यूपी-बिहार समेत 24 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट, दिल्ली में 20-30k/h की स्पीड से चलेंगी हवाएं, जानें IMD का अपडेट

IMD Monsoon Update: दिल्ली-एनसीआर में बुधवार दोपहर के बाद जमकर बारिश हुई। इसके बाद मौसम सुहावना हो गया। मौसम विभाग ने आज दिल्ली, यूपी-बिहार समेत देश के 24 राज्यों में बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है।

IMD Rain Alert UP Bihar Monsoon Update

यूपी बिहार समेत देश के 24 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट

UP Bihar Rain Alert: दिल्ली-एनसीआर में बुधवार दोपहर से शुरू हुई बारिश अभी भी हो रही है। राजधानी में देर रात तक कई इलाकों में गरज के साथ कभी तेज तो कभी रुक-रुक कर बारिश का दौर जारी था। मौसम विभाग ने आज भी दिल्ली-एनसीआर में हल्की बारिश की संभावना जताई है। इस दौरान 20-30 किमी. प्रति घंटे की स्पीड से तेज हवाएं चलेंगी। आइये जानते हैं देशभर में कैसा रहेगा मौसम?

मौसम विभाग के अनुसार राजधानी दिल्ली में आज और कल हल्की बारिश की संभावना है। इस दौरान बादल छाए रहेंगे। अधिकतम और न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी नहीं होगी। वहीं 10 से लेकर 12 अगस्त तक बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। आईएमडी के अनुसार 13 अगस्त को भी हल्की बारिश हो सकती है। दिल्ली में अगले दो दिनों तक 20-30 किमी. प्रति घंटे की स्पीड से हवाएं चल सकती हैं।

यूपी में मानसून पूरी तरह एक्टिव

यूपी में बुधवार को 66 जिलों में जमकर बारिश हुई। मुरादाबाद में रेल का ट्रैक पानी में डूब गया। पीलीभीत में सड़क बह गई। बिजनौर में मगरमच्छ गांव में घुस गया। प्रयागराज में गंगा नदी फिलहाल उफान पर है। 1200 से अधिक घरों में पानी भर गया। लेटे हनुमान जी के मंदिर तक गंगा का पानी पहुंच चुका है। बनारस में 50 से ज्यादा गंगा के घाट डूब चुके हैं।

उत्तराखंड के सभी जिलों में भारी बारिश का अलर्ट

उत्तराखंड में फिर से बारिश को लेकर मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया है। प्रदेश के सभी जिलों में अगले दो दिनों तक भारी बारिश हो सकती है। गुरुवार को उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर, नैनीताल, टिहरी में भारी बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। प्रशासन ने पहाड़ों की यात्रा नहीं करने और नदी किनारे रहने वालों को लेकर अलर्ट जारी किया है। ऐहतियात के तौर पर नदियों के किनारे वाले क्षेत्रों में एसडीआरएफ को तैनात किया गया है ताकि किसी भी आपात स्थिति से निपटा जा सके।

एमपी-राजस्थान में भारी बारिश

एमपी में भी बारिश का दौर जारी है। बुधवार को प्रदेश के कई जिलों में अच्छी बारिश हुई। वहीं लगातार बारिश के बाद से नर्मदा का जल स्तर बढ़ गया इसके बाद इंदिरा सागर डैम के 12 गेट और ओंकारेश्वर डैम के 9 गेट खोल दिए गए। राजस्थान के सभी जिलों में पिछले तीन दिनों से भारी बारिश का दौर जारी है। भारी बारिश के कारण अक्सर मानसून में सूखी रहने वाली लूणी नदी में अचानक पानी आया। बुधवार सुबह अजमेर में जब नदी में पानी आया तो ये जोधपुर, पाली होता हुआ बाड़मेर तक पहुंचा। इसके बाद लोग खुशी में नाचने लगे।

इन राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग के अनुसार आज उत्तराखंड, असम, मेघालय और सिक्किम में बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। वहीं राजस्थान, यूपी, हिमाचल प्रदेश, हरियाणा, एमपी, छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र, गुजरात, अरुणाचल प्रदेश, बिहार, ओडिशा, कर्नाटक और गुजरात में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। वहीं कई राज्यों में तूफान के साथ बिजली गिरने का अलर्ट भी जारी किया गया है।

न्यूज 24 पर पढ़ें देश,राष्ट्रीय समाचार (National News),खेल,मनोरंजन,धर्म,लाइफ़स्टाइल,हेल्थ,शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।

First published on:

और पढ़ें: हमारे संपादकीय दिशानिर्देश और मानक यहाँ देखें।

लेख समाप्त
होम पेज पर वापस जाएँ