Watch Video: सेना ने आंतकियाें के खात्मे के लिए किया हेराॅन ड्रोन का इस्तेमाल, देखें कैमरे से रिकाॅर्ड वीडियो
Author: Rakesh Choudhary
Sep 16, 2023 01:55 PM IST
Anantnag Encounter Army Use Heron Drone Against Terrorist: जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग में पिछले 80 घंटे से सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़ जारी है। एनकाउंटर में अब तक 4 जवान शहीद हो गए हैं। वहीं जवाबी कार्रवाई में अब तक 2 आतंकी ढेर किए हैं। पहाड़ी इलाके घने जंगलों में छिपे आतंकियों की तलाश में सेना के 2 हजार जवान जुटे हैं। सेना आतंकियों के खात्मे के लिए हेलीकाॅप्टर और स्निफर डाॅग्स की मदद भी ले रही है।
राॅकेट लाॅन्चर से फायर कर रहे जवान
पीर पंजाल का यह पहाड़ी इलाका 4300 वर्ग किमी. के क्षेत्र में फैला है। जो कि सेना के लिए एक बड़ी चुनौती है। आतंकी एक पहाड़ी की चोटी से पर स्थित गुफा में छिपे हैं। सेना के जवान पहाड़ी पर बैठे दहशतगर्दों को ढेर करने के लिए इजरायल से लिए गए हेरॉन ड्रोन का इस्तेमाल कर रहे हैं। शुक्रवार को ड्रोन की मदद से आतंकियों पर बम गिराए गए। इसके साथ ही सेना के जवान राॅकेट लाॅन्चर से फायर कर रहे हैं।
बम से बचने के लिए इधर-उधर भागा आतंकी
वहीं ड्रोन कैमरे लिए गए एक वीडियो में देखा जा सकता है कि आतंकी ड्रोन हमले से बचने के लिए इधर-उधर भागता नजर आ रहा है। बता दें कि अनंतनाग में बुधवार से हो रही मुठभेड़ में कर्नल मनप्रीत सिंह, मेजर आशीष ढोंचक, जम्मू कश्मीर पुलिस में डीएसपी हुमायूं भट्ट और एक सैनिक की मौत के बाद सुरक्षा बलों ने फिलहाल कोकेरनाग वन क्षेत्र को घेर लिया है। वहीं जानकारी के अनुसार आज सेना आतंकियों के खात्मे के लिए बड़े बम का इस्तेमाल कर सकती है।