Putin India Visit 2025 LIVE Updates : मेरे दोस्त पुतिन के साथ मीटिंग का इंतजार…पीएम मोदी ने X पर साझा की कार के अंदर की तस्वीरें

Valadimir India Visit LIVE: रूसी राष्ट्रपति पुतिन 2 दिन के दौरे पर भारत पहुंच चुके हैं. वह 4-5 दिसंबर को करीब तीस घंटे भारत में रहेंगे. शुक्रवार को देर रात उनका मॉस्को लौटने का प्लान है. इससे पहले वे 23वें भारत-रूस समिट में शिरकत करेंगे. प्रधानमंत्री मोदी के साथ द्विपक्षीय वार्ता और राष्ट्रपति मुर्मू के साथ डिनर करेंगे. दोनों देशों के बीच करीब 8 सेक्टर में 25 समझौते साइन हो सकते हैं.

Putin India Visit 2025

Credit- News 24 GFX

Putin India Visit LIVE Updates : रूस के राष्ट्रपति पुतिन दो दिन के भारत दौरे पर पहुंच गए हैं. पुतिन का विमान दिल्ली के पालम एयरपोर्ट पर लैंड किया. उनके स्वागत के लिए प्रोटोकॉल तोड़कर खुद पीएम मोदी एयरपोर्ट पहुंचे थे. जैसे ही पुतिन विमान से नीचे उतरे, पीएम मोदी ने उन्हें गले से लगाया. फिर पुतिन को एयरपोर्ट पर ही गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया. इसके बाद दोनों नेता एक ही गाड़ी में सवार होकर एयरपोर्ट से बाहर निकले. कुछ देर बाद पीएम नरेंद्र मोदी के प्राइवेट डिनर में पुतिन शामिल होंगे.

भारत-रूस समिट में लेंगे हिस्सा

बता दें कि पुतिन 23वें भारत-रूस समिट में हिस्सा लेंगे. यह समिट हर साल होने वाला इवेंट है, जिसकी मेजबानी बारी-बारी दोनों देश करते हैं. पुतिन के साथ उनके कुछ खास मंत्री भी पहुंचे हैं. संभावना जताई जा रही है कि इस दौरे में रूस के साथ कई डील हो सकती हैं. समिट के अलावा पुतिन-मोदी की द्विपक्षीय वार्ता भी होगी, जिसमें क्रूड ऑयल, S-400 मिसाइल सिस्टम डील और फ्री ट्रेड एग्रीमेंट (FTA) पर बात होगी.

ऐसे होंगी बैठकें और बातचीत

बता दें कि हैदराबाद हाउस में पहली बातचीत सीमित सदस्यों के बीच होगी, जिसमें शीर्ष नेता खुलकर चर्चा करेंगे. इसके बाद प्रतिनिधिमंडल स्तर की बातचीत शुरू होगी. समिट, द्विपक्षीय वार्ता और बैठकों के बाद 5 दिसंबर को प्रधानमंत्री मोदी के साथ लंच के बाद दोनों जॉइंट प्रेस स्टेटमेंट जारी करेंगे. दोनों देशों के कारोबारियों की बैठकें भी साथ-साथ चलेंगी. शुक्रवार देर रात पुतिन मॉस्को लौट जाएंगे.

रूसी राष्ट्रपति पुतिन के भारत दौरे से जुड़े पल-पल के लाइव अपडेट्स के लिए बने रहें News 24 के साथ…

LIVE UPDATES

पुतिन के स्वागत की PM मोदी ने शेयर की तस्वीरें

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पुतिन के साथ कुछ तस्वीरें शेयर की हैं. इसके साथ ही उन्होंने लिखा है, "मेरे दोस्त राष्ट्रपति पुतिन का भारत में स्वागत करते हुए बेहद खुशी हुई. आज शाम और कल हमारी बातचीत का इंतजार है."

प्राइवेट डिनर के लिए पुतिन को लेकर पहुंचे पीएम मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी प्राइवेट डिनर के लिए राष्ट्रपति पुतिन को लेकर पीएम आवास पहुंचे हैं.

PM आवास पर प्राइवेट डिनर कुछ देर में

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रूसी राष्ट्रपति पुतिन के सम्मान में प्राइवेट डिनर का आयोजन किया है. यह डिनर पीएम आवास पर आयोजित किया गया है.

Putin India Visit LIVE : क्रेमलिन ने कहा, नहीं जानते थे पुतिन को खुद रिसीव करेंगे पीएम मोदी

Putin India Visit LIVE : रूस के राष्ट्रपति ब्लादिमार पुतिन को पालम एयरपोर्ट पर रिसीव करने खुद प्रधानमंत्री मोदी पहुंचे. वहीं, रूस से राष्ट्रपति कार्यालय से बयान आया है. क्रेमलिन ने कहा कि उन्हें बिल्कुल अंदाजा नहीं था कि पीएम मोदी खुद पुतिन की अगवानी के लिए पहुंचेंगे.

Putin India Visit LIVE : रूस के राष्ट्रपति पुतिन को प्रधानमंत्री मोदी ने खुद किया रिसीव, एक गाड़ी में एयरपोर्ट से निकले दिग्गज

Putin India Visit LIVE : रूस के राष्ट्रपति ब्लादिमार पुतिन को पालम एयरपोर्ट पर प्रधानमंत्री मोदी ने खुद रिसीव किया. राष्ट्रपति पुतिन दो दिन के दौरे पर भारत आए हैं. नरेंद्र मोदी ने उनके सम्मान में निजी रात्रिभोज का आयोजन किया है. यह रात्रिभोज 7, लोक कल्याण मार्ग पर होगा.

जब एक चूहा सिखा गया जिंदगी का सबक, जानिए- पुतिन कैसे बने एक जासूस से राष्ट्रपति

व्लादिमीर पुतिन – एक ऐसा नाम, जो दुनिया के ताकतवर नेताओं में शुमार है. लेकिन रूस के इस ताकतवर नेता का उदय किसी कल्पना से कम नहीं है. पुतिन की कहानी शुरू होती है लेनिनग्राद के एक ऐसे अपार्टमेंट से, जहां जिंदगी जीने के लिए बेसिक चीजों भी नहीं थीं. ये ही अनुभव उन्हें जिंदगी के सबक देकर चले गए. हम पुतिन की कहानी को कल्पना इसलिए कह रहे हैं, क्योंकि कोई सपने में भी नहीं सोच सकता था कि सड़कों पर गुंदागर्दी करने वाला एक मामूली लड़का किसी देश का राष्ट्रपति बन सकता है. (टैप कर पढ़ें पूरी खबर...)

दिल्ली पहुंचे राष्ट्रपति पुतिन, विमान हुआ लैंड

रूस के राष्ट्रपति पुतिन का विमान दिल्ली एयरपोर्ट पर लैंड कर चुका है. पीएम मोदी उन्हें रिसीव करने खुद पहुंचे हैं.

पुतिन के स्वागत के लिए एयरपोर्ट पहुंचे पीएम मोदी

पुतिन के स्वागत के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एयरपोर्ट पहुंच चुके हैं. वहां पर पुतिन को गार्ड ऑफ ऑनर भी दिया जाएगा, जिसकी पूरी तैयारी है. सूत्रों के मुताबिक, दोनों नेता एक ही गाड़ी में सवाल होकर एयरपोर्ट से बाहर निकलेंगे.

Putin India Visit LIVE : इंडियन प्रोडेक्ट्स में है रूस की रुचि - रूसी मंत्री

रूस के इकॉनोमिक डवलपमेंट मिनिस्टर मैक्सिम रेशेतनिकोव ने कहा, "रूस की ट्रेड एक्सचेंज बढ़ाने में रुचि है. हम रूसी बाजार में इंडियन प्रोडेक्ट्स की सप्लाई बढ़ाना चाहते हैं, ताकि व्यापार में संतुलन बना रहे. हमारी रुचि इंडियन प्रोडेक्ट्स खरीदने में है."

PM मोदी कर सकते हैं पुतिन की अगवानी

भारत के दो दिन के दौरे पर आ रहे रूस के राष्ट्रपति पुतिन की अगवानी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कर सकते हैं. यह जानकारी सूत्रों से सामने आ रही है.

जेपी नड्डा ने की रूसी स्वास्थ्य मंत्री से मुलाकात

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने रूसी स्वास्थ्य मंत्री मिखाइल मुराशको से मुलाकात की. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, "आज रूसी स्वास्थ्य मंत्री, मिखाइल मुराशको से मुलाकात की. हेल्थ सेक्टर से जुड़े कई मुद्दों पर चर्चा की और द्विपक्षीय सहयोग तथा साझेदारी बढ़ाने पर सहमति व्यक्त की."

पुतिन के दौरे पर क्या सोचती हैं विदेशी कंपनियां

रूसी राष्ट्रपति पुतिन के भारत दौरे पर, साइंस-एंड-प्रोडक्शन सेंटर मिनरल कोटिंग टेक्नोलॉजीज एलएलसी के सीईओ, स्टानिस्लाव किस्लोव कहा, "मुझे भारत आकर बहुत खुशी है. हमारे पास भारत के लिए बहुत दिलचस्प तकनीक और औद्योगिक क्षमता है. हमने रूस में 20 वर्षों तक काम किया है, और अब हम भारतीय बाजार में एंट्री करने जा रहे हैं. मेरे मानना है कि यह एक बहुत ही दिलचस्प बाजार है क्योंकि भारत में ग्रोथ का अच्छा मौका मिलता है."

पुतिन के दौरे से एक्सपोर्ट इंडस्ट्री को क्या उम्मीद?

फेडरेशन ऑफ इंडियन एक्सपोर्ट ऑर्गेनाइजेशंस (FIEO) के महानिदेशक और सीईओ अजय सहाय ने बताया, "अगर हम भारत के व्यापार को देखें, तो पिछले साल हमने रूस से लगभग 63 अरब डॉलर का आयात किया.हमारा निर्यात 5 अरब डॉलर का है. जैसा कि मंत्री ने कहा, यह व्यापार थोड़ा संतुलित नहीं है, इसलिए हमें इसे संतुलित करने करने की जरूरत है. व्यापार में विविधीकरण के लिए हमें नए सेक्टर इंट्रोड्यूस करने और मौजूदा सेक्टर में निर्यात को बढ़ाने की जरूरत होगी. डिजिटल पेमेंट, फिनटेक इंटिग्रेशन और हॉस्पिटैलिटी जैसे नए उभरते सेगमेंट भी सामने आएंगे. इनसे हमें व्यापार का विस्तार करने और विविधता लाने में मदद मिलेगी."

Putin India Visit LIVE : रूसी रक्षा मंत्री को त्रि-सेवा गार्ड ऑफ ऑनर

वीडियो : रूस के रक्षा मंत्री आंद्रेई बेलौसोव ने मानेकशॉ सेंटर में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की मौजूदगी में त्रि-सेवा गार्ड ऑफ ऑनर का निरीक्षण किया.

Putin India Visit LIVE Updates: पुतिन के दौरे से भारत को क्या मिल सकता है?

सरकारी सूत्रों के मुताबिक, पुतिन की यह यात्रा भारत–रूस आर्थिक सहयोग को मज़बूत करने में अहम भूमिका निभाएगी. राष्ट्रपति पुतिन बड़े व्यापारिक प्रतिनिधिमंडल के साथ आ रहे हैं. भारत को रूस के साथ व्यापार घाटा कम होने की उम्मीद है. भारतीय निर्यात बढ़ाने के लिए कई नए रास्तों पर काम हो रहा है- दवा उद्योग, ऑटोमोबाइल, कृषि उत्पाद और समुद्री उत्पाद प्रमुख क्षेत्र होंगे. भारतीय व्यवसायों और उत्पादों को रूस में बड़ा बाज़ार मिल सकता है. इससे नौकरियां पैदा हो सकती हैं और किसानों के लिए बेहतर अवसर बनेंगे. कई समझौते और MoUs होने की उम्मीद है. लोगों के बीच संपर्क, मोबिलिटी पार्टनरशिप, संस्कृति और वैज्ञानिक सहयोग में भी इजाफा भी देखने को मिल सकता है.

रूसी रक्षा मंत्री का रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने किया स्वागत

भारत के रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने नई दिल्ली में एयरफोर्स स्टेशन, पालम में रूस के रक्षा मंत्री आंद्रेई बेलौसोव का स्वागत किया.इस मौके पर चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ जनरल अनिल चौहान भी मौजूद थे.

जब अटल बिहारी वाजपेयी के साथ रूस गए थे नरेंद्र मोदी

ये तस्वीरें साल 2001 की मॉस्को की हैं. तब तत्कालीन प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के साथ गुजरात के तत्कालीन मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी भी साथ थे.

राजनाथ सिंह और रूसी रक्षा मंत्री ने नेशनल वार मेमोरियल पर अर्पित की पुष्पांजलि

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और रूस के रक्षा मंत्री आंद्रेई बेलौसोव ने दिल्ली में नेशनल वार मेमोरियल पर पुष्पांजलि अर्पित की. रूसी रक्षा मंत्री आज मानेकशॉ सेंटर में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के साथ सैन्य और सैन्य तकनीकी सहयोग पर 22वीं भारत-रूस अंतर-सरकारी आयोग की मंत्रिस्तरीय बैठक की सह-अध्यक्षता करेंगे.

Putin India Visit 2025 LIVE Updates: पुतिन की भारत यात्रा पर रंजीत मेहता का बयान

रूसी राष्ट्रपति पुतिन की भारत यात्रा से पहले PHDCCI के सीईओ और महासचिव रंजीत मेहता ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी और राष्ट्रपति पुतिन के बीच बैठक बहुत महत्वपूर्ण है. यह संतुलित और स्थिर वैश्विक व्यवस्था को भी आकार देती है. हमें लगता है कि भारतीय और रूसी उद्योगों के बीच कई सहयोग होंगे, खासकर प्रौद्योगिकी, अंतरिक्ष और फार्मास्यूटिकल्स के क्षेत्र में समझौते होंगे. दोनों प्रमुख नेताओं के बीच बैठक यह दर्शाती है कि भारत की विदेश नीति स्वतंत्र और राष्ट्रहित में है. हम भारतीय उद्योग, खासकर प्रौद्योगिकी, अंतरिक्ष, ऊर्जा सुरक्षा और हाइड्रोकार्बन के लिए बड़े अवसर देखते हैं. हमें उम्मीद है कि यह दीर्घकालिक साझेदारियां होंगी.

Putin India Visit 2025 LIVE Updates: भारत के रवाना हुए राष्ट्रपति पुतिन

रूस के राष्ट्रपति पुतिन भारत के लिए रवाना हो गए हैं, जबकि उनके मंत्री पहले ही भारत पहुंच गए हैं, जो भारतीय मंत्रियों से मुलाकात भी कर रहे हैं, वहीं रूसी प्रतिनिधिमंडल भी पहले ही भारत पहुंच गया है.

Putin India Visit 2025 LIVE Updates: रूस के स्वास्थ्य मंत्री पहुंचे दिल्ली

रूस के स्वास्थ्य मंत्री मिखाइल मुराशको संसद भवन पहुंचे हैं और वे भारत के स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा से मुलाकात कर रहे हैं. इनसे पहले रूस के उपप्रधानमंत्री संसद भवन पहुंचे थे.

Putin India Visit 2025 LIVE Updates: राहुल गांधी के बयान पर प्रियंका गांधी की प्रतिक्रिया

राहुल गांधी के बयान पर कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा कि यह बहुत अजीब है. एक प्रोटोकॉल है और सभी आने वाले गणमान्य व्यक्ति नेता प्रतिपक्ष से मिलते हैं. सरकार द्वारा प्रोटोकॉल को उलट दिया जा रहा है और उनकी सभी नीतियां इसी पर आधारित हैं. वे नहीं चाहते कि कोई अपनी आवाज उठाए. वे किसी और की राय नहीं सुनना चाहते. उन्हें लोकतंत्र के प्रोटोकॉल का पालन करना चाहिए. भगवान ही जाने कि वे किससे डरते हैं.

Putin India Visit 2025 LIVE Updates: पुतिन की यात्रा पर राहुल गांधी का बयान

रूसी राष्ट्रपति पुतिन की यात्रा को लेकर कांग्रेस सांसद और नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने सवाल उठाया है. उन्होंने कहा कि कोई भी विदेश से बड़ा नेता आता है तो सरकार विपक्ष के लोगों को मुलाकात नहीं करने देती. विपक्ष एक वैकल्पिक विचार प्रस्तुत करता है. यह सरकार में असुरक्षा की भावना को उजागर करता है. अटल बिहारी वाजपेयी और मनमोहन सिंह की सरकार में ऐसा नहीं होता था.

Putin India Visit 2025 LIVE Updates: पुतिन को रिसीव करेंगे विदेश मंत्री जयशंकर

रूस के राष्ट्रपति पुतिन को विदेश मंत्री जयशंकर रिसीव करेंगे. एयरफोर्स स्टेशन पालम पर उनका प्लेन लैंड करेगा, जहां रूसी राष्ट्रपति का शानदार स्वागत होगा. वहीं रूस के उप-प्रधानमंत्री दिल्ली संसद भवन पहुंच गए हैं.

Putin India Visit 2025 LIVE Updates: पुतिन अपने 7 मंत्रियों के साथ आ रहे भारत

राष्ट्रपति पुतिन के साथ उनके 7 मंत्री भी भारत आ रहे हैं, जो अलग-अलग क्षेत्रों में समझौतों पर हस्ताक्षर करेंगे. इनमें रक्षा मंत्री आंद्रेई बेलोउसॉफ, वित्त मंत्री एंतोन सिलुआनोव, कृषि मंत्री ऑक्साना, आर्थिक विकास मंत्री मक्सिम रेशेत्निकोव, स्वास्थ्य मंत्री मिखाइल मुराश्को, रूस की सेंट्रल बैंक की गवर्नर एल्विरा नबीउलिना और उप-विदेश मंत्री आंद्रेई रुडेंको शामिल हैं.

Putin India Visit 2025 LIVE Updates: फ्री ट्रेड एग्रीमेंट पर होगी द्विपक्षीय वार्ता

बता दें कि समिट के अलावा भारत और रूस के बीच द्विपक्षीय वार्ता होनी है, जिसमें दोनों देशों के बीच कई एग्रीमेंट साइन होने की भी उम्मीद है. इनमें एक समझौता भारतीय वर्कर्स की रूस में मूवमेंट आसान बनाने के लिए हो सकता है. डिफेंस, एनर्जी, ट्रेड और स्ट्रेटेजिक को-ऑपरेशन को लेकर दोनों पक्ष बात कर सकते हैं.

Putin India Visit 2025 LIVE Updates: भारत में लॉन्च होगा RT चैनल

बता दें कि 23वें भारत-रूस समिट के बाद राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू जब रूसी राष्ट्रपति पुतिन के सम्मान में स्टेट डिनर देंगी, तब रूस अपने सरकारी चैनल RT का नया इंडिया चैनल भी लॉन्च करेगा.

Putin India Visit 2025 LIVE Updates: 15 साल में 9 बार भारत आ चुके पुतिन

बता दें कि राष्ट्रपति पुतिन पिछले 15 साल में 9 बार भारत आ चुके हैं और यह उनकी 10वीं भारत यात्रा है. अक्टूबर 2000 में पहले दौरे पर भारत-रूस रणनीतिक साझेदारी पर हस्ताक्षर हुए थे. दिसंबर 2002 में रक्षा और ऊर्जा सहयोग समझौते हुए थे. साल 2007 में वे गणतंत्र दिवस समारोह के मुख्य अतिथि बने.

दिसंबर 2010 में शिखर सम्मेलन के दौरान कई रक्षा समझौते हुए. अक्टूबर 2012 में उन्होंने प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के साथ एनुअल मीटिंग की थी. दिसंबर 2014 में प्रधानमंत्री मोदी के कार्यकाल में पहली यात्रा के दौरान परमाणु ऊर्जा और रक्षा सहयोग समझौता हुआ था. अक्टूबर 2016 में गोवा में ब्रिक्स समिट में आए थे.

अक्टूबर 2018 की दिल्ली यात्रा पर S-400 मिसाइल सिस्टम डील हुई थी. 6 दिसंबर 2021 को वे शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने आए थे. 10वीं बार वे 4-5 दिसंबर 2025 को एनुअल मीटिंग के लिए आ रहे हैं.

Putin India Visit 2025 LIVE Updates: दिल्ली में ट्रैफिक रूट डायवर्ट

रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के भारत दौरे को देखते हुए दिल्ली में ट्रैफिक डायवर्ट किया गया है. गुरुवार को एयरपोर्ट से होटल तक के रूट NH-S, धौला कुआं और दिल्ली कैंट में ट्रैफिक डायवर्ट रहेगा. प्रधानमंत्री आवास की ओर जाने वाले सरदार पटेल मार्ग, पंचशील मार्ग और शांति पथ के आसपास भी स्पीड स्लो रखनी होगी. शुक्रवार को दिक्कत अधिक रहने वाली है, क्योंकि सुबह पुतिन राजघाट और हैदराबाद हाउस जाएंगे. दोपहर में उनका भारत मंडपम् में कार्यक्रम है. शाम को राष्ट्रपति भवन में डिनर है. ऐसे में राजघाट, शांति वन, रिंग रोड, दिल्ली गेट, आईटीओ, तिलक मार्ग, इंडिया गेट, भैरो रोड, मथुरा रोड और मंडी हाउस जैसे इलाकों में लगातार ट्रैफिक बाधित हो सकता है.

Putin India Visit 2025 LIVE Updates: पुतिन के स्वागत में होंगे ये सभी कार्यक्रम

रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के स्वागत में दिल्ली में 3 मूर्ति मार्ग पर फ्लेक्स बोर्ड और रूसी राष्ट्रीय ध्वज लगाए गए हैं. पुतिन आज गुरुवार को दोपहर बाद नई दिल्ली पहुंचेंगे. रात को प्रधानमंत्री मोदी राष्ट्रपति पुतिन के लिए का प्राइवेट डिनर का आयोजन करेंगे. शुक्रवार को राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति पुतिन का सम्मान और भव्य स्वागत होगा, जिसमें तीनों सेनाओं द्वारा गार्ड ऑफ ऑनर दिया जाएगा. इसके बाद पुतिन राज घाट जाएंगे. शाम में राष्ट्रपति पुतिन राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात करेंगे और फिर स्टेट डिनर होगा.

न्यूज 24 पर पढ़ें देश,राष्ट्रीय समाचार (National News),खेल,मनोरंजन,धर्म,लाइफ़स्टाइल,हेल्थ,शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।

First published on:

और पढ़ें: हमारे संपादकीय दिशानिर्देश और मानक यहाँ देखें।

लेख समाप्त

लेखक के बारे में

Khushbu Goyal

Khushbu Goyal

खुशबू गोयल News24 हिंदी डिजिटल में चीफ सब एडिटर के पद पर कार्यरत हैं. वेब जर्नलिज्म में 13 साल का अनुभव रखने वाली खुशबू गोयल राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और राज्यस्तरीय न्यूज और चुनावी कवरेज करती हैं. खुशबू गोयल ने अक्टूबर 2013 में अमर उजाला डिजिटल से अपने करियर की शुरुआत की थी, जहां 7 साल सेवाएं देने के बाद साल नवंबर 2020 में दैनिक भास्कर डिजिटल जॉइन किया और सितंबर 2023 से News24 के डिजिटल में सेवाएं दे रही हैं. 13 साल के करियर में खुशबू गोयल ने नेशनल, इंटरनेशनल, पॉलिटिकल, क्राइम टॉपिक कवर करने में विशेषज्ञता हासिल की. खुशबू गोयल का पत्रकारिता में अनुभव: 13 साल योग्यता: कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के IMC&MT इंस्टीट्यूट से मास्टर ऑफ कम्युनिकेशन एंड जर्नलिज्म (MJ) के बाद जर्नलिज्म में MPhil की डिग्री ली. खुशबू गोयल ने 2014, 2019 और 2024 के लोकसभा चुनाव की विस्तृत रिपोर्टिंग की है, जिसमें उन्हें ग्राउंड कवरेज करने का भी अनुभव है. इसके अलावा पिछले 13 साल में विभिन्न राज्यों में हुए विधानसभा चुनाव को भी उन्होंने फील्ड रिपोर्टिंग के साथ कवर किया.
... और पढ़ें
होम पेज पर वापस जाएँ