Parliament Winter Session Day 19 Live Updates: लोकसभा-राज्यसभा कल तक के लिए स्थगित, कांग्रेस ने दोनों सदनों में किया हंगामा

Parliament Winter Session Day 19 Latest Updates: संसद के शीतकालीन सत्र का आज 19वां दिन था। कल शुक्रवार 19 दिसंबर को यह सत्र समाप्त हो जाएगा। ऐसे में आज संसद में क्या-कुछ खास हो रहा है, जानने के लिए देखें न्यूज 24 की रिपोर्ट…

Parliament Winter Session Day 19 LIVE Updates

Parliament Winter Session Day 19 Live Updates: संसद के शीतकालीन सत्र का आज 19वां दिन था। बीते दिन लोकसभा में वन नेशन वन इलेक्शन (ONOE) बिल प्रस्तुत किया गया था। विधि एवं न्याय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने ONOE बिल पेश किया था, जिसके समर्थन में 269 वोट पड़े थे। अब इस बिल को JPC (Joint Parliamentary Committee) के पास भेजा जाएगा। संसद का शीतकालीन सत्र खत्म होने में सिर्फ 2 दिन शेष हैं, वहीं आज दोनों सदनों में कांग्रेस ने अंबेडकर पर गृहमंत्री अमित शाह की टिप्पणी को लेकर हंगामा किया। आइए जानते हैं कि आज संसद में क्या कुछ खास हुआ?

विज्ञापन

LIVE UPDATES

हंगामे के चलते राज्यसभा स्थगित

बाबा साहेब अंबेडकर पर टिप्पणी के विरोध में आज कांग्रेस दोनों सदनों में आक्रामक रही। कांग्रेस ने जहां देशभर में विरोध प्रदर्शन किया, वहीं संसद में भी हंगामा किया। सदन की कार्यवाही के दौरान भी कांग्रेसी हंगामा करते रहे। इसलिए पहले लोकसभा और फिर राज्यसभा को कल तक के लिए स्थगित कर दिया गया।

कांग्रेस सांसद राहुल गांधी का बयान

राज्यसभा में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के भाषण पर लोकसभा नेता और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी का कहना है कि यह संविधान के खिलाफ है। वे शुरू से कह रहे थे कि वे संविधान बदल देंगे। वे अंबेडकर जी के खिलाफ हैं और उनकी विचारधारा का एकमात्र काम संविधान को खत्म करना है और अंबेडकर जी ने जो काम किया है वह पूरा देश जानता है।

राज्यसभा सदन में किरेन रिजिजू का भाषण

राज्यसभा को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री किरेन रिजीजू ने कांग्रेस पार्टी और विपक्षी सांसदों पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पर देश के इतिहास से अंबेडकर का नाम मिटाने की कोशिश की। कांग्रेस ने अमित शाह के राज्यसभा संबोधन की 12 सेकंड की क्लिप का इस्तेमाल किया और मुद्दे का राजनीतिकरण करने के लिए उनकी टिप्पणियों को तोड़-मरोड़ कर पेश किया। अंबेडकर ने दुखी होकर नेहरू कैबिनेट से इस्तीफा दिया था। कांग्रेस देश को गुमराह कर रही है। विपक्ष को माफी मांगनी चाहिए।

हंगामे के चलते लोकसभा सदन स्थगित

बाबा साहेब अंबेडकर पर टिप्पणी से भड़की कांग्रेस ने आज संसद में हंगामा किया। सदन की कार्यवाही शुरू होने के बाद पर कांग्रेस का हंगामा जारी रहा। इसलिए लोकसभा को कल सुबह 11 बजे तक के लिए स्थगित कर दिया गया है।

राजस्थान की डिप्टी CM दीया कुमारी का बयान

वन नेशन वन इलेक्शन' बिल पर राजस्थान की डिप्टी सीएम दीया कुमार का कहना है कि यह देश के लिए बहुत महत्वपूर्ण बिल है। आदर्श आचार संहिता लगने पर विकास कार्य रुक जाते हैं। इसलिए बेहतर होगा कि चुनाव तुरंत कराए जाएं। इससे बहुत फायदा होगा। सरकार इससे काफी पैसा बचा सकेगी।

मनोज कुमार झा का बड़ा बयान

राज्यसभा में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के भाषण पर राजद सांसद मनोज कुमार झा का बयान आया है। उनका कहना है कि सिर्फ कांग्रेस पार्टी ही नहीं, बल्कि पूरा देश गुस्से में है, उन्हें माफी मांगनी होगी। एक देश, एक चुनाव हमारे देश में था, फिर भी वह चक्र क्यों टूटा? इसकी क्या गारंटी है कि यह आज काम करेगा?

राज्यसभा में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के भाषण पर पूर्व डिप्टी सीएम और राजद नेता तेजस्वी यादव का बयान आया है। उनका कहना है कि हम केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के बयान की निंदा करते हैं। उनके हाव-भाव से बाबा साहेब अंबेडकर के प्रति उनकी मानसिकता का पता चलता है। शुरू से ही बीजेपी और आरएसएस के लोगों का एकमात्र काम नेहरू जी, अंबेडकर जी जैसे नेताओं को गाली देना है।

बाबा साहेब पर टिप्पणी पर राहुल गांधी का बयान

राहुल गांधी ने बाबा साहेब पर टिप्पणी मामले पर बयान दिया। उन्होंने कहा कि देश बाबा साहेब का अपमान नहीं सहेगा। उनका अपमान, संविधान का अपमान है।

प्रधानमंत्री मोदी ने लिखा कि अगर कांग्रेस और उसका सड़ा हुआ पारिस्थितिकी तंत्र सोचता है कि उनके दुर्भावनापूर्ण झूठ कई वर्षों के उनके बुरे कर्मों को छिपा सकते हैं, खासकर डॉ. अंबेडकर के प्रति उनके अपमान को, तो वे गंभीर रूप से गलत है। भारत के लोगों ने बार-बार देखा है कि कैसे एक वंश के नेतृत्व वाली एक पार्टी ने डॉ. अंबेडकर की विरासत को मिटाने और एससी/एसटी समुदायों को अपमानित करने के लिए हर संभव गंदी चाल चली है।

प्रधानमंत्री मोदी ने लिखा कि हमारी सरकार ने डॉ. अंबेडकर से जुड़े 5 प्रतिष्ठित स्थानों पंचतीर्थ को विकसित करने का काम किया है। दशकों से चैत्य भूमि की जमीन को लेकर मामला लंबित था। हमारी सरकार ने न केवल इस मुद्दे को सुलझाया, बल्कि मैं वहां प्रार्थना करने भी गया हूं।

अनिल विज का बिल पर बयान

'एक राष्ट्र, एक चुनाव' बिल पर हरियाणा के मंत्री अनिल विज का कहना है कि यह बहुत अच्छा फैसला है। बार-बार चुनाव कराने में बहुत समय और पैसा लगता है और बार-बार आचार संहिता लागू होने से काम की गति कम हो जाती है। पीएम मोदी देश को तेजी से विकास की ओर ले जाना चाहते हैं और इसकी राह में आने वाली सभी बाधाओं को दूर कर रहे हैं।

अंबेडकर टिप्पणी विवाद पर PM मोदी का ट्वीट

बाबा साहेब अंबेडकर पर छिड़े विवाद पर प्रधानमंत्री मोदी ने ट्वीट करके कांग्रेस को घेरा है। उन्होंने लिखा कि यह डॉ. बाबा साहेब अंबेडकर के कारण है कि हम जो कुछ भी हैं। हमारी सरकार ने पिछले दशक में डॉ. बाबा साहेब अंबेडकर के दृष्टिकोण को पूरा करने के लिए अथक प्रयास किया है।

भाजपा सांसद जगन्नाथ सरकार का बयान

वन नेशन वन इलेक्शन बिल पर भाजपा सांसद जगन्नाथ सरकार कहते हैं कि यह पूरी तरह से लोकतांत्रिक है। इसलिए यह सुनिश्चित करने के लिए कि देश का रिजर्व और कार्य दिवस बर्बाद न हों। हम बार-बार चुनाव के कारण देश को नुकसान क्यों होने दें? यह जनता का पैसा है। जनता चाहती है कि ऐसा हो, कांग्रेस जनता और देश के खिलाफ है।

अंबेडकर पर बयान पर भाजपा की अहम बैठक

राज्यसभा में संविधान पर चर्चा के दौरान मंत्री अमित शाह ने भीमराव अंबेडकर पर एक बयान दिया, जिससे कांग्रेसी भड़क गए। हंगामा बढ़ते देखकर जेपी नड्डा ने अहम बैठक बुला ली। इसमें गृह मंत्री अमित शाह, वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल, रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव समेत कई मंत्री शामिल हैं।

कांग्रेस सांसद किरण कुमार चमाला कहते हैं कि जिस तरह से अमित शाह ने कल रात राज्यसभा में बात की, उससे साफ पता चलता है कि वह संविधान लिखने वाले डॉ. बाबासाहेब अंबेडकर का नाम नहीं लेना चाहते थे। आज हमने अंबेडकर को याद करने के लिए प्रदर्शन किया, जो संविधान के स्तंभ हैं। इससे साफ पता चलता है कि बीजेपी-आरएसएस को इस देश का संविधान और तिरंगा पसंद नहीं है, उनके अपने विचार हैं जिन्हें वे लागू करना चाहते हैं लेकिन लोगों को इस बात का अहसास इन चुनाव में हो गया है।

कुमारी शैलजा का टिप्पणी पर बयान

कांग्रेस सांसद कुमारी शैलजा ने कहा कि कल आपने देखा कि केंद्रीय गृह मंत्री ने बाबा साहब अंबेडकर पर किस तरह की टिप्पणी की। संविधान देश का ग्रंथ है। अगर संविधान ग्रंथ है तो बाबा साहब भगवान से कम नहीं हैं। बाबा साहब के लिए इस तरह की ओछी मानसिकता वाली टिप्पणी बाबा साहेब, देश, देश की जनता और हमारे संविधान का अपमान है।

मल्लिकार्जुन खड़गे ने दिया बयान

संसद में गृह मंत्री के बयान पर आपत्ति जताते हुए कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि उन्होंने बाबा साहेब का अपमान किया है। RSS और मनुस्मृति के प्रति उनकी विचारधारा से साफ है कि वो बाबा साहेब का सम्मान नहीं करते हैं।

बाबा साहेब अंबेडकर पर क्या था अमित शाह का बयान?

बता दें कि बीते दिन संसद में गृह मंत्री अमित शाह ने बाबा साहेब अंबेडकर पर बयान दिया था, जिसे विपक्ष ने राजनीतिक एजेंडा बना लिया है। गृह मंत्री ने कहा था कि अभी एक फैशन हो गया है अंबेडकर-अंबेडकर-अंबेडकर कहने का, इतना नाम अगर भगवान का लेते तो सात जन्मों तक स्वर्ग मिल जाता।

PM Modi से मिले शरद पवार

NCP (शरद पवार) पार्टी के अध्यक्ष शरद पवार ने नई दिल्ली में पीएम मोदी से मुलाकात की। शरद पवार पीएम मोदी से मिलने संसद पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने किसानों की अनार से जुड़ी समस्याएं पीएम मोदी के सामने रखीं।

विपक्ष पर भड़के गिरिराज सिंह

केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह का कहना है कि बाबा साहेब का अपमान अगर किसी ने किया है तो वो कांग्रेस पार्टी है। उनको कांग्रेस ने जलील किया है। नेहरू के कारण उन्हें मंत्री परिषद से हटना पड़ा। कांग्रेस ने जघन्य अपराध किए हैं उनके साथ।

कांग्रेस ने बाबा साहेब का अपमान किया- केंद्रीय मंत्री

केंद्रीय मंत्री किरण रिजिजू ने विपक्ष पर पलटवार करते हुए अमित शाह का पक्ष रखा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने जीते जी बाबा साहेब अंबेडकर का अपमान किया था। कांग्रेस ने उन्हें कई सालों तक भारत रत्न भी नहीं दिया।

watch | In Rajya Sabha, Union Minister Kiren Rijiju says "Yesterday, Union HM Amit Shah clearly showed our sense of reverence in his speech. He also said how Congress insulted Ambedkar ji when he was alive...The Congress party did not award him with Bharat Ratna for so many… pic.twitter.com/0G6MaEG1AN
— ANI (@ANI) December 18, 2024

संविधान हमारा ग्रंथ - कुमारी शैलजा

हरियाणा से कांग्रेस सांसद कुमार शैलजा ने भी अमित शाह के बयान की आलोचना की है। उन्होंने कहा कि गृह मंत्री जी ने जिस तरह की टिप्पणी की है। हमारा संविधान हमारा ग्रंथ है और बाबा साहेब हमारे भगवान। उनका अपमान देश का अपमान है।

राज्यसभा 2 बजे तक स्थगित

संसद के उच्च सदन से बड़ी खबर सामने आ रही है। राज्यसभा की कार्यवाही दोपहर 2 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई है।

प्रमोद तिवारी ने दिया बयान

कांग्रेस सांसद प्रमोद तिवारी ने गृह मंत्री अमित शाह के भाषण पर कहा कि डॉक्टर भीमराव अंबेडकर संविधान निर्माता हैं। उन्होंने संविधान बनाया है। अमित शाह ने जिस अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल किया वो गलत है।

'अमित शाह माफी मांगो' से गूंजा परिसर

सदन के बार विपक्षी सांसद नारा देते नजर आए। उनका कहना था कि अमित शाह ने बाबा साहेब का अपमान किया है। उन्हें सदन में सबके सामने माफी मांगनी होगी। इस दौरान नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी भी मौके पर मौजूद रहीं।

सदन के बाहर विपक्ष ने लगाया नारा

संसद सत्र शुरू होने से पहले विपक्ष ने सदन के बाहर जमकर हंगामा काटा। विपक्ष के सभी सांसदों ने बाबा साहेब भीम राव अंबेडकर का पोस्टर हाथ में लेकर गृह मंत्री अमित शाह के खिलाफ नारेबाजी की।

TMC सासंद सयानी घोष का बयान वायरल

TMC सासंद सयानी घोष ने लोकसभा में केंद्र सरकार पर निशाना साधा है। सयानी ने कहा कि मोदी सरकार का पश्चिम बंगाल से अलग ही रिश्ता है। ठुकरा कर मेरा प्यार मेरा इंतकाम देखेगी वाला सीन है। वोट है तो नोट है। सयानी का यह बयान सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है।

EVM पर बोले सिंधिया

केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने EVM के मुद्दे पर विपक्ष को करार जवाब दिया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को समाजवादी पार्टी और TMC को देखना चाहिए। उन्हें कब समझ आएगा कि जिस रास्ते पर वो चल रहे हैं न वो देश की जनता चाहती हैं और न ही विपक्ष के गठबंधन साथी। मुझे और कुछ कहने की जरूरत नहीं है क्योंकि देश की जनता खुद कह रही है। महाराष्ट्र और हरियाणा में जनता ने कह दिया है। अब तो INDI गठबंधन के अंदर की उनकी सहयोगी पार्टियां भी कहने लगी हैं।

आप सासंद भी पेश करेंगे प्रस्ताव

आम आदमी पार्टी के लोकसभा सांसद मलविंदर सिंह कांग भी आज सदन में कार्य स्थगन प्रस्ताव (Adjournment Motion) प्रस्ताव पेश करेंगे। इस प्रस्ताव में वो किसान आंदोलन समेत किसान नेता जगजीत सिंह की भूख हड़ताल का मुद्दा उठाएंगे।

अमित शाह के खिलाफ कार्य स्थगन प्रस्ताव

संसद में आज गृह मंत्री अमित शाह के खिलाफ कार्य स्थगन प्रस्ताव (Adjournment Motion) लाया जाएगा। लोकसभा में कांग्रेस सांसद मणिकम टैगोर यह प्रस्ताव पेश करेंगे। नोटिस की मानें तो गृह मंत्री ने बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर का अपमान किया है, जिसके खिलाफ यह स्थगन कार्य प्रस्ताव लाया जा रहा है।

न्यूज 24 पर पढ़ें देश,राष्ट्रीय समाचार (National News),खेल,मनोरंजन,धर्म,लाइफ़स्टाइल,हेल्थ,शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।

First published on:

और पढ़ें: हमारे संपादकीय दिशानिर्देश और मानक यहाँ देखें।

लेख समाप्त
विज्ञापन
होम पेज पर वापस जाएँ