आसमान में उड़ेगा भारत-रूस की दोस्ती का नया विमान, HAL बनाएगा दो इंजन वाला शक्तिशाली Superjet-100

हिंदुस्तान एरोनॉटिक्स लिमिटेड और रूस की कंपनी मिलकर अब भारत में ही सुपरजेट-100 विमान बनाएंगे. इस ऐतिहासिक साझेदारी से देश में नागरिक उड्डयन क्षेत्र को मजबूती मिलेगी और विदेशी आयात कम होगा.

HAL SJ-100

भारत की दिग्गज एयरोस्पेस कंपनी हिंदुस्तान एरोनॉटिक्स लिमिटेड (HAL) और रूस की यूनाइटेड एयरक्राफ्ट कॉर्पोरेशन (UAC) के बीच एक बड़ा समझौता हुआ है. हैदराबाद में चल रही ‘विंग्स इंडिया’ प्रदर्शनी के दौरान दोनों देशों ने रूस के मशहूर सुपरजेट-100 विमान के भारत में उत्पादन के लिए हाथ मिलाया है. इस ऐतिहासिक साझेदारी का मुख्य मकसद ‘मेक इन इंडिया’ अभियान को रफ्तार देना और नागरिक उड्डयन के क्षेत्र में विदेशी विमानों पर भारत की निर्भरता को कम करना है. अब भारत अपनी जमीन पर ही आधुनिक कमर्शियल जेट विमानों का निर्माण कर सकेगा.

विज्ञापन

तीन साल में शुरू होगा उत्पादन

HAL के सीएमडी डीके सुनील ने इस प्रोजेक्ट के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि कंपनी का लक्ष्य अगले तीन वर्षों में अपनी सुविधाओं के भीतर एसजे-100 विमानों का उत्पादन शुरू करना है. भारत जैसे विशाल देश में इस श्रेणी के लगभग 200 से अधिक विमानों के लिए एक बड़ा और बेहतर बाजार मौजूद है. कंपनी का इरादा उत्पादन का लंबा इंतजार करने के बजाय जल्द से जल्द विमानों को सेवा में उतारना है. इसके लिए शुरुआती दौर में 10 से 20 विमान रूस से सीधे लीज पर लेने की योजना भी बनाई जा रही है ताकि कनेक्टिविटी तुरंत बढ़ाई जा सके.

विज्ञापन

दो इंजन वाले शक्तिशाली जेट की खासियत

सुपरजेट-100 एक बहुत ही कुशल और हाई-टेक वाणिज्यिक विमान है जिसे अत्याधुनिक तकनीक से तैयार किया गया है. इस नैरो-बॉडी जेट विमान में आमतौर पर 87 से 108 यात्रियों के बैठने की क्षमता होती है. यह विमान क्षेत्रीय उड़ानों के लिए सबसे बेहतरीन माना जाता है और वर्तमान में रूस की कई एयरलाइंस और सरकारी ऑपरेटरों द्वारा सफलतापूर्वक इस्तेमाल किया जा रहा है. भारत में इसके निर्माण से क्षेत्रीय हवाई संपर्क यानी रीजनल कनेक्टिविटी को एक नई मजबूती मिलेगी और छोटे शहरों के बीच हवाई सफर काफी सस्ता और सुलभ हो जाएगा.

विज्ञापन

क्षेत्रीय उड़ानों के लिए वरदान साबित होगी यह साझेदारी

इस समझौते के तहत HAL लाइसेंस के आधार पर विमानों का निर्माण करेगा जिससे तकनीकी ज्ञान का आदान-प्रदान भी होगा. रूस की एजेंसी तास (TASS) के मुताबिक यह डील भारत के नागरिक विमानन सेक्टर के लिए गेम चेंजर साबित हो सकती है. अगले एक से डेढ़ साल के भीतर भारत को करीब 10 विमान प्राप्त हो सकते हैं जो उड़ान भरने के लिए पूरी तरह तैयार होंगे. भारत और रूस के बीच हुई यह डील न केवल रक्षा क्षेत्र बल्कि अब नागरिक विमानन के क्षेत्र में भी दोनों देशों के मजबूत होते रिश्तों को दुनिया के सामने पेश करती है.

न्यूज 24 पर पढ़ें देश,राष्ट्रीय समाचार (National News),खेल,मनोरंजन,धर्म,लाइफ़स्टाइल,हेल्थ,शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।

First published on:

और पढ़ें: हमारे संपादकीय दिशानिर्देश और मानक यहाँ देखें।

लेख समाप्त

लेखक के बारे में

Raja Alam

Raja Alam

राजा आलम वर्तमान में News 24 हिंदी (B.A.G. Network) में सीनियर सब एडिटर के पद पर कार्यरत हैं. हिंदी पत्रकारिता में चार वर्षों के अनुभव के साथ नेशनल और वर्ल्ड न्यूज पर बारीकी से लेखन कर रहे हैं. पत्रकारिता की नींव देश की प्रतिष्ठित यूनिवर्सिटी अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी (AMU), अलीगढ़ से रखी, जहां से राजा आलम ने पत्रकारिता की पढ़ाई पूरी की. इसके बाद, हिंदी लेखन में गहराई को और विस्तार दिया जब राजा ने जामिया मिलिया इस्लामिया, नई दिल्ली से हिंदी साहित्य में एम.ए. की डिग्री प्राप्त की. हर रोज़ कुछ नया सीखना और पाठकों तक सही, निष्पक्ष और भरोसेमंद खबर पहुंचाना उनका मुख्य उद्देश्य रहा है. राजा के लेखन में आपको पत्रकारिता की गंभीरता के साथ-साथ पाठकों से जुड़ने वाली सरल भाषा और कंटेंट की विविधता दोनों मिलेंगे.
... और पढ़ें
विज्ञापन
होम पेज पर वापस जाएँ