दिल्ली के ऐतिहासिक रामलीला मैदान में आयोजित INDIA गठबंधन की महारैली में लोकसभा में विपक्ष के नेता (LoP) राहुल गांधी ने केंद्र सरकार और मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार पर तीखा हमला बोला. उन्होंने मंच से साफ शब्दों में कहा कि देश को सही रास्ते पर वापस लाने की पहली सीढ़ी ज्ञानेश कुमार को पद से हटाना है. राहुल ने दो टूक कहा कि देश सिर्फ दो-तीन लोगों का नहीं हो सकता. इससे पहले राहुल गांधी ने देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था पर बोलते हुएदो टूक शब्दों में कहा कि किसी भी सूरत में देश के संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों के साथ खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. उन्होंने मंच से संकल्प दोहराते हुए कहा, “हम लोकतंत्र को और अपने हिंदुस्तान को कभी खत्म नहीं होने देंगे.”
‘ज्ञानेश कुमार हटेंगे और जेल जाएंगे’
भीड़ को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने कहा, “मेरी बात सुनिए. मैं जो कहता हूं, वह हमेशा सच साबित होता है. मैं भारत के हर नागरिक और नौजवान से कह रहा हूं कि ज्ञानेश कुमार को मुख्य चुनाव आयुक्त के पद से हटाया जाएगा और वह जेल जाएंगे.” प्रधानमंत्री और गृह मंत्री पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा, “ज्ञानेश कुमार के बिना न तो नरेंद्र मोदी प्रधानमंत्री बन पाते और न ही अमित शाह गृह मंत्री बन पाते.”
‘हमें शिव की बारात जैसा भारत चाहिए’
राहुल गांधी ने अपने संबोधन में ‘शिव की बारात’ का उदाहरण देते हुए कहा, “शिव की बारात में कोई भी शामिल हो सकता है. हर जीव उसमें हिस्सा ले सकता है. क्या किसी को वहां जाने से रोका जा सकता है? नहीं. हमें इसी तरह का हिंदुस्तान चाहिए.”
उन्होंने आगे कहा कि अगर कोई किसान मेहनत करता है तो उसे उसका फल मिलना चाहिए. अगर कोई छात्र 18 घंटे पढ़ाई करता है तो उसे रोजगार मिलना चाहिए. राहुल ने कहा, “आज किसान को उसका हक नहीं मिल रहा, युवाओं को नौकरी नहीं मिल रही और मजदूरों को अधिकार नहीं मिल रहे. देश की पूरी दौलत सिर्फ दो या तीन लोगों के हाथों में चली गई है. हमें ऐसा देश बिल्कुल नहीं चाहिए और हम ऐसा हिंदुस्तान कतई स्वीकार नहीं करेंगे.”
‘2024 चुनाव के बाद 13.5 करोड़ नाम कटे’
अपने संबोधन में राहुल गांधी ने आरोप लगाया है कि भारत में पिछले कई सालों से लगातार ‘वोट चोरी’ का खेल चल रहा है. पश्चिम बंगाल, हरियाणा, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र और कर्नाटक के साथ-साथ 2024 के लोकसभा चुनाव में भी बड़े स्तर पर ‘वोट चोरी’ को अंजाम दिया गया. 2024 के लोकसभा चुनाव खत्म होने के बाद देश के करीब साढ़े तेरह करोड़ वोटरों के नाम वोटर लिस्ट से बाहर कर दिए गए. पार्टी के मुताबिक, यह आंकड़ा देश के कुल मतदाताओं का 15 प्रतिशत बैठता है. इसका सीधा मतलब यह निकलता है कि देश के हर 7 में से 1 वोटर का नाम मतदाता सूची से काट दिया गया. उन्होंने कहा, “यह चुराया हुआ चुनाव था और यह बात मैं अपनी तरफ से नहीं कह रहा हूं, बल्कि यह बात खुद चुनाव आयोग कह रहा है.”
‘यह देश के युवाओं की आवाज’
राहुल गांधी ने स्पष्ट किया कि आज जो आवाज इस मंच से उठ रही है, वह किसी राजनीतिक दल या किसी खास नेता की निजी आवाज नहीं है. उन्होंने कहा, “यह देश के युवाओं की आवाज है. आज नौजवान अपने अधिकारों, अपने भविष्य और अपनी पहचान के लिए खड़ा है.” राहुल ने जोर देकर कहा कि देश का युवा आज बदलाव और अपने हक की बात कर रहा है, जिसे नजरअंदाज नहीं किया जा सकता.