PM Modi Appeal to citizens: देश के कई हिस्सों में लगातार बढ़ते तापमान और भीषण गर्मी ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया है. आसमान से बरसती इस आग के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों से बेहद भावुक और जरूरी अपील की है. पीएम मोदी ने लोगों से इस मौसम में सतर्क, सावधान और एक-दूसरे के प्रति संवेदनशील रहने को कहा है. प्रधानमंत्री ने नागरिकों से अपनी सेहत का खास ख्याल रखने का आग्रह किया है. उन्होंने कहा कि सभी लोग खुद को पूरी तरह हाइड्रेटेड रखें. जब भी घर से बाहर निकलें, अपने साथ पानी की बोतल जरूर लेकर चलें और दोपहर की तेज धूप में बेवजह बाहर निकलने से बचें.

---विज्ञापन---

राहगीरों के लिए बढ़ाएं मदद का हाथ

पीएम मोदी ने समाज में एक-दूसरे की मदद करने पर जोर देते हुए कहा कि यदि संभव हो, तो किसी भी प्यासे व्यक्ति को एक गिलास पानी जरूर पिलाएं. इसके साथ ही उन्होंने उन लोगों की दिल से सराहना की, जो इस तपती गर्मी में राहगीरों को राहत देने के लिए अपने घरों और दुकानों के बाहर मटकों में ठंडा पानी रखते हैं.

---विज्ञापन---

बुजुर्गों और प्रियजनों का रखें खास ख्याल

इस मौसम में बुजुर्गों को सबसे ज्यादा दिक्कतों का सामना करना पड़ता है. इसी को ध्यान में रखते हुए प्रधानमंत्री ने अपील की है कि सभी लोग अपने माता-पिता, दादा-दादी, नाना-नानी और अन्य प्रियजनों का लगातार हालचाल लेते रहें. उन्हें सलाह दें कि वे पर्याप्त मात्रा में पानी पीते रहें, दोपहर की तेज धूप में बाहर बिल्कुल न जाएं और ज्यादा से ज्यादा आराम करें.

---विज्ञापन---

बेजुबान पशु-पक्षियों के लिए करें ये छोटा सा काम

इंसानों के साथ-साथ पीएम मोदी ने बेजुबान जीव-जंतुओं का दर्द भी साझा किया. उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अपने घर, बालकनी, छत, दुकान या ऑफिस के बाहर पानी से भरा एक छोटा सा बर्तन जरूर रखें, ताकि इस प्रचंड गर्मी में प्यासे पक्षियों को आसानी से पानी मिल सके. प्रधानमंत्री ने अंत में कहा कि इस भीषण गर्मी के दौर में हमें संवेदनशीलता और करुणा के साथ एक-दूसरे का और अपने आसपास के जीव-जंतुओं का ख्याल रखना चाहिए.

---विज्ञापन---