चारा घोटाला मामले में केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) को बड़ी कामयाबी मिली है. सीबीआई ने इस मामले में 25 साल से ज्यादा समय से फरार चल रहे घोषित अपराधी सत्येंद्र कुमार को गिरफ्तार कर लिया है. आरोपी को 22 अक्टूबर 2026 की आधी रात के करीब लखनऊ रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार किया गया. सीबीआई के मुताबिक, इस मामले में वर्ष 2001 में चार्जशीट दाखिल होने के बाद सत्येंद्र कुमार फरार हो गया था. मुकदमे की सुनवाई के दौरान अदालत में पेश नहीं होने पर उसके खिलाफ गिरफ्तारी का स्थायी वारंट जारी किया गया था. इसके बाद से सीबीआई उसकी तलाश कर रही थी.
नेपाल में मिली थी छिपे होने की जानकारी
सीबीआई ने लगातार की गई भौतिक और तकनीकी निगरानी के साथ-साथ खुफिया सूचनाओं के आधार पर आरोपी का पता लगाया. जांच एजेंसी को जानकारी मिली कि सत्येंद्र कुमार नेपाल में छिपा हुआ है. हाल ही में उसके भारत लौटने की सूचना मिली. सीबीआई के अनुसार, 22 अक्टूबर 2026 को आरोपी मध्य प्रदेश के गुना से ट्रेन के जरिए उत्तर प्रदेश के लखनऊ जा रहा था. इस दौरान मिली पुख्ता खुफिया जानकारी के आधार पर सीबीआई ने उसे गिरफ्तार करने के लिए विशेष टीम गठित की.
लखनऊ रेलवे स्टेशन पर बिछाया जाल
सीबीआई की टीम आरोपी को पकड़ने के लिए ट्रेन पहुंचने से पहले ही लखनऊ रेलवे स्टेशन पर तैनात हो गई थी. आधी रात के करीब टीम ने सत्येंद्र कुमार को पकड़ लिया और बाद में उसे गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तारी के बाद आरोपी को ट्रांजिट रिमांड पर रांची ले जाया जा रहा है, जहां उसे मुकदमे की सुनवाई के लिए संबंधित सक्षम अदालत में पेश किया जाएगा.