Explainer: क्या भारत में तिरंगे के साथ फहरा सकते हैं दूसरा झंडा? 3 राज्य कर चुके अलग राज्य ध्वज की मांग

तमिलनाडु ने केंद्र सरकार से एक बार फिर राज्य ध्वज की मांग की है. कर्नाटक भी राज्य ध्वज मांग चुका है और नागालैंड तो अलग संविधान एवं अलग राष्ट्रीय ध्वज मांग रहा है. 2019 से पहले जम्मू-कश्मीर का अलग आधिकारिक राज्य ध्वज था. आइए जानते हैं कि देश में ध्वज को लेकर क्या नियम और कानून हैं?

indian flag | state flag | tamil nadu

तमिलनाडु ने दशकों पुरानी अलग राज्य ध्वज की मांग को फिर से उठाया है, जिसे अस्वीकार कर दिया गया है. (Credit-ANI/AI)

भारत का राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा है, पूरी दुनिया जानती है, लेकिन अब भारत में राज्य ध्वज की मांग होने लगी है. जी हां, तमिलनाडु में एक्टर थलपति विजय की TVK सरकार में मंत्री अधव अर्जुन ने केंद्र सरकार से प्रदेश के लिए अलग झंडे की मांग की है, लेकिन भाजपा ने उनकी मांग को सिरे से खारिज कर दिया है. वैसे तमिलनाडु में अलग राज्य ध्वज की मांग का इतिहास दशकों पुराना है. 1970 में तत्कालीन मुख्यमंत्री एम. करुणानिधि ने केंद्र सरकार के सामने राज्य ध्वज का प्रस्ताव पेश किया था.इसमें राज्य ध्वज के कोने में तिरंगा और मेन हिस्से में तमिलनाडु का राजकीय प्रतीक (श्रीविल्लीपुत्तुर गोपुरम) अंकित था. लेकिन तब केंद्र सरकार ने प्रस्ताव रिजेक्ट किया था.

विज्ञापन

संविधान में राज्य ध्वज को लेकर कानून नहीं

बता दें कि भारतीय संविधान में राष्ट्रीय ध्वज के अलावा राज्यों के लिए अलग झंडे को लेकर कोई नियम, प्रतिबंध या प्रावधान नहीं किया गया है. 1994 में सुप्रीम कोर्ट ने SR बोम्मई बनाम भारत केस में फैसला दिया था कि सांस्कृतिक पहचान वाले झंडे पर कोई रोक नहीं है, लेकिन वह राष्ट्रीय ध्वज का अपमान न करे. इसका मतलब यह है कि भारत में सांस्कृतिक या क्षेत्रीय पहचान के लिए अलग झंडा हो सकता है, लेकिन वह राष्ट्रीय ध्वज तिरंगे की जगह नहीं ले सकता. फ्लैग कोड ऑफ इंडिया और प्रिवेंशन ऑफ इंसल्ट टू नेशनल ऑनर एक्ट के अनुसार, तिरंगे के साथ कोई दूसरा झंडा नहीं लगेगा, न फहराया जाएगा और न ही तिरंगे से ऊपर कोई झंडा लगेगा.

विज्ञापन

किस-किस राज्य ने की है अलग झंडे की मांग?

बता दें कि तमिलनाडु से पहले 2 राज्य कर्नाटक और नागालैंड सांस्कृतिक पहचान, क्षेत्रीय गौरव और भाषाई अस्मिता के आधार पर अलग राज्य ध्वज की मांग कर चुके हैं. 1960 के दशक से कर्नाटक में पीले और लाल रंग वाले ‘कन्नड़ ध्वज’ का इस्तेमाल सांस्कृतिक प्रतीक के रूप में किया जा रहा है, लेकिन वह आधिकारिक नहीं है.

2018 में सिद्धारमैया की सरकार ने आधिकारिक राज्य ध्वज का प्रस्ताव बनाया था, जिसमें पीला, सफेद और लाल रंग के झंडे के सेंटर में राज्य प्रतीक ‘गंडबेरुंड’ (दो सिर वाला पक्षी) बना था. लेकिन यह प्रस्ताव ठंडे बस्ते में चला गया. नवंबर 2026 में कन्नड़ राज्योत्सव के दौरान उपमुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार ने संकेत दिया है कि वे शीतकालीन सत्र में सरकारी इमारतों पर राष्ट्रीय ध्वज के साथ कन्नड़ ध्वज फहराने को कानूनी मान्यता देने वाला प्रस्ताव लाएंगे.

विज्ञापन

पूर्वोत्तर भारत के राज्य नागालैंड ने भी अलग ध्वज की मांग की है, लेकिन उनकी मांग तमिलनाडु और कनार्टक की मांग से अलग और राजनीतिक तौर पर संवदेनशील है. नागालैंड के लिए अलग राष्ट्रीय ध्वज की मांग हुई है. नागालैंड में उग्रवादी संगठन NSCN-IM नागालैंड के लिए अलग संविधान और अलग राष्ट्रीय ध्वज की मांग पर अड़ा है. लेकिन केंद्र सरकार ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों में नागालैंड के झंडे का इस्तेमाल करने की छूट दी है, इसे आधिकारिक ध्वज की मान्यता देने से इनकार किया है.

जम्मू-कश्मीर में 2019 में जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटने से पहले अपना आधिकारिक संवैधानिक रूप से मान्यता प्राप्त राज्य ध्वज था, लेकिन अब ऐसा नहीं है. जम्मू-कश्मीर का राज्य ध्वज लाल रंग का था, जिस पर हल और 3 सफेद पट्टियां थीं. अगस्त 2019 में अनुच्छेद 370 हटने और विशेष दर्जा समाप्त होने के बाद राज्य ध्वज को हटाकर उसका अस्तित्व खत्म कर दिया गया.

विज्ञापन

भारत में तिरंगे के लेकर क्या नियम और शर्तें?

बता दें कि भारत में संविधान के तहत भारतीय ध्वज संहिता 2002 लागू है, जिसके तहत राज्य, संस्था या संगठन के लिए राष्ट्रीय तिरंगे के साथ अपना झंडा फहराने को लेकर नियम तय किए गए हैं. नियमों के अनुसार तिरंगा कभी भी राज्य ध्वज के नीचे नहीं होगा, यानी तिरंगे के ऊपर कोई दूसरा ध्वज नहीं होगा. एक पोल पर तिरंगे के साथ उसके बराबर में दूसरे पोल पर साथ-साथ कोई दूसरा ध्वज नहीं फहराया जाएगा.

जब ध्वज सीधी रेखा में लगाए जाएंगे तो तिरंगे को दाईं तरफ सबसे पहले रखा जाएगा, जो दर्शकों की तरफ से बाईं ओर होगा. तिरंगा दूसरे ध्वज के मुकाबले ऊंचे पोल पर लगा होगा. दूसरे ध्वज का साइज तिरंगे से ज्यादा नहीं होना चाहिए, छोटा या बराबर साइज का हो सकता है. तिरंगे पर कोई प्रतीक, फूल, माला या प्रचारात्मक सामग्री रखने या तिरंगे के पोल से जोड़ने की भी मनाही है.

विज्ञापन

तिरंगे का अपमान करने पर सजा क्या होगी?

संविधान के अनुसार, राष्ट्रीय गौरव अपमान निवारण अधिनियम 1971 में राष्ट्रीय प्रतीकों के अपमान को लेकर सजा का प्रावधान किया गया है. कानून की धारा 2 के तहत अगर कोई व्यक्ति जानबूझकर राष्ट्रीय ध्वज तिरंगे के ऊपर किसी दूसरे ध्वज को रखता है या किसी और तरीके से तिरंगे का अपमान करता है तो 3 साल तक की जेल की सजा, जुर्माना या फिर दोनों झेलना पड़ सकता है.

न्यूज 24 पर पढ़ें देश,राष्ट्रीय समाचार (National News),खेल,मनोरंजन,धर्म,लाइफ़स्टाइल,हेल्थ,शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।

First published on:

और पढ़ें: हमारे संपादकीय दिशानिर्देश और मानक यहाँ देखें।

लेख समाप्त

लेखक के बारे में

Khushbu Goyal

Khushbu Goyal

खुशबू गोयल News24 हिंदी डिजिटल में चीफ सब एडिटर के पद पर कार्यरत हैं. वेब जर्नलिज्म में 13 साल का अनुभव रखने वाली खुशबू गोयल राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और राज्यस्तरीय न्यूज और चुनावी कवरेज करती हैं. खुशबू गोयल ने अक्टूबर 2013 में अमर उजाला डिजिटल से अपने करियर की शुरुआत की थी, जहां 7 साल सेवाएं देने के बाद साल नवंबर 2020 में दैनिक भास्कर डिजिटल जॉइन किया और सितंबर 2023 से News24 के डिजिटल में सेवाएं दे रही हैं. 13 साल के करियर में खुशबू गोयल ने नेशनल, इंटरनेशनल, पॉलिटिकल, क्राइम टॉपिक कवर करने में विशेषज्ञता हासिल की. खुशबू गोयल का पत्रकारिता में अनुभव: 13 साल योग्यता: कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के IMC&MT इंस्टीट्यूट से मास्टर ऑफ कम्युनिकेशन एंड जर्नलिज्म (MJ) के बाद जर्नलिज्म में MPhil की डिग्री ली. खुशबू गोयल ने 2014, 2019 और 2024 के लोकसभा चुनाव की विस्तृत रिपोर्टिंग की है, जिसमें उन्हें ग्राउंड कवरेज करने का भी अनुभव है. इसके अलावा पिछले 13 साल में विभिन्न राज्यों में हुए विधानसभा चुनाव को भी उन्होंने फील्ड रिपोर्टिंग के साथ कवर किया.
... और पढ़ें
विज्ञापन
होम पेज पर वापस जाएँ