पीएम के जन्मदिन पर 30 लाख कामगारों को मिलेगी सौगात, लॉन्च होगी विश्वकर्मा योजना

PM Narendra Modi birthday, Vishwakarma scheme, Vishwakarma scheme News, Narendra Modi birthday News, Delhi News, BJP News

नई दिल्ली: केंद्र सरकार विश्वकर्मा जयंती के दिन विश्वकर्मा योजना शुरू करने जा रही है। इसी दिन पीएम मोदी का जन्म दिन भी है। इस लिहाज से सरकार इसे बड़े स्तर पर लॉन्च करने जा रही है। कार्यक्रम की लॉन्चिंग देश भर में एक साथ की जाएगी।

पीएम विश्वकर्मा योजना को करेंगे लॉन्च

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सुबह 10.30 बजे वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से इस कार्यक्रम को लांच करेंगे। इसके साथ ही वो इस मौके पर सभी केंद्रों पर मौजूद कामगार वर्ग के लोगों को संबोधित भी करेंगे। इस कार्यक्रम से 30 लाख कामगारों को लाभ मिलेगा। 16 अगस्त को इस योजना को कैबिनेट से मंजूरी मिली थी। इससे पहले पीएम मोदी ने विश्वकर्मा योजना की घोषणा खुद लाल किले की प्राचीर से 15 अगस्त 2023 को की थी।

70 शहर 70 मंत्री कार्यक्रम में मौजूद रहेंगे

विश्वकर्मा योजना की लॉन्चिंग के दौरान देश भर के 70 बड़े शहरों के कार्यक्रम स्थल पर, केंद्र सरकार के 70 मंत्री मौजूद रहेंगे। इस दौरान अमित शाह अहमदाबाद में, रक्षामंत्री राजनाथ सिंह लखनऊ में, विदेश मंत्री एस जयशंकर त्रिवेंद्रम में, स्मृति ईरानी झांसी में, मनसुख मांडविया राजकोट में उपस्थित रहेंगे। केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव जयपुर में, अश्वनी वैष्णव भुवनेश्वर में, हरदीप सिंह पूरी अमृतसर में, प्रल्हाद जोशी बंगलोर में, नरेंद्र सिंह तोमर भोपाल में मौजूद रहेंगे।

विश्वकर्मा योजना गेम चेंजर हो सकता है

इस योजना को गेम चेंजर माना जा रहा है, जिसके जरिए केंद्र सरकार की ओर से अगले 5 साल में 13 हजार करोड़ रुपए खर्च करने का लक्ष्य है। इसके जरिए समाज के निचले स्तर के कामगार खासकर बढ़ई, मोची, धोबी जैसे कामगारों का आर्थिक उत्थान संभव हो सकेगा। इस योजना के तहत पहले चरण में कामगारों को 5 फीसदी की दर से 1 लाख रुपए का कर्ज मुहैया कराया जाएगा। वहीं दूसरे चरण में राशि बढ़कर 2 लाख रुपए कर दी जाएगी। इतना ही नहीं पीएम विश्वकर्मा योजना के तहत कारीगरों, शिल्पकारों को पीएम विश्वकर्मा प्रमाणपत्र प्रदान कर मान्यता भी दी जाएगी और पहचान पत्र भी दिया जाएगा। कौशल विकास कार्यक्रम का कोर्स करने वालों को स्टाइपेंड भी मिलेगा। इसके अंतर्गत ट्रेनिंग लेने वाले लाभार्थियों को प्रतिदिन 500 रुपए के हिसाब से मानदेय भी दिया जाएगा।

18 तरह के कामगारों को योजना से जोड़ा जाएगा

विश्वकर्मा योजना के तहत 18 तरह के कामगारों को शामिल किया जाएगा जिसमें बढ़ई, नौका बनाने वाले, लोहार, हथौड़ा एवं औजार बनाने वाले, सुनार, कुम्हार, पत्थर की कारीगरी करने वाले, चर्मकार, राज मिस्त्री, दरी, झाड़ू और टोकरी बनाने वाले, धोबी, दर्जी, मछली पकड़ने वाली जाल बनाने वाले कामगार शामिल होंगे।

विश्वकर्मा योजना के लिए केंद्र सरकार ने जारी किए 13,000 करोड़

16 अगस्त को कैबिनेट से पास होने के बाद शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने कहा था कि पीएम विश्वकर्मा योजना के लिए केंद्र सरकार ने 13,000 करोड़ रुपये जारी किए हैं। जिसका लक्ष्य वित्तवर्ष 2023-24 में 30 लाख कामगारों को लाभ देना है। इस योजना को तीन मंत्रालयों एमएसएमई, कौशल विकास और वित्त मंत्रालय के तरफ से चलाया जायेगा।

बीजेपी ने भी बनाया खास प्लान

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के दिन पीएम विश्वकर्मा योजना तो लॉच होगी ही, इसके अलावा पीएम के जन्म दिन को लेकर बीजेपी ने भी विशेष कार्यक्रम तैयार किया है। पार्टी 17 सितंबर को पीएम के जन्मदिन से पूरे देश में ‘सेवा ही संगठन’ कार्यक्रम का आयोजन करेगी।

बीजेपी पीएम के जन्म दिन के मौके पर 16 दिन कार्यक्रम चलाएगी

बीजेपी 17 सितंबर से ‘सेवा ही संगठन’ कार्यक्रम शुरू करेगी और ये 2 अक्टूबर यानि महात्मा गांधी जयंती तक चलेगा। इस कार्यक्रम की जिम्मेदारी बीजेपी के राष्ट्रीय महासचिव तरुम चुघ, विनोद तावड़े, सुनील बंसल, संजय बंदी और कैलाश विजयवर्गीय को दी गई है।

‘सेवा पखवाड़ा’ में क्या-क्या होगा

सेवा पखवाड़ा के दौरान बीजेपी राज्य से लेकर जिले स्तर पर पीएम मोदी के जीवन से जुड़े सभी पहलुओं को लेकर एग्जीबिशन लगाएगी और मलिन बस्तियों में जाकर सेवा का कार्य करेगी। इतना ही नहीं, इस दौरान मोदी सरकार के कार्यकाल के दौरान उनकी उपलब्धियों को लेकर भी आम लोगों तक पहुंचेगी।

न्यूज 24 पर पढ़ें देश,राष्ट्रीय समाचार (National News),खेल,मनोरंजन,धर्म,लाइफ़स्टाइल,हेल्थ,शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।

First published on:

और पढ़ें: हमारे संपादकीय दिशानिर्देश और मानक यहाँ देखें।

लेख समाप्त

लेखक के बारे में

होम पेज पर वापस जाएँ