---विज्ञापन---

देश

12 महीने, 12 प्लेन क्रैश, 434 मौतें…साल 2024 में इन विमान हादसों ने डराया

Plane Crash in Year 2024: साल 2024 में पूरी दुनिया में 12 बड़े विमान हादसे हुए, जिनमें 400 से ज्यादा लोग मारे गए। एक हादसे में ईरान के राष्ट्रपति और एक हादसे में मलावी के उपराष्ट्रपति मारे गए थे। साल की शुरुआत विमान हादसे से हुई थी और अंत भी विमान हादसे के साथ हुआ।

Helicopter-Plane Crash In Year 2024: साल 2024 खत्म हो गया है, लेकिन साल के आखिरी महीना जाते-जाते दुनियाभर को न भुला सकने वाला गम दे गया। 2 दिन पहले पूरी दुनिया में एक ऐसा विमान हादसा देखा, जिसमें सवार 179 लोग जिंदा जलकर मर गए। साउथ कोरिया में हुआ यह हादसा साल 1997 के बाद देश में हुआ सबसे भीषण विमान हादसा था।

वहीं साल 2024 के 12 महीनों में 12 प्लेन क्रैश दुनियाभर में हुए। इन हादसों में 434 लोगों ने जान गंवाई। एक हादसे में ईरान के राष्ट्रपति इब्राहिम रईसी मारे गए थे। वहीं एक हादसे में मलावी के उप-राष्ट्रपति की मौत हुई थी। आइए साल 2024 में हुए विमान हादसों पर एक नजर डालते हैं…

---विज्ञापन---

1. जापान में 2 जनवरी 2024 को टोक्यो के हानेडा हवाई अड्डे पर विमान हादसा हुआ था। जापान एयरलाइंस (JAL) का विमान एक छोटे विमान से टकराया था। टक्कर लगते ही विमान में आग लग गई थी, लेकिन इसमें सवार सभी 379 लोगों केा सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया गया था। वहीं हस हादसे में छोटे विमान में सवार 6 लोगों में से 5 की मौत हो गई थी।

2. कनाडा में 23 जनवरी को हुए विमान हादसे में 6 लोगों की मौत हो गई थी। यह हादसा कनाडा में फोर्ट स्मिथ के पास हुआ था।

---विज्ञापन---

3. रूस में 24 जनवरी को एक विमान हादसा हुआ था। बेलगोरोद में रूसी मिलिट्री प्लेन क्रैश हुआ था, जिसमें 74 लोगों की मौत हो गई थी। विमान में 65 यूक्रेनी कैदी और 9 रूसी क्रू मेंबर सवार थे। इस हादसे को लेकर रूस के रक्षा मंत्रालय ने यूक्रेन पर आरोप लगाए थे कि विमान को टारगेट करके गिराया गया है, जबकि यूक्रेन ने इसे रूस की साजिश करार दिया।

4. रूस में 12 मार्च को भी एक विमान हादसा हुआ था। इवानोवो ओब्लास्ट में एक कार्गो प्लेन इल्युशिन IL-76 क्रैश हुआ था। हादसे में 7 पैसेंजर्स और 8 क्रू मेंबर्स को मिलाकर 15 लोग मारे गए थे। विमान के एक इंजन में आग लगने से विमान हादसा हुआ था।

---विज्ञापन---

5. 19 मई 2024 के ईरान के राष्ट्रपति इब्राहिम रईसी का हेलिकॉप्टर क्रैश हुआ था। हादसे में राष्ट्रपति के साथ ईरान के विदेश मंत्री हुसैन अमीराब्दुल्लाहियन समेत 9 लोगों की जान गई थी। घने कोहरे में पहाड़ी इलाका क्रॉस करते समय कंट्रोल छूटने से हेलीकॉप्टर क्रैश हुआ था। यह हादसा ईरान की राजधानी तेहरान से 600 किलोमीटर दूर अजरबैजान के शहर जोल्फा के करीब हुआ था।

6. 10 जून 2024 को अफ्रीकी देश मलावी में प्लेन क्रैश हुआ था। मलावी के उपराष्ट्रपति साउलोस क्लॉस चिलिमा का प्लेन 10 जून को अचानक गायब हो गया था और फिर इस विमान का मलबा मिला था। हादसे में विमान में सवार उपराष्ट्रपति समेत 9 लोगों की मौत हो गई थी। यह हादसा खराब मौसम के कारण हुआ था।

---विज्ञापन---

7. 24 जुलाई 2024 को नेपाल के काठमांडू में विमान हादसा हुआ था। त्रिभुवन अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर शोर्य एयरलाइंस का विमान पोखरा जाने के लिए टेकऑफ करते समय क्रैश हो गया था। 9N-AME प्लेन क्रैश होने से 18 लोगों की जान गई थी। हादसे में मारे गए 18 लोगों में 17 एयरलाइंस के स्टाफ मेंबर्स थे। विमान 21 साल पुराना था, जिसे मरम्मत के बाद टेस्टिंग के लिए उड़ाया गया था।

8. 9 अगस्त 2024 को ब्राजील के साओ पाउलो राज्य के विन्हेडो में वोएपास फ्लाइट 2283 क्रैश हुई थी। विमान के इंजन में बर्फ जमने के कारण हादसा हुआ था। इस हादसे में विमान में सवार सभी 62 लोग मारे गए थे। यह हादसा 2007 के बाद ब्राजील में हुए हादसों में सबसे भीषण हादसा था।

---विज्ञापन---

9. 23 अगस्त 2024 को थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक में एक विमान हादसा हुआ था। इस हादसे में विमान में सवार 9 लोग मारे गए थे। मृतकों में 2 थाईलैंड के पायलट, 2 थाईलैंड के नागरिक और 5 चीन के नागरिक थे।

10. 25 दिसंबर 2024 को अजरबैजान में राजधानी बाकू से रूस के ग्रोज़्नी जा रहा अजरबैजान एयरलाइंस का विमान क्रैश हुआ था। हादसा कज़ाकिस्तान के अक्ताऊ शहर के पास खाली ग्राउंड में हुआ था। हादसे में विमान में सवार 62 यात्रियों और 5 क्रू मेंबर्स को मिलाकर 67 लोगों में से 38 लोगों मारे गए थे। विमान के 2 टुकड़े होकर उसमें आग लग गई थी। रूस पर विमान को टारगेट करने के आरोप लगे। इसलिए राष्ट्रपति पुतिन ने हादसे के लिए माफी भी मांगी।

---विज्ञापन---

11. 29 दिसंबर 2024 को साउथ कोरिया में प्लेन क्रैश हुआ। हादसे में विमान में सवार 181 लोगों में से 179 लोगों की मौत हो गई। 2 लोग जिंदा बचे, लेकिन वे बुरी तरह झुलस गए थे। साउथ कोरिया में मुआन एयरपोर्ट पर जेजू एयर का विमान लैंडिंग गियर खराब होने से क्रैश होकर गिर गया और उसमें आग लग गई। पायलट ने इमरजेंसी में विमान की बेली लैंडिंग कराई थी, लेकिन वह सेफ लैंडिंग नहीं करा पाया।

12. कनाडा में ही गत 29 दिसंबर को एयर कनाडा की एक फ्लाइट अग्निकांड का शिकार हुई थी। नोवा स्कोटिया प्रांत के हैलिफैक्स एयरपोर्ट पर लैंडिंग करते समय विमान के गियर्स ने काम नहीं किया, जिससे विमान में आग लग गई। हादसे में विमान में सवार 73 लोग रेस्क्यू किए गए थे।

---विज्ञापन---

13. दिसंबर 2024 में ही ब्राजील के ग्रामाडो शहर में एक निजी विमान क्रैश हुआ। हादसे में विमान में सवार 10 लोगों की मौत हो गई थी। जमीन पर खड़े 17 लोग मलबे की चपेट में आने से घायल हुए थे।

First published on: Dec 31, 2024 10:11 AM

End of Article

About the Author

Khushbu Goyal

खुशबू गोयल ने कुरुक्षेत्र यूनिवर्सिटी के IMC&MT इंस्टीट्यूट से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन एवं Mphil कोर्स किया है। पिछले 12 साल से डिजिटल मीडिया इंडस्ट्री में अपनी पहचान बना रही हैं। वर्तमान में BAG Convergence Limited के News 24 Hindi डिजिटल विंग से बतौर चीफ सब एडिटर जुड़ी हैं। यहां खुशबू नेशनल, इंटरनेशनल, लाइव ब्रेकिंग, पॉलिटिक्स, क्राइम, एक्सप्लेनर आदि कवर करती हैं। इससे पहले खुशबू Amar Ujala और Dainik Bhaskar मीडिया हाउस के डिजिटल विंग में काम कर चुकी हैं।

Read More
संबंधित खबरें
Sponsored Links by Taboola