की सभी उड़ानें रद्द
9 hrs ago'CEC को मंत्री-गवर्नर बनाया…', पीयूष गोयल ने कांग्रेस पर साधा निशाना
10 hrs agoन्यूज 24 पर पढ़ें देश, राष्ट्रीय समाचार (National News), खेल, मनोरंजन, धर्म, लाइफ़स्टाइल, हेल्थ, शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।
First published on:
Know More: Editorial Guidelines