प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सरकार के मुखिया के रूप में अपनी जनसेवा के 25 साल पूरे होने पर BJP के वरिष्ठ नेता और पूर्व उप प्रधानमंत्री लालकृष्ण आडवाणी से उनके आवास पर जाकर मुलाकात की. इस दौरान प्रधानमंत्री ने आडवाणी से कुशलक्षेम पूछा और उनका आशीर्वाद लिया. बता दें कि 7 अक्टूबर 2001 को नरेंद्र मोदी ने पहली बार गुजरात के मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ ली थी. इसके बाद से वह लगातार निर्वाचित प्रतिनिधि और सरकार के मुखिया के रूप में काम कर रहे हैं. गुजरात के मुख्यमंत्री की जिम्मेदारी संभालने के बाद, मई 2014 से वह लगातार देश के प्रधानमंत्री पद पर आसीन हैं.
मुलाकात के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर तस्वीरें साझा करते हुए लिखा, “आडवाणी जी के आवास पर जाकर उनसे मुलाकात की और उनका आशीर्वाद लिया. जनसेवा और हमारे राष्ट्रीय जीवन में उनके दशकों के योगदान ने एक अमिट छाप छोड़ी है. भारत की प्रगति को मजबूत करने में उनकी बेहद अहम भूमिका रही है.”
अमित शाह ने बताया ‘स्वर्णिम और युगांतरकारी’ सफर
वहीं, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने पीएम मोदी के इस कार्यकाल की सराहना करते हुए इसे देश और गरीबों के कल्याण को समर्पित यात्रा बताया. गुरुग्राम में आयोजित एक कार्यक्रम में अमित शाह ने कहा कि 7 अक्टूबर का दिन भारतीय लोकतंत्र के इतिहास में ‘स्वर्णिम और युगांतरकारी’ है. शाह ने कहा कि गुजरात और फिर केंद्र सरकार के प्रमुख के तौर पर मोदी के 25 साल देश के करोड़ों नागरिकों के कल्याण और भारत के गौरव के वर्ष रहे हैं. उन्होंने धारा 370 हटाने, नक्सलवाद पर लगाम लगाने, 25 करोड़ लोगों को गरीबी रेखा से बाहर निकालने और राम मंदिर निर्माण जैसी उपलब्धियों का जिक्र करते हुए कहा कि जब भी भारत का इतिहास लिखा जाएगा, इन 25 वर्षों को स्वर्णिम अक्षरों में दर्ज किया जाएगा.
पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने PM मोदी को दी बधाई
पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को सरकार के मुखिया के तौर पर 25 वर्ष की समर्पित जनसेवा पूरी करने के ऐतिहासिक अवसर पर हार्दिक बधाई दी है. सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर अपनी शुभकामनाएं साझा करते हुए पूर्व राष्ट्रपति ने कहा कि यह ऐतिहासिक पड़ाव सार्वजनिक जीवन के प्रति प्रतिबद्धता और राष्ट्र सेवा की एक उल्लेखनीय यात्रा को दर्शाता है. उन्होंने पीएम मोदी के आने वाले वर्षों में निरंतर उत्तम स्वास्थ्य और शक्ति की भी कामना की.
इसके साथ ही पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने इस विशेष अवसर पर प्रधानमंत्री को लिखे अपने पत्र की प्रति भी साझा की, जिसमें उन्होंने देश के प्रति नरेंद्र मोदी के समर्पण और सेवा भाव की सराहना की है.