Vande Bharat: पश्चिम बंगाल के मालदह में वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन पर पथराव, 4 दिन पहले PM मोदी ने दिखाई दी हरी झंडी

vande bharat

अमर देव पासवान, कोलकाता: पश्चिम बंगाल के हावड़ा से खुलकर बोलपुर, मालदह और बरसोई के रास्ते न्यू जलपाई गुड़ी जाने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन पर पथराव की घटना सामने आई है। घटना में वंदे भारत ट्रेन के एक बोगी का विंडो कांच टूट गया है। बता दें कि चार दिन पहले प्रधानमंत्री मंत्री नरेंद्र मोदी ने वंदे भारत ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर हावड़ा से न्यू जलपाईगुड़ी के लिए रवाना किया था।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वंदे भारत एक्स्प्रेस को हरी झंडी दिखाने की सभी प्रक्रियाएं वर्चुअल तरीके से निभाई थी। इस समारोह में केंद्रीय रेल मंत्री के साथ-साथ भाजपा के कई सीनियर नेता और रेल अधिकारी भी उपस्थित रहे थे। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी भी समारोह का हिस्सा बनीं थीं। ममता के वहां पहुंचने के बाद भाजपा समर्थकों ने जय श्री राम के नारे भी लगाए थे, जिसे लेकर ममता पूरे समारोह के दौरान नाराज दिखीं।

ममता की नराजगी से पथराव का संबंध!

ममता के इस नाराजगी के कारण तृणमूल नेताओं और कार्यकर्ताओं में भी काफी नाराजगी देखने को मिली। हालांकि इस नाराजगी को जगजाहिर नहीं किया गया, पर वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन को हरी झंडी दिखाए जाने के बाद पथराव की घटना ने अलग ही इशारा किया है। हालांकि ये पूरी घटना जांच का विषय है और रेलवे ने ट्रेन पर हुई पथराव की जांच का आदेश भी दे दिया है।

रेलवे सूत्रों की अगर माने तो ट्रेन पर पत्थरबाजी की घटना तब घटी जब ट्रेन संख्या 22302 वंदे भारत ट्रेन न्यू जलपाई गुड़ी से हावड़ा के लिए रवाना हुई। कटिहार डिवीजन के कुमारगंज रेलवे स्टेशन पर जैसे ही वंदे भारत एक्सप्रेस सोमवार की शाम 5 बजकर 31 मिनट पर पहुंची, अचानक ट्रेन पर उपद्रवियों ने पथराव कर दिया। हालांकि ट्रेन का स्टॉपेज उस स्टेशन पर नहीं था। पथराव के बाद ट्रेन मालदा स्टेशन के तरफ रवाना हो गई।

लेख समाप्त

लेखक के बारे में

होम पेज पर वापस जाएँ