PM Kisan Samman Nidhi 24 Installment : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी शुक्रवार को गुजरात के बनासकांठा से पीएम-किसान योजना की 24वीं किस्त जारी कर दी है. इसके तहत 9.34 करोड़ से अधिक किसानों के बैंक खातों में सीधे 18,690 करोड़ रुपये ट्रांसफर किए जाएंगे. फरवरी 2019 में शुरू की गई पीएम-किसान योजना के तहत अब तक 23 किस्तों में पात्र किसानों को 4.47 लाख करोड़ रुपये बांटे जा चुके हैं. इस योजना के तहत पात्र भूमिधारक किसान परिवारों को सालाना 6000 रुपये तीन किस्तों में दिए जाते हैं. यह राशि डीबीटी के जरिए से आधार से जुड़े बैंक खातों में भेजी जाती है.
पीएम किसान सम्मान निधि की 24वीं किस्त जारी करते हुए पीएम मोदी ने कहा, ‘पीएम किसान सम्मान निधि अब करोड़ों छोटे किसानों के जीवन का हिस्सा बन गई है. आज करीब 10 करोड़ किसानों के खाते में 18,000 करोड़ रुपये से अधिक की राशि भेजी गई है. गुजरात के 50 लाख से अधिक किसानों को भी इसका लाभ मिला है. यहां बनासकांठा के लाखों किसानों के खातों में भी करीब 50 करोड़ रुपये पहुंचे हैं. पीएम किसान सम्मान निधि के करीब साढ़े चार लाख करोड़ रुपये सीधे छोटे किसानों के खाते में पहुंचे हैं. कभी इन छोटे किसानों की जरूरतों को नहीं समझा गया, कभी उन्हें पूछा नहीं गया, जबकि देश में छोटे किसानों की संख्या 85 प्रतिशत से ज्यादा है. ऐसे छोटे किसानों की चिंता हमारी सरकार ने ही की और उन्हें पीएम किसान सम्मान निधि से मदद पहुंचाई.’
साथ ही उन्होंने कहा, ‘पहले की सरकारें MSP को लेकर भी किसानों को धोखा ही दे रही थीं, लेकिन यह हमारी सरकार है जिसने MSP का वादा पूरा किया है.पिछले 12 वर्षों में गेहूं और धान किसानों को MSP के रूप में 24 लाख करोड़ रुपये किसानों के खाते में गए हैं. खेती हमारे देश की परंपरा भी है, खेती हमारी संस्कृति भी है. पिछले 12 वर्षों में हमारी सरकार ने साइंस और टेक्नोलॉजी का व्यापक समावेश किया है. हमने खेती और पशुपालन को वैज्ञानिकता से जोड़ा है. सॉइल हेल्थ कार्ड इसका बेहतरीन उदाहरण है. पहले किसानों को यह पता लगाने में मुश्किल होती थी कि उनके खेत को कौन सी खाद कितनी मात्रा में चाहिए. सॉइल हेल्थ कार्ड ने इस समस्या का समाधान किया है.’
ऐसे चेक करें अपनी किस्त का स्टेटस
अगर आपके अकाउंट में पैसा नहीं आए हैं और आप अपनी किस्त का स्टेटस चेक करना चाहते हैं कि उसका तरीका बेहद आसान है. अगर आप अपनी किस्त का स्टेटस देखना चाहते हैं कि तो योजना की ऑफिशियल वेबसाइट पर जाकर चेक कर सकते हैं.
- सबसे पहले पीएम किसान योजना की सरकारी वेबसाइट https://pmkisan.gov.in पर जाएं
- वेबसाइट के होमपेज पर ‘फार्मर कॉर्नर’ ऑप्शन पर क्लिक करें.
- फिर वहां पर Know Your Status का ऑप्शन आएगा, वहां पर क्लिक करें.
- इसके बाद आपको अपना रजिस्ट्रेशन नंबर डालना होगा.
- रजिस्ट्रेशन नंबर डालने के बाद स्क्रीन पर कैप्चा कोड दिखेगा, जिसे आपको भरना होगा.
- इसके बाद OTP का ऑप्शन आएगा, जिसके लिए Get OTP पर क्लिक करना होगा.
- फिर आपके रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर OTP आएगा, जिसे वहां डालना होगा.
- ओटीपी डालने के बाद आपकी किस्त और उसके स्टेट्स के बारे सारी जानकारी आ जाएगी.
इस दौरान अगर आप रजिस्ट्रेशन नंबर भूल गए हैं तो पहले आप ‘Know Your Registration Number’ ऑप्शन में जाकर वहां प्रोसेस के जरिए इसका पता कर सकते हैं.
किस्त अटकने पर क्या करें?
अगर आपकी किस्त अटक गई है. या फिर आपको ई-केवाईसी, आधार कार्ड लिंक या बैंक अकाउंट से जुड़ी कोई दिक्कत आ रही है तो पीएम-किसान हेल्पलाइन पर संपर्क करके समाधान ढूंढ़ सकते हैं. इसके लिए आप टोल फ्री हेल्पलाइन 155261 या फिर 011-24300606 पर कॉल करना होगा. इन नंबरों पर अपनी शिकायत बता सकते हैं. वहीं, अपने पास के CSC सेंटर या कृषि विभाग के ऑफिस जाकर भी अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं.
कब अटक सकती है किस्त?
अगर आपने e-KYC पूरी नहीं की है तो आपकी किस्त अटक सकती है. बिना रुकावट के पीएम-किसान की किस्त लिए किसानों को e-KYC करवाना ही होगा. इस योजना के तहत रजिस्ट्रड किसानों के लिए ईकेवाईसी को मंत्रालय ने अनिवार्य कर दिया है. इसके अलावा अगर किसी का एक्टिव बैंक अकाउंट आधार कार्ड से लिंक नहीं है, तब भी किस्त अटक सकती है. इसलिए जो भी इस योजना का लाभ लेना चाहते हैं, उन्हें अपने कागजात और प्रोसेस पहले ही पूरा करा लेना होगा.