तारिक रहमान को ओम बिरला ने दिया PM मोदी का लिखा खत; जानिए- उसमें क्या लिखा था

बांग्लादेश के नए प्रधानमंत्री तारिक रहमान को ओम बिरला ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का विशेष संदेश सौंपा, जिससे कूटनीतिक हलकों में हलचल हुई और चर्चाओं का दौर शुरू हो गया.

PM Modi letter to Tariq Rahman

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने मंगलवार को बांग्लादेश के नए प्रधानमंत्री तारिक रहमान से मुलाकात की और उन्हें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से एक खास पत्र सौंपा. इस मुलाकात के दौरान बिरला ने पीएम मोदी की तरफ से बधाई संदेश दिया और तारिक रहमान को जल्द से जल्द भारत आने का न्योता भी दिया. बिरला ने भारत के लोगों की ओर से शुभकामनाएं देते हुए दोनों पड़ोसी देशों के बीच स्थायी साझेदारी को और गहरा करने की प्रतिबद्धता दोहराई. इसके अलावा ओम बिरला ने फोन पर भी बात कर पीएम मोदी का संदेश नए प्रधानमंत्री तक पहुंचाया.

विज्ञापन

पीएम मोदी का खास संदेश क्या था?

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने पत्र में लिखा, “मैं बांग्लादेश में अभी संपन्न हुए संसदीय चुनावों में बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी की जीत और बांग्लादेश के अगले प्रधानमंत्री के रूप में आपकी नियुक्ति पर आपको हार्दिक बधाई देता हूं”. मोदी ने तारिक रहमान के साथ-साथ उनकी पत्नी डॉ. जुबैदा और बेटी जाइमा को भी अपनी सुविधानुसार भारत आने के लिए आमंत्रित किया है. पत्र में लिखा गया है कि भारत में आपका भव्य स्वागत किया जाएगा. पीएम मोदी ने विश्वास जताया कि रहमान का नेतृत्व बांग्लादेश को शांति, स्थिरता और समृद्धि के रास्ते पर ले जाएगा.

विज्ञापन

शपथ ग्रहण समारोह और भारत का प्रतिनिधित्व

इससे पहले बांग्लादेश की अंतरिम सरकार के मुख्य सलाहकार मोहम्मद यूनुस ने पीएम मोदी को तारिक रहमान के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया था. हालांकि मुंबई में फ्रांसीसी राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के साथ पहले से तय कार्यक्रमों के कारण प्रधानमंत्री मोदी इस समारोह में शामिल नहीं हो सके. उनकी जगह भारत सरकार का प्रतिनिधित्व करने के लिए लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ढाका पहुंचे. बिरला की इस यात्रा और मुलाकात को दोनों देशों के बीच भविष्य के मजबूत रिश्तों के संकेत के तौर पर देखा जा रहा है.

विज्ञापन

पड़ोसी देशों के बीच भरोसे का रिश्ता

भारत और बांग्लादेश के रिश्ते साझा इतिहास और समान आकांक्षाओं की बुनियाद पर टिके हुए हैं. प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संदेश में स्पष्ट किया है कि भारत अपने पड़ोसी देश की तरक्की और खुशहाली में हमेशा साथ खड़ा है. तारिक रहमान के प्रधानमंत्री बनने के बाद दोनों देशों के बीच व्यापार, सुरक्षा और सांस्कृतिक संबंधों में नई ऊर्जा आने की उम्मीद है. ओम बिरला की इस यात्रा ने साफ कर दिया है कि नई सरकार के साथ भी भारत अपनी पुरानी और गहरी दोस्ती को प्राथमिकता देता रहेगा.

न्यूज 24 पर पढ़ें देश,राष्ट्रीय समाचार (National News),खेल,मनोरंजन,धर्म,लाइफ़स्टाइल,हेल्थ,शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।

First published on:

और पढ़ें: हमारे संपादकीय दिशानिर्देश और मानक यहाँ देखें।

लेख समाप्त

लेखक के बारे में

Raja Alam

Raja Alam

राजा आलम वर्तमान में News 24 हिंदी (B.A.G. Network) में सीनियर सब एडिटर के पद पर कार्यरत हैं. हिंदी पत्रकारिता में चार वर्षों के अनुभव के साथ नेशनल और वर्ल्ड न्यूज पर बारीकी से लेखन कर रहे हैं. पत्रकारिता की नींव देश की प्रतिष्ठित यूनिवर्सिटी अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी (AMU), अलीगढ़ से रखी, जहां से राजा आलम ने पत्रकारिता की पढ़ाई पूरी की. इसके बाद, हिंदी लेखन में गहराई को और विस्तार दिया जब राजा ने जामिया मिलिया इस्लामिया, नई दिल्ली से हिंदी साहित्य में एम.ए. की डिग्री प्राप्त की. हर रोज़ कुछ नया सीखना और पाठकों तक सही, निष्पक्ष और भरोसेमंद खबर पहुंचाना उनका मुख्य उद्देश्य रहा है. राजा के लेखन में आपको पत्रकारिता की गंभीरता के साथ-साथ पाठकों से जुड़ने वाली सरल भाषा और कंटेंट की विविधता दोनों मिलेंगे.
... और पढ़ें

/ताज़ा खबरें

विज्ञापन
होम पेज पर वापस जाएँ