बॉलीवुड एक्टर टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग करने वाले तीनों हमलावरों को राजस्थान की कोटा पुलिस में पकड़ लिया है और SP तेजस्विनी गौतम ने प्रेस कॉन्फ्रेंस करके गिरफ्तारी पर ब्रीफ दिया. उन्होंने आरोपियों से हुई प्रारंभिक पूछताछ की जानकारी भी दी है. SP तेजस्विनी गौतम ने बताया कि कोटा पुलिस ने नाबालिग समेत तीन आरोपियों को कोटा रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार किया गया है. आरोपियों की पहचान हरियाणा के रेहान उर्फ सुक्का, बिहार के ऋतिक कुर्मी उर्फ रोशन और हरियाणा निवासी नाबालिग के रूप में हुई है, जिन्हें मुंबई पुलिस के हवाले कर दिया गया है.
15 मिनट में जाल बिछाकर आरोपियों को दबोचा
SP तेजस्विनी गौतम ने बताया कि पुलिस ने महज 15 मिनट में पूरी ट्रेन की तलाशी लेकर आरोपियों को पकड़ लिया. तीनों आरोपी पुणे-जयपुर एक्सप्रेस ट्रेन थे और ट्रेन में इनके होने की सूचना मुंबई पुलिस से सुबह ही मिली थी. सूचना मिलते ही महज 15 मिनट के अंदर जाल बिछाया और पूरी ट्रेन की तलाशी लेकर आरोपियों को पकड़ लिया. तीनों दिल्ली होते हुए नेपाल भागने की फिराक में थे. तीनों के कब्जे से कोई हथियार बरामद नहीं हुआ है. लेकिन तीनों ने हथियारों का क्या किया, इसके बारे में पता लगाया जाएगा, क्योंकि फायरिंग करके तीनों मुंबई से निकल गए थे.
रेहान हमले का मुख्य आरोपी और साजिशकर्ता
SP तेजस्विनी गौतम ने बताया कि रेहान फायरिंग केस का मुख्य आरोपी है, जिससे अनिल पंडित ने संपर्क किया था. उसी ने पूरी वारदात की प्लानिंग को अंजाम ने दिया. मुंबई पुलिस ने सुबह 9:45 मिनट पर आरोपियों के ट्रेन में होने की खबर दी थी और तुरंत रेलवे स्टेशन के एग्जिट पॉइंट और शहर से निकलने के एग्जिट पॉइंट सील किए गए. प्लेटफार्म को चारों तरफ से घेरकर ट्रेन रुकवाई और तलाशी लेकर आरोपियों को दबोच लिया. तीनों आरोपियों में से एक रैपिडो ड्राइवर है. दूसरा मजदूर है और तीसरा नाबालिग है. वे ट्रेन की जनरल बोगी में सफर कर रहे थे.
मुंबई के जुहू में टाइगर श्रॉफ पर हमला किया था
बता दें कि रेहान, रितिक और नाबालिक युवक ने बीती शाम मुंबई के जुहू में एक्टर टाइगर श्रॉफ पर हमला किया था. जब एक्टर फुटबाल मैच खेलकर ग्रांउड से अपनी कार में निकले तो 2 युवकों ने कार पर गोलियां चलाईं. हमले में उनका ड्राइवर फिरदौस गोली लगने से घायल हुआ, वहीं एक्टर बाल-बाल बच गए. उन्हें गोली तो नहीं लगी, लेकिन शीशे के टुकड़ों से वे घायल हो गए. एक्टर खुद अपने ड्राइवर को गाड़ी लेकर अस्पताल पहुंचे और पुलिस को हमले की जानकारी दी. इस दौरान मौके पर मौजूद लोगों के शोर मचाने पर हमलावर बाइक पर सवार होकर फरार हो गए.