न फोन कॉल, न परिवार से मिलना… हलवा सेरेमनी के बाद 'नजरबंद' हुए अधिकारी, वित्त मंत्रालय में कुछ दिन रहेगा 'ब्लैकआउट'

वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने हलवा बांटकर बजट के अंतिम दौर की शुरुआत की. इसके साथ ही 100 अधिकारी गोपनीयता बनाए रखने के लिए 1 फरवरी तक नॉर्थ ब्लॉक में नजरबंद हो गए हैं.

Budget halwa ceremony
विज्ञापन

वित्त मंत्रालय के नॉर्थ ब्लॉक में मंगलवार को पारंपरिक ‘हलवा समारोह’ के साथ केंद्रीय बजट 2026-27 की तैयारियों का आखिरी दौर शुरू हो गया. वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण और वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी की मौजूदगी में कड़ाही में हलवा बनाया गया और सभी अधिकारियों को परोसा गया. यह रस्म सिर्फ मीठा खाने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह उन करीब 100 अधिकारियों और कर्मचारियों के ‘लॉक-इन’ यानी एक तरह की नजरबंदी की शुरुआत है जो बजट दस्तावेजों को अंतिम रूप देते हैं. वित्त मंत्री ने इस दौरान बजट प्रेस का दौरा किया और वहां काम कर रहे कर्मचारियों की मेहनत की सराहना करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं.

सुरक्षा के कड़े इंतजाम

बजट की गोपनीयता बनाए रखने के लिए सुरक्षा के इंतजाम इतने कड़े हैं कि ये 100 अधिकारी अब 1 फरवरी को बजट पेश होने तक नॉर्थ ब्लॉक के भीतर ही रहेंगे. इस दौरान वे अपने परिवार से नहीं मिल सकते और न ही मोबाइल फोन का इस्तेमाल कर सकते हैं. उनके पास कॉल, मैसेज, व्हाट्सएप्प या इंटरनेट की कोई सुविधा नहीं होगी. उन्हें बाहरी दुनिया और मीडिया से पूरी तरह काट दिया जाता है ताकि टैक्स, सब्सिडी और सरकारी खर्चों जैसी संवेदनशील जानकारी समय से पहले लीक न हो सके. लॉक-इन का यह समय आमतौर पर 5 से 10 दिनों का होता है, जिसमें अधिकारी पूरी तरह परिसर के भीतर ही रहते हैं.

विज्ञापन

सख्ती के पीछे की वजह क्या है?

इस सख्ती के पीछे मुख्य वजह बजट की विश्वसनीयता बनाए रखना है. बजट में देश की अर्थव्यवस्था से जुड़े बड़े नीतिगत फैसले होते हैं, जिनका असर बाजार और आम जनता पर पड़ता है. टैक्स विभाग, लेखा और प्रिंटिंग प्रेस से जुड़े इन चुनिंदा अधिकारियों की निगरानी चौबीसों घंटे की जाती है. वित्त मंत्री द्वारा हलवा परोसने का मतलब यही है कि अब बजट बनाने का तकनीकी और प्रशासनिक काम अपने चरम पर है. इस मौके पर वित्त मंत्रालय के सभी विभागों के सचिव और वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे, जो इस पूरी प्रक्रिया की निगरानी कर रहे हैं.

ऐप पर मिलेगी हर छोटी-बड़ी जानकारी

सरकार ने साफ कर दिया है कि बजट 2026-27 पूरी तरह डिजिटल माध्यम से उपलब्ध होगा. 1 फरवरी को वित्त मंत्री के भाषण के बाद सभी दस्तावेज ‘यूनियन बजट मोबाइल ऐप’ पर अपलोड कर दिए जाएंगे. यह ऐप हिंदी और अंग्रेजी दोनों भाषाओं में एंड्रॉइड और आईओएस प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध है. सांसद और आम जनता इस ऐप के जरिए वार्षिक वित्तीय विवरण और वित्त विधेयक जैसे जरूरी कागजात आसानी से पढ़ सकेंगे. इसके अलावा बजट पोर्टल से भी इन दस्तावेजों को डाउनलोड किया जा सकेगा, जिससे आम लोगों की पहुंच देश के सबसे बड़े आर्थिक दस्तावेज तक आसान हो जाएगी.

विज्ञापन

न्यूज 24 पर पढ़ें देश,राष्ट्रीय समाचार (National News),खेल,मनोरंजन,धर्म,लाइफ़स्टाइल,हेल्थ,शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।

First published on:

और पढ़ें: हमारे संपादकीय दिशानिर्देश और मानक यहाँ देखें।

लेख समाप्त

लेखक के बारे में

Raja Alam

Raja Alam

राजा आलम वर्तमान में News 24 हिंदी (B.A.G. Network) में सीनियर सब एडिटर के पद पर कार्यरत हैं. हिंदी पत्रकारिता में चार वर्षों के अनुभव के साथ नेशनल और वर्ल्ड न्यूज पर बारीकी से लेखन कर रहे हैं. पत्रकारिता की नींव देश की प्रतिष्ठित यूनिवर्सिटी अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी (AMU), अलीगढ़ से रखी, जहां से राजा आलम ने पत्रकारिता की पढ़ाई पूरी की. इसके बाद, हिंदी लेखन में गहराई को और विस्तार दिया जब राजा ने जामिया मिलिया इस्लामिया, नई दिल्ली से हिंदी साहित्य में एम.ए. की डिग्री प्राप्त की. हर रोज़ कुछ नया सीखना और पाठकों तक सही, निष्पक्ष और भरोसेमंद खबर पहुंचाना उनका मुख्य उद्देश्य रहा है. राजा के लेखन में आपको पत्रकारिता की गंभीरता के साथ-साथ पाठकों से जुड़ने वाली सरल भाषा और कंटेंट की विविधता दोनों मिलेंगे.
... और पढ़ें

/ताज़ा खबरें

विज्ञापन
होम पेज पर वापस जाएँ