'ये नया भारत है, घर में घुसकर मारेगा', पहलगाम हमले के बाद मंत्री शेखावत की दो टूक

केंद्रीय मंत्री शेखावत ने कहा, भारत अपने हितों की रक्षा में सक्षम है। पहलगाम आतंकी हमले पर पाक को चेतावनी, ये नया भारत है, घर में घुसकर मारेगा।

Gajendra-singh-shekhawat

केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने दो टूक कहा कि भारत अपने हितों की रक्षा करने में सक्षम भी है, समर्थ भी है, सशक्त भी है और स्वतंत्र भी है। पहलगाम में आतंकी घटना पर शेखावत ने कहा कि ये नया भारत है। घर में घुसकर मारेगा।

शनिवार को जोधपुर प्रवास के दौरान केन्द्रीय मंत्री शेखावत ने पत्रकारों के साथ अनौपचारिक बातचीत की। पहलगाम आतंकी हमले और उसके बाद पाकिस्तान में भय के माहौल से जुड़े सवाल पर केंद्रीय मंत्री शेखावत ने कहा कि पाकिस्तान में भय होना भी चाहिए। गोस्वामी तुलसीदास जी ने रामचरितमानस में लिखा है, ‘भय बिनु हो प्रीत।’ मुझे लगता है कि जब भारत ने उरी और पुलवामा के बाद सर्जिकल स्ट्राइक कर संदेश दिया था कि भारत की भूमि और बाहर से हमारे विरुद्ध चलने वाली गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं करेंगे, उसके बाद पिछले पांच-छह साल से कोई बड़ी आतंकवादी घटना नहीं हो पाई थी। अब फड़फड़ाते हुए एक बार फिर ऐसी कायराना हरकत की गई है। शेखावत ने कहा कि ये नया भारत है। घर में घुसकर मारेगा। पहलगाम की घटना का माकूल जवाब दिया जाएगा। प्रधानमंत्री जी इस बात का खुले में इजहार कर चुके हैं।

पूर्वजों ने भी सिखाया था सबक

पाकिस्तान के नेताओं के गौरी-गजनवी मिसाइल और एटम बम की धमकी देने के सवाल पर शेखावत ने कहा कि गौरी-गजनवी पहले भी थी। गौरी-गजनवी तो भारत में आकर अनेक बार चोट खाकर गए थे। जब हमने एयर स्ट्राइक की थी, तब भी गौरी-गजनवी मिसाइल थी। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि आज से हजार साल पहले भी हमारे पूर्वजों ने इनको ठीक सबक सिखाया था। एक बार फिर गौरी-गजनवी को हमारी अग्नि और ब्रह्मोस प्रतिकूल जवाब देंगी।

भारत के साथ खड़े हैं कई देश

केंद्रीय मंत्री शेखावत ने कहा कि दुनिया के देश, जिन्होंने आतंकवाद का दर्द और दंश झेला है, इस समय भारत के साथ में खड़े हैं। विश्व इस बात को स्वीकार कर रहा है कि आतंकवाद की जड़ें पाकिस्तान में पालित पोषित और सिंचित हो रही हैं। अमेरिका ही नहीं, दुनिया के सभी देश पूरी ताकत के साथ भारत के साथ खड़े हैं, लेकिन मैं ये कहूंगा कि कोई खड़ा हो या न हो, भारत अपने हितों की रक्षा करने में सक्षम भी है, समर्थ भी है, सशक्त भी है और स्वतंत्र भी है।

पाक की बौखलाहट बनी रहेगी

सिंधु जल संधि निलंबित करने के सवाल पर शेखावत ने कहा कि पिछले सभी युद्धों के समय भी हमने सिंधु जल संधि की पवित्रता पर आंच नहीं आने दी थी, लेकिन प्रधानमंत्री जी का स्पष्ट कहना है कि अब समय आ गया है, जब रक्त और पानी, दोनों साथ नहीं बहेंगे। आजादी के 75 साल बाद हमें इस पर भी विचार करने की आवश्यकता है कि किस दबाव में, क्यों भारत के हितों के साथ, भारत के किसानों के हितों के साथ, भारत के लोगों के हितों के साथ समझौता करते हुए इस संधि को किया गया था। उन्होंने कहा कि संधि निलंबित होने से पाकिस्तान में बौखलाहट स्वाभाविक है। अब ये घबराहट बनी रहेगी। सिंधु का जल राजस्थान तक लाने के सवाल पर केंद्रीय मंत्री ने कहा कि मैं मानता हूं कि यही भारत के हित में होगा। हालांकि, इस पर जल्दबाजी की मुझे लगता है कि न तो आवश्यकता है और न ही उसका समय है।

जाति जनगणना का निर्णय ऐतिहासिक

जाति जनगणना और महिला आरक्षण के सवाल पर शेखावत ने कहा कि आजादी के बाद जिस तरह से देश में परिवर्तन हुआ, देश विकसित हुआ, निश्चित रूप से इस समय में एक नए सिरे से समीक्षा करने की आवश्यकता थी। मैं प्रधानमंत्री जी को इस ऐतिहासिक निर्णय के लिए, जो गरीब के कल्याण के लिए होगा, वंचितों के कल्याण के लिए होगा, जो पीछे रह गए हैं, अंत्योदय की भावना के अनुरूप उन सबको बराबरी तक लाने का अवसर प्रदान करने वाला होगा, मैं प्रधानमंत्री जी के इस निर्णय का हृदय पूर्वक स्वागत करता हूं।

अश्लील कंटेंट पर जिम्मेदार करेंगे कार्रवाई

ओटीटी और सोशल मीडिया पर अश्लील कंटेंट परोसने से जुड़े सवाल पर शेखावत ने कहा कि ये दुर्भाग्यपूर्ण है। प्रत्यक्ष रूप से सूचना प्रसारण मंत्रालय का विषय है। देश ने इसके ऊपर अपनी चिंता व्यक्त की है। जिम्मेदार लोगों को निश्चित रूप से इस पर संज्ञान लेकर कार्रवाई करनी चाहिए।

न्यूज 24 पर पढ़ें देश,राष्ट्रीय समाचार (National News),खेल,मनोरंजन,धर्म,लाइफ़स्टाइल,हेल्थ,शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।

First published on:

और पढ़ें: हमारे संपादकीय दिशानिर्देश और मानक यहाँ देखें।

लेख समाप्त

लेखक के बारे में

Namrata Mohanty

Namrata Mohanty

नम्रता मोहंती (Namrata Mohanty) न्यूज24 में एक सक्रिय कंटेंट राइटर है. मैंने अपनी पत्रकारिता की शुरुआत जी न्यूज और एबीपी जैसे संस्थानों से इंटर्नशिप करते हुए की थी. आज मैं न्यूज24 के डिजीटल डेस्क पर कार्यरत हूं. मैंने यहां अपने कार्यकाल की शुरुआत अगस्त 2024 से की थी. बीते 1 साल में मैंने कई बीट्स पर काम किया है. हेल्थ बीट से शुरुआत करते हुए आज मैं यूटिलिटी और देश-विदेश की खबरों पर भी काम कर रही हूं. हेल्थ बीट से जुड़ी खबरों में मेरा विशेष ध्यान आयुर्वेद, घरेलू उपचार, लाइफस्टाइल हेल्थ टिप्स और आधुनिक चिकित्सा पर आधारित प्रामाणिक और विशेषज्ञ-प्रामाणित जानकारी लोगों तक साझा करना रहा है. रोजमर्रा की देश और दुनिया से जुड़ी खबरों पर भी सक्रिय रूप से काम कर रही हूं. यूटिलिटी में सब्सिडी, पेंशन और योजनाओं के बारे में बताना मेरी विशेषता है. पत्रकार और कंटेंट राइटर बनकर अपने शब्दों से लोगों को सही और सटीक जानकारी बताना है. मेरी स्कूल शिक्षा दिल्ली के जानकी देवी कन्या विद्याल्य से हुई है. इसके बाद मैंने पत्रकारिता की पढ़ाई नोएडा के ISOMES मीडिया कॉलेज से की थी. आप मुझसे इन प्लेटफॉर्म्स पर जुड़ सकते हैं. @namrata0105_m Namrata Mohanty  @namratamohanty105 Namrata Mohanty
... और पढ़ें
होम पेज पर वापस जाएँ