हमारे साथ जुड़ें X IG YT FB
Trending: CJP ProtestGyanesh KumarSIRBigg Boss 20

देशभर में बारिश के कहर से 100 से अधिक मौतें, सबसे ज्यादा हिमाचल में 80 लोगों की गई जान

विज्ञापन

Weather Live Updates: उत्तर भारत समेत देश के अन्य राज्यों में बारिश और बाढ़ से संबंधित घटनाओं में 100 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है। इनमें सबसे ज्यादा हिमाचल प्रदेश में 80 लोगों की मौत हुई है। पहाड़ी राज्य समेत उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में पिछले हफ्ते बारिश शुरू हुई थी, जिससे बुनियादी ढांचे को भारी नुकसान हुआ है। कई नदियां खतरे के निशान से ऊपर बढ़ गईं।

हिमाचल प्रदेश में लगातार बारिश और बर्फबारी के कारण लगभग 300 लोग अभी भी ऊंचे इलाकों में फंसे हुए हैं। इनमें अधिकतर पर्यटक हैं। हिमाचल के अलावा, पंजाब और हरियाणा में कुछ हिस्सों में बारिश के कारण 15 लोगों की जान चली गई। पड़ोसी राज्य उत्तराखंड में पिछले 24 घंटों में पहाड़ों से गिरे पत्थरों के कारण हुए भूस्खलन में 9 तीर्थयात्रियों की मौत हो गई और 13 अन्य घायल हो गए। बारिश, बाढ़ से संबंधित खबरों के लिए न्यूज24 पर बनें रहें।

Weather Live Updates…

  • हिमाचल प्रदेश: मंडी जिले में लगातार हो रही बारिश के चलते पंडोह डैम से आज शाम 6 बजे से कल दोपहर 3 बजे तक पानी छोड़ा जाएगा। लोगों से अपील है कि आगामी कुछ दिनों तक निचले क्षेत्रों जैसे नदियां, नाले व डैम क्षेत्र के आसपास न जाएं।
  • उत्तराखंड: हरिद्वार जिले के लक्सर के कुआं खेड़ा गांव के पास सोनाली नदी का बांध टूटने से लक्सर क्षेत्र में बाढ़ की स्थिति उत्पन्न हुई।

  • उत्तरकाशी: गंगोत्री की ओर राष्ट्रीय राजमार्ग पर धराली में खीर गंगा के उफान से सड़क बह गई। उत्तरकाशी जिला प्रशासन ने बताया कि भारी बारिश के बीच पिछले 12 घंटों से बंद सड़क को खोलने के प्रयास जारी हैं।

  • दिल्ली में यमुना नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। बुधवार सुबह 8 बजे, ब्रिज पर नदी का जल स्तर 207.25 मीटर दर्ज किया गया, जो उच्चतम बाढ़ स्तर 207.49 मीटर के करीब है। नदी खतरे के निशान से ऊपर बह रही है।

  • मनाली में फंसी पंजाब के लुधियाना की पर्यटक नेहा ने बताया कि हम घर जाना चाहते हैं। हमें रविवार को लौटने का कार्यक्रम था लेकिन हम बाढ़ के कारण फंस गए हैं। एक अन्य पर्यटक संजीव अरोड़ा कहते हैं कि हम 5 जुलाई से यहां मनाली में हैं। मुख्य ट्रैक क्षतिग्रस्त है। हम पिछले दो दिनों से वापस जाने की कोशिश कर रहे हैं। इंटरनेट सेवाएं और बिजली आपूर्ति बाधित है।

दिल्ली में 45 साल का रिकॉर्ड टूटा

दिल्ली में यमुना खतरे के निशान 205.33 मीटर को पार कर गई, जिससे नदी के किनारे कई निचले इलाकों में पानी भर गया। जल स्तर खतरनाक रूप से उच्चतम स्तर 207.49 मीटर के निशान को छूने के करीब है, जो 1978 में दर्ज किया गया था। पुराने यमुना पुल पर सड़क और रेल यातायात दोनों बंद कर दिया गया है क्योंकि हरियाणा ने यमुनानगर में हथिनीकुंड बैराज से यमुना में अधिक पानी छोड़ा है।

विज्ञापन

हिमाचल को 1,050 करोड़ रुपये का नुकसान

पहाड़ी राज्य हिमाचल प्रदेश में बारिश और बाढ़ से संबंधित घटनाओं के कारण 80 लोगों की जान चली गई और 92 अन्य घायल हो गए। मूसलाधार बारिश ने राज्य को तबाह कर दिया है, जिससे 79 घर नष्ट हो गए और 333 घर आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हो गए। बाढ़ के कारण राज्य को करीब 1,050 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है।

राज्य में 41 स्थानों पर भूस्खलन की घटनाएं हुई हैं, जबकि एक स्थान पर बादल फटा है। उफनती नदियों और लगातार बारिश के कारण अचानक आई बाढ़ ने अब तक 29 स्थानों को अपनी चपेट में ले लिया है।

विज्ञापन

भारी बारिश के कारण रोकी गई केदारनाथ यात्रा

लगातार भारी बारिश के कारण उत्तराखंड के सोनप्रयाग और गौरीकुंड में केदारनाथ यात्रा रोक दी गई है। यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए जिला प्रशासन ने यात्रियों को सोनप्रयाग और गौरीकुंड में रोक दिया है।

बारिश के कारण 4 राज्य मार्ग और 10 संपर्क मार्ग मलबा आने से बंद हैं। अधिकारियों ने बताया कि भारी बारिश के कारण मंदाकिनी और अलकनंदा नदियां उफान पर हैं। उत्तराखंड में भारी बारिश के बीच भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने सोमवार को 12 जुलाई के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

विज्ञापन

बता दें कि मंगलवार को उत्तराखंड में गंगोत्री नेशनल हाईवे पर गंगनानी के पास मलबा गिरने से चार लोगों की मौत हो गई और 10 लोग घायल हो गए।

संबंधित खबरें

न्यूज 24 पर पढ़ें देश, राष्ट्रीय समाचार (National News), खेल, मनोरंजन, धर्म, लाइफ़स्टाइल, हेल्थ, शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।

First published on:

Know More: Editorial Guidelines

लेख समाप्त

लेखक के बारे में

ताज़ा खबरें

Sponsored Links by Taboola