Add News24 as a Preferred Source Add news 24 as a Preferred Source

---विज्ञापन---

देश

रेहान वाड्रा की सॉफ्ट लॉन्चिंग? राहुल गांधी के साथ आए नजर, राजनीति में एंट्री पर लगने लगे कयास

Rehan Vadra News: राहुल गांधी के साथ वीडियो में नजर आए रेहान वाड्रा को लेकर कयास लगाए जाने लगे हैं। रेहान हाल ही में अपनी मां प्रियंका गांधी के नामांकन के मौके पर भी अपने पिता रॉबर्ट वाड्रा और मामा राहुल गांधी के साथ नजर आए थे।

Author
Edited By : Nandlal Sharma Updated: Nov 2, 2024 11:54
राहुल गांधी के साथ रेहान वाड्रा | फोटो वीडियो ग्रैब
राहुल गांधी के साथ रेहान वाड्रा | फोटो वीडियो ग्रैब

Rehan Vadra News: कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने दिवाली के मौके पर अपने भांजे रेहान वाड्रा के साथ एक वीडियो जारी किया। इस वीडियो में राहुल गांधी 10 जनपथ पर पेटिंग करने वाले मजदूरों के साथ हाथ आजमाते दिख रहे हैं और इस काम में रेहान वाड्रा भी उनकी मदद कर रहे हैं। वीडियो के सामने आने के बाद से ही रेहान वाड्रा की राजनीति में एंट्री को लेकर अटकलें तेज हो गई हैं। कांग्रेस समर्थक और कांग्रेस के विरोधी भी इस बारे में कयास लगाने लगे हैं।

रेहान वाड्रा, प्रियंका गांधी और रॉबर्ट वाड्रा के बेटे हैं। राहुल गांधी के साथ रेहान के दिवाली वीडियो को नेहरू-गांधी परिवार की पांचवीं पीढ़ी की राजनीति में सॉफ्ट लॉन्चिंग के तौर पर देखा जा रहा है।

---विज्ञापन---

सबसे दिलचस्प इस वीडियो की टाइमिंग है। रेहान की मां प्रियंका गांधी अब वायनाड से कांग्रेस की लोकसभा उम्मीदवार हैं और नामांकन के बाद अपने चुनाव प्रचार कार्यक्रमों में लगी हैं।

विजुअल आर्टिस्ट और क्यूरेटर हैं रेहान

2019 में चुनावी राजनीति में एंट्री करने वाली प्रियंका गांधी के बेटे रेहान एक विजुअल आर्टिस्ट और क्यूरेटर हैं। 24 वर्षीय रेहान की वेबसाइट के मुताबिक उनका विजुअल वर्क वाइल्ड लाइफ से लेकर स्ट्रीट और कॉमर्शियल फोटोग्राफी तक फैला हुआ है। नई दिल्ली और मुंबई में रेहान ने अपने कई सोलो एग्जिबिशन भी लगाए हैं।

दीपावली वाले वीडियो में रेहान को राहुल गांधी यह समझाते हुए देखे जा सकते हैं कि किस तरह दीवाली जैसे त्योहार की तैयारियों में बहुत सारे लोगों का योगदान होता है। लेकिन उनकी भूमिका को न तो सराहा जाता है और न ही पहचाना जाता है। इस वीडियो में 10 जनपथ स्थित बंगले पर राहुल गांधी के साथ रेहान वाड्रा को भी पेटिंग करने वाले लोगों के साथ हाथ बंटाते देखा जा सकता है।

10 जनपथ स्थित ये बंगला कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी का आवास है। 2023 में संसद सदस्यता समाप्त होने के बाद से राहुल गांधी अपनी मां के साथ इसी बंगले में रहते हैं। राहुल गांधी को इस वीडियो में यह भी बताते हुए सुना जा सकता है कि क्यों वे 10 जनपथ स्थित बंगले के बहुत प्रशंसक नहीं हैं।

अलग-अलग समुदाय के लोगों से मिल रहे राहुल गांधी

राहुल गांधी, रेहान को बताते हैं कि लोग अक्सर स्किल और हार्ड वर्क को इग्नोर करते हैं, जबकि कुम्हार, पेंटर और राजमिस्त्री जैसे लोग हमारे त्यौहारों में बड़ी भूमिका निभाते हैं। राहुल गांधी ने अपने भांजे को एक दीया भी दिखाया जो उन्होंने दिल्ली स्थित उत्तमनगर में एक कुम्हार के यहां काम करते हुए बनाया था।

दरअसल नेता प्रतिपक्ष लोकसभा चुनाव के पहले से ही अलग-अलग समुदाय के लोगों से मिल रहे हैं और उनके साथ बातचीत कर रहे हैं। वे अक्सर अपने वीडियो में इस बात पर जोर देते हैं कि श्रम की इज्जत नहीं हो रही है। अमेठी में उन्होंने एक जूता बनाने वाले से बात की थी, इसके अलावा उन्होंने नाई, बढ़ई और कुम्हार समुदाय के लोगों से भी बात की है।

राजनीति में रेहान की सॉफ्ट लैंडिंग

हालांकि ये पहली बार है जब राहुल गांधी के किसी वीडियो में रेहान वाड्रा को पहली बार फोकस करके दिखाया गया हो। इससे पहले जब राहुल गांधी पुरानी दिल्ली की गलियों में चाट और आइसक्रीम खाने गए थे, तब भी रेहान वाड्रा उनके साथ थे, लेकिन वीडियो का हिस्सा नहीं थे।

दीवाली के मौके पर वीडियो सामने आने के बाद से दोनों पक्षों के लोग कयास लगाने लगे हैं कि क्या ये रेहान वाड्रा की सॉफ्ट लॉन्चिंग है। एक व्यक्ति ने एक्स पर लिखा कि राहुल गांधी जब राजनीति में आए तो वे बहुत शर्मीले थे। रेहान वाड्रा भी इस वीडियो में थोड़े नर्वस दिखते हैं, हालांकि ये दर्शाता है कि उन्हें अच्छे संस्कार मिले हैं।

आमतौर पर राजनीति से दूर रहने रेहान वाड्रा को हाल ही में प्रियंका गांधी के नामांकन के दौरान वायनाड में अपने पिता रॉबर्ट वाड्रा और मामा राहुल गांधी के साथ देखा गया था।

First published on: Nov 02, 2024 11:54 AM

संबंधित खबरें