दक्षिण-पश्चिम मानसून 15 सितंबर तक वापस चला जाता है, लेकिन इस बार उत्तर और पूर्वी भारत में मानसून 8 सितंबर तक भी पूरी तरह सक्रिय है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने इस हफ्ते भी देश के कई राज्यों में हल्की से भारी और भारी से बहुत भारी बारिश होने की चेतावनी दी है. उत्तर प्रदेश के मध्य हिस्सों में बने लो प्रेशर वाले एरिया के कारण बनी मानसून ट्रफ के कारण उत्तर भारत में अभी तक भी बारिश का दौर जारी है. लेकिन पिछले कई दिन से लगातार हो रही मानसून की बारिश के कारण जहां लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली है, वहीं बाढ़-लैंडस्लाइड और फ्लैश फ्लड के कारण जनजीवन अस्त-व्यस्त भी हुआ है. असम, गुजरात, मध्य प्रदेश, बिहार में जान-माल का नुकसान भी हुआ है.
बिहार में नदियों में उफान तो लैंडस्लाइड से सड़कें ब्लॉक
पिछले कई दिन से लगातार हो रही बारिश के चलते बिहार और उत्तर प्रदेश में नदियां उफान पर बह रही है. वहीं नेपाल में ग्लेशियर फटने से आई बाढ़ और मानसून की बारिश के कारण बिहार की नदियों में भी उफान है. उत्तराखंड में रुक-रुक कर हो रही बारिश से लैंडस्लाइड होने पर पत्थरों और मलबों से सड़कें ब्लॉक हैं. हिमाचल प्रदेश में शिमला से किन्नौर जाने वाले नेशनल हाईवे-5 पर भारी लैंडस्लाइड हुआ. महाराष्ट्र के अंबोली में चेरापूंजी से भी ज्यादा बारिश हुई है. अगस्त 2026 तक अंबोली में 250 इंच बारिश हो चुकी है और सितंबर 2026 में भी बादल बरसे तो रिकॉर्ड 400 इंच तक पहुंचेगा.
IMD ने आज कहां-कहां बारिश होने की संभावना जताई?
IMD के अनुसार, आज पूर्वी मध्य प्रदेश, पूर्वी उत्तर प्रदेश, बिहार, पश्चिम बंगाल, ओडिशा और पूर्वोत्तर राज्यों के हल्की से भारी बारिश होने की संभावना है. पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 20 सेंटीमीटर से ज्यादा बारिश रिकॉर्ड हुई. इसमें भी सबसे ज्यादा बारिश बरेली में हुई. उत्तराखंड, पूर्वी उत्तर प्रदेश और बिहार के कुछ इलाकों में 12 से 20 सेंटीमीटर बारिश रिकॉर्ड हुई. क्योंकि लो प्रेशर वाला एरिया पहले दक्षिण-पश्चिम उत्तर प्रदेश और उससे सटे इलाकों में था, वह अब उत्तर प्रदेश के मध्य हिस्सों में खिसक गया है. इसके अलावा 2 पश्चिमी विक्षोभ और उत्तर-पूर्वी बिहार में साइक्लोनिक सर्कुलेशन एक्टिव है.
IMD ने किन राज्यों के लिए जारी किया गया येलो अलर्ट?
मौसम विभाग के अनुसार, देश के पूर्वी और पूर्वोत्तर राज्यों में मानसून ज्यादा सक्रिय रहेगा. पूर्वी मध्य प्रदेश, पूर्वी उत्तर प्रदेश, बिहार, पश्चिम बंगाल, ओडिशा और पूर्वोत्तर में येलो अलर्ट जारी रहेगा, जिसमें कुछ राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना जताई है. वहीं दक्षिण भारत के कुछ राज्यों में मौसम का मिजाज अलग रह सकता है. केरल में गर्मी और उमस बढ़ सकती है. तेलंगाना में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार वाली सतही हवाएं चल सकती हैं.
आने वाले दिनों में इन राज्यों में भारी बारिश का अनुमान
मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में पूर्वी और पूर्वोत्तर भारत में भारी बारिश होने का अनुमान है. 9 सितंबर तक बिहार, छत्तीसगढ़, ओडिशा, झारखंड, गंगा के मैदानी इलाकों वाले पश्चिम बंगाल, पूर्वोत्तर राज्यों और पूर्वी मध्य प्रदेश में भारी बारिश हो सकती है. उत्तराखंड, छत्तीसगढ़, केरल, पूर्वी मध्य प्रदेश और पूर्वोत्तर राज्यों में भी भारी बारिश होने की संभावना है. क्योंकि दक्षिण-पश्चिम मानसून के आखिरी दौर में कई मौसमी सिस्टम एक-दूसरे को प्रभावित कर रहे हैं.