मिडिल ईस्ट में युद्ध और वैश्विक संकट के बीच भारतीय अर्थव्यवस्था आगे बढ़ रही है और दुनियाभर में तेजी से ग्रोथ करने वाली मजबूत अर्थव्यवस्था बनी हुई है. इसका ताजा प्रमाण पहली तिमाही में देश की GDP का 7.8% रहना है. जी हां, वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही में देश की GDP वृद्धि दर 7.8 प्रतिशत रही है. इस ग्रोथ पर प्रधानमंत्री मोदी ने खुशी जताई है. उन्होंने अपने इंस्टाग्राम पर जारी वीडियो संदेश में कहा कि GDP में वृद्धि के लिए देशवासियों को बधाई देता हूं. 7.8 परसेंट GDP ग्रोथ देखकर मन खुशियों से भर गया है, यह खुशी आगे भी बनी रहे, इसकी कामना करता हूं.
प्रधानमंत्री मोदी ने वीडियो संदेश में क्या कहा?
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि आज पूरी दुनिया युद्ध के अधंकार में डूबी है. संकटों से घिरी हुई है और वैश्विक सप्लाई चेन भी डिस्टर्ब है. 2020 में कोरोना महामारी के कारण दुनिया में स्थिरता नहीं हैं. फिर भी भारत तेजी से प्रगति कर रहा है. जबकि देश के भीतर कुछ लोग निराशा के गहरे अंधकार में डूबे हुए हैं, झूठी बातें फैला रहे हैं और हताशा का माहौल बना रहे हैं. इन सबसे ऊपर उठकर बाधाओं को पार करते हुए देश ने 7.8% की विकास दर हासिल की है. हमें इस गति को बनाए रखना होगा. इसी तरह आगे बढ़ते रहना होगा और इसके लिए आत्मनिर्भर भारत बनना आवश्यक है.
पहली तिमाही में GDP ग्रोथ के सरकारी आंकड़े
सरकारी आंकड़ों के अनुसार, भारत की GDP 7.8 प्रतिशत की दर से बढ़ते हुए 81.36 लाख करोड़ तक पहुंच गई है, जबकि एक साल पहले यह आंकड़ा 75.46 लाख करोड़ था. नॉमिनल GDP 10.3 प्रतिशत की दर से बढ़कर 88.27 लाख करोड़ पहुंच गई है, पिछले साल यह आंकड़ा 80 लाख करोड़ था. हालांकि दुनिया में जिस तरह युद्धों का दौर जारी है और वैश्विक सप्लाई चेन बाधित होने से महंगाई बढ़ी है और आर्थिक गतिविधियां रुकी हैं, जिसके चलते भारत पर दबाव आया है, बावजूद इस दबाव के भारतीय अर्थव्यवस्था ने ग्रोथ की है, यह भारत और भारतीयों के लिए अच्छी बात है.
अगली तिमाही के आंकड़े कब तक जारी होंगे?
सरकारी कैलेंडर के अनुसार, वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी तिमाही (जुलाई-सितंबर) में GDP ग्रोथ के आंकड़े आगामी 30 नवंबर को हो सकते हैं. वहीं रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (RBI) का अनुमान है कि पूरे वित्त वर्ष 2026-27 में भारत का GDP ग्रोथ रेट 6.7% रह सकता है. पहली तिमाही के आंकड़े आ चुके हैं, वहीं आने वाली तिमाहियों में ग्रोथ 7 प्रतिशत से कम रह सकती है. दूसरी तिमाही (जुलाई-सितंबर) के बीच GDP ग्रोथ 6.4 प्रतिशत, तीसरी तिमाही (अक्टूबर-दिसंबर) में 6.5 प्रतिशत, चौथी तिमाही (जनवरी-मार्च 2027) में 6.8 प्रतिशत रह सकती है.